पीएमश्री स्कूलों में 4332 पदों पर होगी भर्ती, 18-19 जून को इंटरव्यू
समझें क्या है पूरा मामला
- राजस्थान में PM SHRI स्कूलों के तहत 4332 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू।
- 18 और 19 जून को सुबह 10 बजे से ऑनलाइन इंटरव्यू किए जाएंगे आयोजित।
- चयन 50 अंकों के साक्षात्कार के आधार पर होगा, जिसमें विषय ज्ञान और अनुभव शामिल हैं।
- अभ्यर्थियों को 16 जून शाम 5 बजे तक अपने दस्तावेज ई-मेल से भेजने होंगे।
- चयनित शिक्षकों को गृह जिले में तैनाती का लाभ मिलने की है संभावना।
राजस्थान शिक्षकों के लिए PM SHRI (PM Schools for Rising India) स्कूलों में भर्ती का बड़ा मौका आया है। 4332 पदों के लिए 18 और 19 जून को सुबह 10 बजे से ऑनलाइन साक्षात्कार होंगे।
इस भर्ती को गृह जिले में बैंक डोर एंट्री का जरिया माना जा रहा है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने जिला, मंडल और राज्य स्तरीय समितियां गठित की हैं। चयन 50 अंकों के साक्षात्कार पर आधारित होगा।
कैसे भेजें दस्तावेज
जो शिक्षक इस भर्ती में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें मंगलवार 16 जून शाम 5 बजे तक अपने शैक्षणिक, प्रशिक्षण और अनुभव संबंधी प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां संबंधित नियुक्ति अधिकारी के विभागीय ई-मेल पर भेजनी होंगी।
दस्तावेज सत्यापन के बाद पात्र अभ्यर्थियों को ऑनलाइन साक्षात्कार की तिथि, समय और लिंक भेजा जाएगा। उसी लिंक से इंटरव्यू में शामिल होना होगा।
50 अंकों का इंटरव्यू - ऐसे होगा विभाजन
साक्षात्कार कुल 50 अंकों का होगा। इसमें विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी के लिए 20 अंक, संबंधित विषय और पद से जुड़े ज्ञान के लिए 20 अंक और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन के अनुभव के लिए 10 अंक रखे गए हैं।
राज्य स्तरीय पदों के लिए संयुक्त या उप निदेशक की अध्यक्षता में, मंडल स्तरीय पदों के लिए संयुक्त निदेशक की अध्यक्षता में और जिला स्तरीय पदों के लिए DEO (District Education Officer) माध्यमिक की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति इंटरव्यू लेगी।
किन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती में प्राचार्य के 99 पद, उप प्राचार्य के 267 पद, व्याख्याताओं के 1788 पद और वरिष्ठ अध्यापक के 1053 पद शामिल हैं। इसके अलावा तृतीय श्रेणी शिक्षक लेवल-1 के 243 और लेवल-2 के 255 पद हैं।
वरिष्ठ शारीरिक शिक्षा अध्यापक के 67 और शारीरिक शिक्षा अध्यापक के 23 पद हैं। पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड-2 के 75 और ग्रेड-3 के 72 पद हैं। वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक के 139 और बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक के 155 पद हैं। वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक के 48 और प्रयोगशाला सहायक के 48 पद हैं।
किसे मिलेगा गृह जिले का फायदा
शिक्षा विभाग ने प्राचार्य, उप प्राचार्य और व्याख्याताओं को प्रदेश भर में आवेदन की छूट दी है। वरिष्ठ अध्यापक, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक, वरिष्ठ पुस्तकालयाध्यक्ष, वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक और वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशकों को कार्यरत मंडल के किन्हीं भी दो जिलों में आवेदन की सुविधा दी गई है।
इससे हजारों शिक्षकों को गृह जिले में आवेदन का अवसर मिला है।
ग्रेड थर्ड शिक्षकों को नहीं मिलेगा फायदा
हालांकि सबसे लंबे समय से तबादले का इंतजार कर रहे ग्रेड थर्ड शिक्षकों को यहां भी राहत नहीं मिली। उन्हें कार्यरत जिले में ही आवेदन करना होगा।
यही बाध्यता बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक, पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड-3 और प्रयोगशाला सहायकों पर भी लागू है।
5 साल तक रह सकेंगे गृह जिले में
चयनित शिक्षकों की नियुक्ति पहले 3 साल के लिए होगी। आवश्यकतानुसार इसे 2 साल और बढ़ाकर कुल 5 साल तक किया जा सकेगा।
इस तरह एक बार गृह जिले में आने के बाद शिक्षक 5 साल तक वहां रह सकेंगे।
FAQ
- PM SHRI स्कूल भर्ती में इंटरव्यू कब और कैसे होगा?
18 और 19 जून को सुबह 10 बजे से ऑनलाइन साक्षात्कार होंगे। पहले दस्तावेज सत्यापन होगा। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों को ऑनलाइन लिंक भेजा जाएगा जिससे वे इंटरव्यू में शामिल होंगे। - PM SHRI भर्ती में 50 अंकों का विभाजन कैसे होगा?
20 अंक विभागीय योजनाओं की जानकारी के लिए, 20 अंक विषय और पद से जुड़े ज्ञान के लिए और 10 अंक योजनाओं के क्रियान्वयन के अनुभव के लिए दिए जाएंगे। तीन सदस्यीय समिति इंटरव्यू लेगी। - PM SHRI भर्ती में ग्रेड थर्ड शिक्षकों को गृह जिला मिलेगा या नहीं?
नहीं। ग्रेड थर्ड शिक्षकों को कार्यरत जिले में ही आवेदन की बाध्यता है। बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक, पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड-3 और प्रयोगशाला सहायकों पर भी यही नियम लागू है।
ये खबर भी पढे़:-
दोस्त को मारा, फिर व्हाट्सएप पर लिखा हरिशंकर लापता है, अब पुलिस ने खोला राज
रिफाइनरी का मोदी 4 जुलाई को कर सकते हैं उद्घाटन, विस्फोट से टला था कार्यक्रम
RE-NEET पेपर दिलाने का दिया झांसा, 1500 से अधिक छात्रों से ठगी
पर्यवेक्षक महिला भर्ती 2026 में लापरवाही पड़ सकती है भारी, बोर्ड ने दी चेतावनी