राजस्थान के सरकारी स्कूलों में 77 हजार गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति, जानें भर्ती प्रक्रिया
समझें क्या है पूरा मामला
- राजस्थान सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने जा रही।
- 76 हजार 791 पदों पर गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति होगी।
- यह सारी नियुक्तियां विद्या संबल योजना के तहत होगी।
- गेस्ट फैकल्टी का चयन मेरिट के आधार पर तय होगा।
- पद के अनुसार अलग-अलग मानदेय भी मिलेगा।
राजस्थान के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भजनलाल सरकार ने बड़ा कदम उठाया। चालू शैक्षणिक सत्र में 76 हजार 791 रिक्त पदों पर विद्या संबल योजना के तहत शिक्षकों की अस्थायी नियुक्ति की जाएगी।
इसका मकसद लंबे समय से खाली पड़े पदों के कारण प्रभावित हो रही छात्रों की पढ़ाई को रफ्तार देना है। साथ ही सरकारी स्कूलों में पढ़ाई को मजबूत करना है।
राजस्थान के स्कूलों में 76 हजार गेस्ट फैकल्टी की भर्ती
मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने सभी जिला कलक्टरों को योजना को पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर लागू करने के निर्देश दिए हैं। नियमित समीक्षा कर यह पक्का करने को भी कहा गया है कि जरूरत वाले स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता समय पर हो।
राजस्थान शिक्षा विभागशाला दर्पण पोर्टल के अगस्त के आंकड़ों के अनुसार राज्य में 51 हजार 877 वरिष्ठ अध्यापकों और 15 हजार 227 व्याख्याताओं के पद रिक्त हैं।
मेरिट के आधार पर होगा शिक्षकों का चयन
राजस्थान के सरकारी स्कूलों में गेस्ट फैकल्टी के चयन के लिए जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति बनाई जाएगी। न्यूनतम शैक्षणिक परीक्षा में हासिल अंकों के आधार पर वरीयता सूची तैयार होगी। हर रिक्त पद के लिए यथासंभव तीन अभ्यर्थियों का पैनल तैयार किया जाएगा।
रिटायर्ड शिक्षक और पात्र नए अभ्यर्थी दोनों आवेदन कर सकेंगे। नियुक्ति केवल मंजूर रिक्त पद के लिए पूरी तरह अस्थायी आधार पर होगी।
गेस्ट फैकल्टी को पद के मुताबिक मानदेय मिलेगा
व्याख्याता यानी ग्रेड-I को 400 रुपए हर पीरियड, अधिकतम 30 हजार रुपए हर महीने मानदेय के तौर पर मिलेगा। वरिष्ठ अध्यापक यानी ग्रेड-II को 350 रुपए प्रति पीरियड, अधिकतम 25 हजार रुपए हर महीने मिलेंगे।
प्रथम और द्वितीय स्तर के शिक्षक यानी ग्रेड-III को 300 रुपए प्रति पीरियड, अधिकतम 21 हजार रुपए महीना मिलेगा। अनुदेशक और प्रयोगशाला सहायकों के लिए भी 300 रुपए प्रति पीरियड का प्रावधान रखा गया है।
शिक्षकों की नियमित नियुक्ति होते ही खत्म होगी सेवा
गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति केवल एक शैक्षणिक सत्र या सेमेस्टर के लिए होगी। जिस पद के विरुद्ध गेस्ट फैकल्टी लगाई जाएगी, उस पर नियमित नियुक्ति होते ही उसकी सेवा अपने आप खत्म मानी जाएगी।
इस व्यवस्था के आधार पर भविष्य में नियमित नियुक्ति का दावा नहीं किया जा सकेगा। कार्य की नियमित मॉनिटरिंग होगी और संतोषजनक कार्य के आधार पर ही भुगतान किया जाएगा।
शिक्षक संघ रेस्टा के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि रिक्त पदों पर अस्थायी नियुक्ति से छात्रों को राहत मिलेगी, लेकिन गेस्ट फैकल्टी की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि पूर्व में बेहतर बोर्ड परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को तरजीह दी जाए।
कोर्स पूरा करना होगी बड़ी चुनौती
स्कूलों में नया सेशन शुरू हुए करीब 5 महीने हो चुके हैं। इस दौरान प्रथम और द्वितीय टेस्ट भी हो चुके हैं और अक्टूबर में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।
ऐसे में नियुक्ति प्रोसेस पूरी होने में करीब एक महीने लगने पर शिक्षकों के पास पाठ्यक्रम पूरा कराने के लिए सीमित समय रहेगा। खासकर लंबे समय से शिक्षक विहीन विषयों में छात्रों का छूटा हुआ सिलेबस पूरा करना चुनौतीपूर्ण होगा।
निकाय चुनाव के बीच भर्ती पर उठ सकते हैं सवाल
राजस्थान में नगर निकाय-पंचायत चुनाव की प्रक्रिया के बीच 12 सितंबर तक विद्या संबल योजना के तहत गेस्ट फैकल्टी लगाने की प्रक्रिया पर सवाल भी उठ सकते हैं। हालांकि सरकार ने चयन के लिए जिला स्तरीय समिति और निर्धारित नियम तय किए हैं।
फर्जी या गलत जानकारी पाए जाने पर नियुक्ति समाप्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकेगी। गेस्ट फैकल्टी को आवंटित स्थान पर ही कार्य करना होगा और स्थान परिवर्तन की मांग का अधिकार नहीं होगा।
FAQ
- राजस्थान में कितने पदों पर अस्थायी शिक्षकों की नियुक्तियां होंगी?
चालू शैक्षणिक सत्र में 76 हजार 791 रिक्त पदों पर गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति होगी। यह विद्या संबल योजना के तहत होगी। - गेस्ट फैकल्टी को हर महीने कितना मानदेय मिलेगा?
व्याख्याता को अधिकतम 30 हजार रुपए महीना, वरिष्ठ अध्यापक को अधिकतम 25 हजार और तृतीय श्रेणी शिक्षक को अधिकतम 21 हजार रुपए हर महीने मिलेंगे। - गेस्ट फैकल्टी की सेवा कब तक रहेगी?
जिस पद पर गेस्ट फैकल्टी लगाई जाएगी, वहां नियमित नियुक्ति होते ही उनकी सेवा अपने आप समाप्त मानी जाएगी। यह नियुक्ति सिर्फ एक शैक्षणिक सत्र या सेमेस्टर के लिए होगी।
यह खबरें भी पढ़ें...
उपनिरीक्षक-दूरसंचार भर्ती 2024: RPSC ने जारी किया इंटरव्यू का नतीजा, 221 सफल
राजस्थान SI भर्ती परीक्षा: रिटन फेल महिला फिजिकल देने पहुंचीं, ऐसे पुलिस ने पकड़ा
डिग्री पर लाखों खर्च के बाद भी छात्रों के पास नौकरी नहीं, देश में 40% ग्रेजुएट बेरोजगार
राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, निकाय चुनाव के ऐलान से पहले 21 RAS अफसर बदले