बच्चों के हक का दूध बेचा जा रहा था मावा भट्टियों को, सामोद में पकड़ा गया पिकअप

Jageshwar prasad | Jul 29, 2026, 14:18 IST
सरकारी स्कूलों में बच्चों के दूध पर डाका, जयपुर में 3000 किलो मिल्क पाउडर से भरी पिकअप जब्त।
राजस्थान में जयपुर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 3000 किलो सरकारी दूध पाउडर से भरी एक पिकअप जब्त की है। यह दूध पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के तहत सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए था।

समझें क्या है पूरा मामला

  • स्कूली बच्चों के मिड-डे मील का दूध पाउडर की कालाबाजारी।
  • पुलिस ने पिकअप से बरामद किया 3000 किलो दूध पाउडर।
  • बच्चों का दूध पाउडर मावा भट्टियों तक पहुंचाने की थी योजना।
  • अप्रैल से स्कूलों में नहीं मिल रहा दूध, अब पकड़ा गया नेटवर्क।
  • श्रीगंगानगर, भीलवाड़ा और जयपुर डेयरी का था मिल्क पाउडर।

राजस्थान की राजधानी जयपुर के ग्रामीण इलाके में सरकारी योजनाओं के तहत स्कूली बच्चों को बांटे जाने वाले दूध पाउडर की कालाबाजारी का एक बड़ा और गंभीर मामला सामने आया है।



जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद मीणा के निर्देशन में डीएसटी (DST) और सामोद थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। जिसमें करीब 3 हजार किलो मिल्क पाउडर से लदी एक पिकअप गाड़ी को जब्त किया है।



मामला इसलिए भी संगीन हो जाता है क्योंकि प्रदेश के कई सरकारी स्कूलों में अप्रैल माह के बाद से मिड-डे मील योजना के तहत बच्चों को दूध नहीं मिल पा रहा था।



मावा भट्टियों को बेचा जाना था बच्चों का दूध

प्रारंभिक पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के तहत सरकारी विद्यालयों में नि:शुल्क बांटने के लिए आया यह मिल्क पाउडर मावा भट्टियों तक पहुंचाया जाना था।



योजना के नियमानुसार इस मिल्क पाउडर का व्यावसायिक इस्तेमाल या खुले बाजार में बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित है। पुलिस ने गाड़ी से बरामद पैकेट्स का निरीक्षण किया तो वे श्रीगंगानगर, भीलवाड़ा और जयपुर डेयरी द्वारा निर्मित पाए गए।



पुलिस की घेराबंदी और संदिग्धों से पूछताछ

सामोद थाना प्रभारी हेमराज सिंह, वृत्ताधिकारी शिवा शर्मा और डीएसटी प्रभारी सुहेल खान की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पिकअप को रुकवाकर जांच की तो पूरा माजरा उजागर हुआ।



पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह स्टॉक किस ब्लॉक, स्कूल या गोदाम से बाहर निकला। इसमें शिक्षा विभाग या डेयरी के कौन-कौन से अधिकारी/कर्मचारी शामिल हैं।



ये भी पढ़ें:-

नामी दवाओं की डुप्लीकेट पैकिंग, बिना बिल खरीदी, 3 राज्यों में फैला नेटवर्क



चरमराया पुलिस मुख्यालय का एंटी-करप्शन नेटवर्क, नो-रिप्लाई मोड में सिस्टम



RGHS में भ्रष्टाचार को लेकर 3 महीने में 51 अस्पताल निलंबित, 24 पर जुर्माना



6 साल की बच्ची की मौत, चांदीपुरा वायरस की आशंका, 40 के सैंपल लिए



Tags:
  • शिक्षा विभाग
  • सरकारी स्कूल
  • मिड-डे मील
  • पन्नाधाय बाल गोपाल योजना
  • दूध पाउडर की कालाबाजारी