जोधपुर को मिली नए टर्मिनल की सौगात, पीएम मोदी ने किया उड़ान योजना का शुभारंभ
समझें क्या है पूरा मामला
- PM नरेन्द्र मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के 480 करोड़ के नए टर्मिनल का किया उद्घाटन।
- संशोधित उड़ान योजना का देशव्यापी शुभारंभ, 28,840 करोड़ का बजट आवंटित।
- 23 हजार वर्ग मीटर में फैला नया टर्मिनल, 20 लाख यात्रियों की होगी क्षमता।
- राजस्थानी वास्तुकला से प्रेरित भवन, ऊर्जा-जल संरक्षण का रखा गया ध्यान।
- 100 नए हवाई अड्डे, 200 हेलीपैड, 10 हजार करोड़ की VGF सहायता का लक्ष्य।
Jodhpur: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने संशोधित उड़ान योजना का भी देशव्यापी शुभारंभ किया।
लगभग 480 करोड़ रुपए की लागत से तैयार यह टर्मिनल भवन 23 हजार वर्ग मीटर में फैला हुआ है। स्थापत्य कला के लिहाज से यह भवन राजस्थान की पारंपरिक वास्तुकला से प्रेरित है। यह भवन यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को प्रदेश की सांस्कृतिक झलक दिखाएगा।
इस समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय विमानन मंत्री के. राममोहन नायडूतथा केन्द्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल भी उपस्थित थे।
प्रतिवर्ष 20 लाख यात्री आसानी से आ जा सकेंगे
जोधपुर एयरपोर्ट का यह नया टर्मिनल अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित है। यहां से प्रतिवर्ष 20 लाख यात्री आसानी से आवागमन कर सकेंगे।
आधुनिकता के साथ-साथ इस भवन के निर्माण में पर्यावरण का भी ध्यान रखा गया है। ऊर्जा दक्षता, कुशल जल संरक्षण और हरित भवन निर्माण पद्धतियों को इसके डिजाइन का हिस्सा बनाया है।
28,840 करोड़ से बदलेगी उड्डयन क्षेत्र की तस्वीर
पीएम मोदी ने संशोधित उड़ान योजना का ऐलान किया है। इसके तहत रीजनल एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर फोकस किया जा रहा है।
इस योजना के तहत 28 हजार 840 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। इसके माध्यम से अगले 10 वर्षों में देश के विमानन आधारित विकास को एक नई गति दी जाएगी।
100 नए हवाई अड्डे और 200 आधुनिक हेलीपैड का लक्ष्य
इस संशोधित योजना देश की मौजूदा हवाई पट्टियों को अपग्रेड कर 100 नए हवाई अड्डों के रूप में विकसित करने पर विशेष बल दिया गया है।
देश के अत्यंत दूरस्थ, पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन के लिए 200 आधुनिक हेलीपैड का निर्माण प्रस्तावित है।
सरकार द्वारा एयरलाइन कंपनियों को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) सहायता जारी रखी जाएगी।
ये भी पढ़ें:-
पीएम नरेंद्र मोदी का राजस्थान दौरा, पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन किया
पचपदरा रिफाइनरी परिसर में ड्रोन पर रोक, नो फ्लाई जोन घोषित
पचपदरा रिफाइनरी अग्निकांड: प्रोजेक्ट पर घटिया सामग्री का ग्रहण, NIA ने नकारी साजिश की बात
PM मोदी करेंगे जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास, चार जुलाई की तारीख तय