पीएम मोदी की पचपदरा सभा: 100 लाउडस्पीकर, तीन विशाल डोम, डेढ़ लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था
News In Short
- पीएम मोदी 21 अप्रैल को पचपदरा में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का करेंगे उद्घाटन।
- पहले पीएम मोदी उत्तरलाई एयरपोर्ट पर उतरेंगे, उसके बाद करेंगे रिफाइनरी का उद्घाटन।
- रिफाइनरी उद्घाटन के बाद करेंगे सभा को संबोधित, दो लाख लोगों के आने की उम्मीद।
- पचपदरा सभा के लिए 100 लाउडस्पीकर और 3 विशाल डोम तैयार किए गए हैं।
- सुरक्षा के कड़े इंतजामों के तहत पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जा रही है।
News In Detail
पीएम नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को राजस्थान के पचपदरा में बीएस-6 मानक वाली एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड का उद्घाटन करेंगे। इस बड़े अवसर को लेकर प्रशासन और भाजपा युद्धस्तर पर तैयारियों में जुट गए हैं। सभा स्थल पर तीन विशाल डोम बनाए जा रहे हैं, जिन्हें क्रेनों की मदद से खड़ा किया जा रहा है। इस काम में 400 से अधिक मजदूर दिन-रात लगे हुए हैं।
100 लाउडस्पीकर और विशाल डोम
सभा स्थल पर 100 से अधिक लाउडस्पीकर लगाए जा रहे हैं, ताकि पांडाल के अंतिम छोर पर बैठे लोगों को भी प्रधानमंत्री की आवाज़ स्पष्ट रूप से सुनाई दे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के अनुसार इस सभा में लगभग दो लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद हैं। तीनों डोम में से प्रत्येक में 35 ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। एक ब्लॉक में 1600 लोग बैठ सकेंगे। इस तरह से कुल मिलाकर डेढ़ लाख से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
सैकड़ों पंखे और कूलर, तीन बड़ी एलईडी स्क्रीन
गर्मी के मौसम को देखते हुए आयोजकों ने सैकड़ों पंखे और लगभग 100 कूलर मंगवाए हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके। साथ ही, पांडाल के अंदर और बाहर तीन बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जिन पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि यह आयोजन अब तक के सबसे भव्य आयोजनों में से एक होगा, जिसमें बालोतरा, बाड़मेर और आसपास के सभी जिलों से लोग रिकॉर्ड संख्या में पहुँचेंगे।
10 से 15 हजार टू व्हीलर और 4 हजार कारों की पार्किंग
बालोतरा जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव ने बताया कि सभा स्थल पर 10 से 15 हजार छोटे वाहनों (टू व्हीलर) और लगभग 4 हजार बड़े वाहनों (कारों) की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। विभिन्न मार्गों से आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं, ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति न हो।
एक किलोमीटर के दायरे में ही वाहनों की पार्किंग रहेगी, जिससे लोगों को पैदल चलकर सभा स्थल तक पहुँचने में आसानी होगी। प्रशासन ट्रैफिक, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।
उत्तरलाई एयरपोर्ट से हेलीपैड तक
राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को एक विशेष विमान से बाड़मेर के उत्तरलाई एयरपोर्ट पर पहुँचेंगे। बाड़मेर प्रशासन ने एयरपोर्ट पर सभी तैयारियाँ लगभग पूरी कर ली हैं। वहाँ से पीएम मोदी हेलिकॉप्टर के माध्यम से पचपदरा रिफाइनरीके हेलीपैड पर उतरेंगे।
इसके बाद वह लगभग एक घंटे तक रिफाइनरी के संपूर्ण प्रोसेस का निरीक्षण करेंगे और उन्नत तकनीक के बारे में जानकारी लेंगे। इस दौरान पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी और एचपीसीएल के उच्चाधिकारी मौजूद रहेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर पर दो लाख से अधिक कार्यकर्ता और आमजन सभा में शामिल होंगे। रिफाइनरी का उद्घाटन पश्चिमी राजस्थान के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियाँ तैनात की जा रही हैं। सभी एंट्री पॉइंट्स पर मेटल डिटेक्टर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे समय पर पहुँचें और यातायात नियमों का पालन करें।
ये भी पढ़े:-
जनगणना में तैनात 1.60 लाख कर्मचारियों के तबादलों पर रोक लगाने की तैयारी, सरकार को लिखा पत्र
भिवाड़ी में श्रमिक आंदोलन उग्र, वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों मजदूर
राजस्थान विधानसभा में विदेशी मेहमानों का जमावड़ा, 17 देशों के 43 प्रतिनिधि सीखेंगे विधायी गुर