क्या राहुल की तारीफ से डोटासरा-जूली युग की हो रही शुरुआत, जानिए पुष्कर शिविर का पूरा संदेश

Mukesh Sharma | Jun 02, 2026, 15:51 IST
Photograph: (the sootr)
राहुल गांधी की मौजूदगी में संपन्न हुआ पुष्कर शिविर राजस्थान की राजनीति के लिए नया संदेश दे गया। राहुल ने डोटासरा-जूली जोड़ी की तारीफ कर कांग्रेस गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।

पुष्कर में कांग्रेस जिलाध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर ने राजस्थान की राजनीति में एक नए युग की आहट दे दी है। राहुल गांधी की मौजूदगी में हुए इस शिविर में जहां एक ओर 2028 में सत्ता वापसी का रोडमैप तैयार हुआ, वहीं दूसरी ओर पार्टी के भीतर शक्ति संतुलन और भविष्य के नेतृत्व को लेकर बेहद स्पष्ट संदेश दिए गए।



यह शिविर केवल संगठनात्मक व विचारधारा का ट्रेनिंग प्रोग्राम नहीं था, बल्कि राजस्थान कांग्रेस के भीतर नए समीकरणों को स्थापित करने और पुरानी गुटबाजी को दफन करने का एक बड़ा राजनीतिक मंच साबित हुआ है।



इस पूरे शिविर का सबसे बड़ा टेकअवे (हासिल) पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व को राहुल गांधी का खुला समर्थन रहा। राहुल ने न केवल दोनों नेताओं की पीठ थपथपाई, बल्कि सार्वजनिक रूप से उनके तालमेल की तारीफ करते हुए इसे पूरे देश की कांग्रेस के लिए एक मॉडल बताया।



​समन्वय की नई लक्ष्मण रेखा

पिछले कुछ साल में राजस्थान कांग्रेस ने अशोक गहलोत और सचिन पायलट के रूप में दो समानांतर शक्ति केंद्रों की जो कड़वाहट झेली थी, उसकी भरपाई डोटासरा और जूली की जोड़ी करती दिख रही है।



राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन दोनों नेताओं ने अपनी जिम्मेदारियों की एक स्पष्ट लक्ष्मण रेखा तय की है। ​दोनों नेताओं ने कभी एक-दूसरे के अधिकार क्षेत्र में दखल देने की कोशिश नहीं की।



डोटासरा ने सदन के भीतर जूली के नेतृत्व को हमेशा पूरा सम्मान दिया। वहीं जूली ने भी हर मंच से संदेश दिया कि सरकार के खिलाफ हर लड़ाई संगठन और पीसीसी चीफ के नेतृत्व में ही लड़ी जाएगी।



दिल्ली दरबार (मल्लीकार्जु खड़गे, राहुल गांधी) में भी दोनों ने कभी एक-दूसरे की शिकायत करने की बजाय संयुक्त रणनीति पर बात की। इसी वजह से पार्टी के भीतर अब इन्हें जय और वीरू की जोड़ी के तौर पर देखा जाने लगा है, जिस पर आलाकमान ने अब अंतिम मुहर लगा दी है।



​शिविर में अशोक गहलोत की अनुपस्थिति

​शिविर के आखिरी दिन जब राहुल गांधी भविष्य की रणनीति पर वरिष्ठ नेताओं के साथ बंद कमरे में मंथन कर रहे थे, तब राजस्थान कांग्रेस के सबसे अनुभवी और प्रभावशाली चेहरे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नदारद होना राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा चर्चा का विषय बन गया।



​गहलोत राहुल के आने से एक दिन पहले शिविर में शामिल हुए थे और जिलाध्यक्षों से संवाद भी किया था। सोमवार को जब राहुल पुष्कर आ रहे थे, तब गहलोत उनका स्वागत करने किशनगढ़ एयरपोर्ट भी पहुंचे। लेकिन राहुल की अगवानी करने के बाद वह पुष्कर जाने के स्थान पर जयपुर लौट आए।



​करीबी सूत्रों के अनुसार किशनगढ़ एयरपोर्ट पर ही गहलोत ने राहुल गांधी को अपने स्वास्थ्य और थकान का हवाला देते हुए वापस लौटने की जानकारी दे दी थी। राहुल ने भी उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा था।


भले ही आधिकारिक तौर पर इसे स्वास्थ्य और थकान से जोड़ा जा रहा हो, लेकिन पार्टी के भीतर दबी जुबान में इसके अलग-अलग सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।



जब आलाकमान प्रदेश के भविष्य के नेतृत्व और फीडबैक के लिए बैठा हो, तब सबसे वरिष्ठ नेता का वहां न होना कई तरह की अटकलों को जन्म देता है। राजनीतिक पंडित इसे राजस्थान की राजनीति में आ रहे पीढ़ीगत बदलाव के प्रति एक मूक संकेत के रूप में भी देख रहे हैं।



परिक्रमा और चापलूसी संस्कृति से राहुल खुश नहीं

​पुष्कर शिविर में राहुल गांधी का एक बेहद अनोखा रूप देखने को मिला। उन्होंने कांग्रेस के पारंपरिक दरबारी कल्चर पर कड़ा प्रहार करने के लिए भाषणबाज़ी की बजाय नाटक का सहारा लिया, जिसने नेताओं को झकझोर कर रख दिया।



