जनता करेगी असली मूल्यांकन, मेरा सार्वजनिक जीवन बेदाग, जानिए पंजाब के राज्यपाल कटारिया ने ऐसा बयान क्यों दिया

Ashish Bhardwaj | Apr 06, 2026, 18:42 IST
Photograph: (the sootr)
पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने लगातार उदयपुर दौरे पर अपनी आलोचनाओं पर कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन बेदाग रहा है। कौन अच्छा है और कौन बुरा, इसका असली मूल्याकंन जनता ही करेगी।

News In Short

  • पंजाब के राज्यपाल कटारिया ने लगातार उदयपुर दौरे पर आलोचनाओं को लेकर दी सफाई।
  • कटारिया ने कहा, सार्वजनिक जीवन में अच्छे-बुरे का असली मूल्यांकन जनता ही करेगी।
  • कटारिया बोले, कुछ लोगों की पीड़ा कहीं और है, समय ही इसका इलाज करेगा।
  • कटारिया ने उदयपुर से जुड़ाव पर कहा, यह जुड़ाव हमेशा रहेगा, क्योंकि यह स्थायी।
  • कटारिया ने कहा, विरोध या असहमति को सामने आकर बताना चाहिए।

News In Detail

Udaipur: पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने लगातार उदयपुर दौरे पर उनकी आलोचनाओं पर सोमवार को खुलकर बात की। कटारिया ने मीडिया से बातचीत के दौरान स्पष्ट किया कि वे इन आरोपों को गंभीरता से नहीं लेते। सार्वजनिक जीवन में रहने वाले व्यक्ति का असली फैसला जनता की अदालत में ही होता है।



कटारिया राजस्थान के दिग्गज भाजपा नेता रहे हैं। वे अभी पंजाब के राज्यपाल हैं। कुछ लोगों ने उदयपुर में उनके लगातार दौरों को लेकर सवाल उठाए हैं। इस मामले में उनकी राष्ट्रपति से शिकायत भी की गई है।



पंजाब राज्यपाल के लगातार उदयपुर दौरे पर उठे सवाल, राष्ट्रपति को भेजी शिकायत



कटारिया बोले, इलाज समय ही करेगा

उदयपुर दौरे पर अपनी आलोचनाओं पर कटारिया ने कहा कि बिना नाम लिए निशाना भी साधा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की पीड़ा कहीं और है, लेकिन वे उसे अलग तरीके से पेश कर रहे हैं। सार्वजनिक जीवन में साहस चाहिए। ऐसी स्थितियों का इलाज केवल समय ही करता है।



40-50 साल का सार्वजनिक जीवन बेदाग

अपनी राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए कटारिया ने कहा कि वे किसी बड़े राजघराने या रसूखदार परिवार से नहीं आते हैं। वे एक सामान्य पृष्ठभूमि से निकलकर 40-50 साल से जनता के बीच सक्रिय हैं। उन्होंने गर्व से कहा कि उनके इतने लंबे सार्वजनिक जीवन पर आज तक कोई दाग नहीं लगा है। उन्होंने हमेशा ईमानदारी को ही अपनी पूंजी माना है।



संवैधानिक पद और उदयपुर से जुड़ाव

उदयपुर में उनकी लगातार सक्रियता उठ रहे सवालों पर कटारिया ने कहा कि पद अस्थायी होता है, लेकिन जनता के साथ संबंध स्थायी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उदयपुर से उनका भावनात्मक जुड़ाव है जो हमेशा बना रहेगा।



कटारिया ने दावा किया कि वे चंडीगढ़ में रहते हुए भी लगातार पंजाब के आम लोगों से संपर्क में हैं। उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति जनता से उनके कामकाज की सच्चाई पूछ सकता है।



पार्टी राजनीति पर चुप्पी, विकास कार्यों की सराहना

कटारिया ने संवैधानिक पद की मर्यादा का हवाला देते हुए भाजपा की वर्तमान स्थिति पर सीधा कमेंट करने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने उदयपुर के वर्तमान शहर विधायक ताराचंद जैन के कार्यों की सराहना की और कहा कि विकास कार्यों के मामले में जनता का भरोसा उनके साथ है।



क्या है पूरा विवाद?

उदयपुर की राजनीति में हाल ही में तब उबाल आया, जब मावली के पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी ने सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में कटारिया का विरोध दिखाया गया था। उनके अलावा भाजपा नेता विजय प्रकाश विप्लवी ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर राज्यपाल के दौरों और उनके प्रोटोकॉल पर सवाल उठाए थे।



कटारिया ने साफ कहा कि वे विरोध को असहमति के रूप में देखते हैं। किसी भी चुनौती से पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने विरोधियों को नसीहत दी कि यदि किसी को कोई तकलीफ है तो सामने आकर बात करनी चाहिए, क्योंकि मैदान छोड़ देना समाधान नहीं है।



ये भी पढे़:-

नेवी लेफ्टिनेंट अंशु राठौड़ की सड़क हादसे में मौत, पांच पीढ़ियों में थी पहली सैन्य अधिकारी



सरहदी और नए जिलों में क्यों पिछड़ रही जन-धन योजना, जानिए पूरा मामला



अब 200 किमी की रफ्तार पर भी वाहन का कटेगा टोल, जयपुर-दिल्ली हाईवे बनेगा नो स्टॉप कॉरिडोर



राजनीतिक नियुक्तियों में वफादारों को मिले जगह, अवसरवादियों को नहीं, वसुंधरा राजे ने सरकार को दी सलाह



Tags:
  • उदयपुर
  • भाजपा नेता
  • गुलाबचंद कटारिया
  • पंजाब
  • विधायक ताराचंद जैन