पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल की तलाश जारी, सलमान खान के पनवेल फार्म हाउस पहुंची एसीबी की टीम
News In Short
- रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल को तलाशने सलमान के फार्म हाउस पहुंची एसीबी।
- सुबोध अग्रवाल राजस्थान के जल जीवन मिशन घोटाले में हैं मुख्य आरोपी।
- सुबोध अग्रवाल को एसीबी की विशेष टीम चार राज्यों में कर रही तलाश।
- सुबोध के संरक्षण को लेकर आईआरएस बेटे को एसीबी ने दिया नोटिस।
- राजस्थान के इस चर्चित घोटाले में अब तक 10 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार।
News In Detail
Jaipur: राजस्थान में जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले में पूर्व आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल की तलाश में एसीबी ने अपनी कार्रवाई को अब अधिक आक्रामक बना दिया है। हाल ही में मिली एक खुफिया सूचना के बाद एसीबी की विशेष टीम सुबोध अग्रवाल को खोजने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के पनवेल फार्म हाउस पर पहुंची।हालांकि, सघन तलाशी अभियान के बावजूद सुबोध अग्रवाल वहां नहीं मिले, लेकिन इस कार्रवाई ने खलबली मचा दी है।
फार्म हाउस पर छापेमारी और मुंबई पुलिस का साथ
एसीबी सूत्रों के हवाले से 'दैनिक भास्कर' ने समाचार प्रकाशित किया है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल अभिनेता सलमान खान के पनवेल स्थित फार्म हाउस में छिपे हो सकते हैं। इस सूचना के बाद एसीबी की टीम डिप्टी एसपी प्रेमचंद के नेतृत्व में मुंबई रवाना हुई। वहां मुंबई पुलिस के आला अधिकारियों से संपर्क साधा गया। बाद मं एक संयुक्त टीम गठित कर फार्म हाउस पहुंची।
सलमान से संबंधों की हो रही जांच
जांच अधिकारियों का कहना है कि सुबोध अग्रवाल और सलमान खान के बीच पुराने संबंधों या किसी अन्य जुड़ाव के सुरागों की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि, मौके पर सुबोध अग्रवाल का कोई सुराग नहीं मिला। लेकिन, टीम अब यह जांच कर रही है कि क्या वे वहां आए थे या उनके ठहरने की कोई व्यवस्था की गई थी।
सुबोध अग्रवाल की तलाशी के लिए चार राज्यों में छापे
एसीबी ने इस घोटाले की जड़ें खोदने के लिए अब तक के सबसे बड़े तलाशी अभियानों में से एक को अंजाम दिया है। इस हाई प्रोफाइल घोटाले में आरोपियों की तलाशाी के लिए अब तक 188 ठिकानों पर छापेमारी की गई है।
एसीबी ने इस घोटाले में अब तक 10 बड़े अधिकारियों की गिरफ्तारी की है। घोटाले के मुख्य किरदार सुबोध अग्रवाल और उनके तीन अन्य सहयोगियों की तलाश के लिए 150 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई है। सुबोध अग्रवाल के परिवार और 30 करीबी रिश्तेदारों पर नजर रखी जा रही है। पूर्व आईएएस की तलाशी के लिए राजस्थान सहित 4 राज्यों में छापेमारी की जा रही है।
आश्रय दाताओं पर भी गिरेगी गाज
एसीबी का कहना है कि केवल सुबोध अग्रवाल ही नहीं, बल्कि उन्हें कानूनी कार्रवाई से बचाने और आश्रय देने वाले लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में सुबोध अग्रवाल के आईआरएस बेटे को भी नोटिस जारी किया गया है। जांच टीम का मानना है कि अग्रवाल को छिपने में उनके परिवार और रसूखदार दोस्तों का समर्थन मिल रहा है।
नोएडा के पॉश इलाकों और दिल्ली-एनसीआर के करीब आधा दर्जन फार्म हाउसों की पहचान की गई है, जहां सुबोध अग्रवाल ने फरारी के दौरान वक्त बिताया था। एसीबी उन सभी लोगों की सूची तैयार कर रही है, जिन्होंने उन्हें वाहन, पैसा या छिपने की जगह उपलब्ध कराई।
28 फरवरी के बाद जांच को मिली गति
शुरुआत में एसीबी को सुबोध अग्रवाल की लोकेशन ट्रेस करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन, 28 फरवरी के बाद से जांच में महत्वपूर्ण मोड़ आया जब कुछ तकनीकी इनपुट्स और खुफिया मुखबिरों से महत्वपूर्ण सूचनाएं मिलनी शुरू हुईं।
एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि सुबोध अग्रवाल लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे हैं। वे बेहद शातिर तरीके से संचार के साधनों का उपयोग कर रहे हैं ताकि पुलिस को गच्चा दे सकें।
एसीबी के एक अधिकारी के अनुसार हम सुबोध अग्रवाल के बहुत करीब हैं। उनके रिश्तेदारों और करीबी मित्रों के 30 ठिकानों को चिन्हित किया गया है। कानून से भागना उनके लिए अब और आसान नहीं होगा।
क्या है पूरा मामला?
जल जीवन मिशन घोटाला (JJM) में 900 करोड़ से अधिक रुपये का भ्रष्टाचार राजस्थान के सबसे चर्चित घोटालों में से एक बन चुका है। सुबोध अग्रवाल के कार्यकाल के दौरान निविदाओं के आवंटन में भारी अनियमितताएं बरती गईं और घटिया सामग्री के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया गया। एसीबी अब इस पूरे नेक्सस को तोड़ने में लगी है। इसमें नेता, नौकरशाह और ठेकेदार शामिल हैं।
ये भी पढे़:-
फर्जी दस्तावेज से पाई सरकारी नौकरी, तीन डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर, कोर्ट के आदेश पर एसओजी का एक्शन
पंचायत चुनाव में देरी पर दखल से इनकार, सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता को यह दी सलाह
फर्जी दस्तावेज से पाई सरकारी नौकरी, तीन डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर, कोर्ट के आदेश पर एसओजी का एक्शन
किसानों के लिए खुशखबरी: पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त शुक्रवार को होगी जारी