राहुल गांधी का संदेश: परिक्रमा बंद करो ➔ जमीन पर काम करो


│


├─► गोविंद डोटासरा को 'आशीर्वाद मुद्रा' में खड़ा किया


├─► कुछ नेताओं को 'चापलूसी और दंडवत' करने को कहा


└─► रामलाल जाट से डोटासरा की 'कुर्सी खींचने' को कहा



इस नाटक के जरिए राहुल ने साफ संदेश दिया कि जो नेता नेताओं के चक्कर काटते हैं या चापलूसी करते हैं, वे संगठन को कमजोर कर रहे हैं।



पूर्व मंत्री रामलाल जाट से कुर्सी खिंचवाकर राहुल ने दिखाया कि पद के लिए नेताओं के बीच कैसी अनैतिक खींचतान होती है।



नाटक के अंत में राहुल ने नेताओं से सीधा सवाल किया- क्या इतनी गिरावट दिखाने वाले नेताओं को जनता कभी वोट देगी? उन्होंने साफ किया कि वे इस परिक्रमा संस्कृति को पूरी तरह खत्म करना चाहते हैं।



शिव बनाम विष्णु और विराट कोहली की तपस्या

​अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने के लिए धार्मिक और समकालीन उदाहरणों का बखूबी इस्तेमाल किया।



​राहुल ने कांग्रेस की तुलना शिव से और भाजपा की तुलना विष्णु से की। उन्होंने कहा कि शिव सादगी, तपस्या, निडरता और शून्यता के प्रतीक हैं। कांग्रेस को इसी तरह सादगी और समर्पण के मार्ग पर चलना चाहिए, जहां हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता को समान स्थान और सम्मान मिले। शिवजी का संदेश है- डरो मत और सभी का सम्मान करो।



उन्होंने भगवान विष्णु का हवाला देते हुए भाजपा को वैभव,संसाधनों और केवल ध्यान आकर्षित करने (Attraction) की राजनीति से जुड़ा हुआ बताया।


​


​क्रिकेटर विराट कोहली का उदाहरण देते हुए राहुल ने कहा कि कोहली की आज जो सफलता है, वह उनकी सालों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और तपस्या का परिणाम है। कांग्रेस नेताओं को भी चमक-दमक की राजनीति छोड़कर जमीन पर ऐसी ही तपस्या और मेहनत करनी होगी, क्योंकि भाजपा केवल इवेंट मैनेजमेंट के जरिए ध्यान भटकाने की राजनीति करती है।



क्या हैं राहुल के दौरे के संकेत?

​पुष्कर के इस 10 दिवसीय शिविर और राहुल गांधी के बयानों से राजस्थान कांग्रेस का भविष्य का खाका पूरी तरह साफ हो गया है:



जिलाध्यक्षों की भूमिका बढ़ेगी: कांग्रेस में अब सभी स्तर के टिकट देने में जिलाध्यक्षों की भूमिका बढ़ेगी। राहुल गांधी चाहते हैं कि विधानसभा व लोकसभा के टिकट दिल्ली में तय ना होकर राज्य में ही तय हों। इस प्रक्रिया में जिलाध्यक्षों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।



मजबूत जिलाध्यक्ष ही बनेगा अगला प्रदेश अध्यक्ष:कांग्रेस में राहुल गांधी के नजदीकी सूत्रों के अनुसार आने वाले समय में जिला अध्यक्षों की भूमिका बेहद अहम होने वाली है। आने वाले समय में जिला अध्यक्ष के तौर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला जिला अध्यक्ष ही प्रदेश अध्यक्ष बनेगा।



आलाकमान का पूर्ण भरोसा: डोटासरा और जूली के नेतृत्व पर दिल्ली का भरोसा अब अडिग है। फिलहाल राजस्थान कांग्रेस में किसी भी तरह के नेतृत्व परिवर्तन या शक्ति संतुलन को बदलने की अटकलों पर विराम लग गया है।



​कद में इजाफा: राहुल गांधी द्वारा सरेआम की गई तारीफ के बाद प्रदेश की राजनीति में डोटासरा और जूली का कद बहुत बढ़ गया है, जिससे गुटबाजी करने वाले नेताओं को कड़ा संदेश गया है।



​मिशन 2028 की तैयारी: कांग्रेस अब किसी एक चेहरे के भरोसे रहने की बजाय 'संगठन + विपक्ष' की संयुक्त ताकत (डोटासरा-जूली की जोड़ी) के सहारे 2028 के विधानसभा चुनाव का रोडमैप तैयार करेगी।



पुष्कर का प्रशिक्षण शिविर राजस्थान कांग्रेस के लिए एक टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है। राहुल ने साफ कर दिया है कि भविष्य की कांग्रेस में जगह चापलूसी से नहीं, बल्कि ज़मीनी तपस्या से मिलेगी।



ये भी पढ़ें:-

खराब सेहत का बहाना बनाकर 2 साल तक बेल लेता रहा आसाराम, आखिर हाई कोर्ट ने क्यों खींची लक्ष्मण रेखा



15 पेपर लीक माफियाओं की मोस्ट वांटेड लिस्ट जारी, केवल 10-10 हजार का इनाम



स्कूल लेक्चरर परीक्षा में खाली रह गईं कुर्सियां, आधे से भी कम अभ्यर्थी पहुंचे



राजस्थान में ऊंची इमारतों का रास्ता साफ, बिल्डिंग बायलॉज में बड़ा बदलाव





Tags:
  • सचिन पायलट
  • राहुल गांधी
  • विराट कोहली
  • राजस्थान कांग्रेस
  • पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा
  • अशोक गहलोत
  • टीकाराम जूली