जयपुर का मानसरोवर बनेगा नया सियासी केंद्र, कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने भी मुख्यालय के लिए मांगी जमीन

Ashish Bhardwaj | Apr 16, 2026, 12:51 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान भाजपा ने जयपुर के मानसरोवर में अपने नए प्रदेश कार्यालय के लिए सरकार से जमीन मांगी है। इसी इलाके में कांग्रेस का नया प्रदेश कार्यालय बन रहा है।

News In Short

  • भाजपा ने जयपुर के मानसरोवर में नए प्रदेश कार्यालय के लिए मांगी जमीन।
  • भाजपा ने आवासन मंडल को आवेदन देकर 6,000 वर्ग मीटर जमीन मांगी है।
  • मानसरोवर में ही कांग्रेस के नए प्रदेश कार्यालय का निर्माण हो रहा है।
  • भाजपा का मौजूदा कार्यालय फरवरी 1990 से सरदार पटेल मार्ग पर चल रहा है।
  • मानसरोवर आने वाले समय में प्रदेश की सियासत का बन सकता है नया केंद्र।

News In Detail

Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर का मानसरोवर इलाका आने वाले समय में प्रदेश की सियासत का नया शक्ति केंद्र बनने जा रहा है। कांग्रेस के नए प्रदेश मुख्यालय के निर्माण कार्य के बीच अब भाजपा ने भी इसी इलाके में अपना नया प्रदेश कार्यालय बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए भाजपा ने राजस्थान आवासन मंडल (RHB) को आवेदन सौंपकर करीब 6,000 वर्ग मीटर जमीन की मांग की है।



​मानसरोवर में आमने-सामने होंगे दो दिग्गज दल

वर्तमान में भाजपा प्रदेश कार्यालय शहर के हृदय स्थल 51-सरदार पटेल मार्ग पर स्थित है। बदलते समय और बढ़ती राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए अब पार्टी को बड़े परिसर की आवश्यकता महसूस हो रही है।



दिलचस्प बात यह है कि जिस मानसरोवर इलाके में कांग्रेस का नया मुख्यालय आकार ले रहा है, भाजपा ने भी उसी के समीप वीटी रोड पर जमीन चिन्हित की है।



​यदि भाजपा को प्रस्तावित जमीन आवंटित हो जाती है, तो कांग्रेस और भाजपा के प्रदेश मुख्यालयों के बीच की दूरी महज 400 से 500 मीटर रह जाएगी। ऐसे में जयपुर का यह वीआईपी इलाका भविष्य में प्रदेश की राजनीति की हर बड़ी हलचल का गवाह बनेगा।



​जमीन आवंटन और तकनीकी पेच

भाजपा ने मानसरोवर के वीटी रोड पर जिस भूखंड के लिए आवेदन किया है, वह लगभग 6,000 वर्ग मीटर का है। वर्तमान में आवासन मंडल के रिकॉर्ड में इस जमीन का उपयोग कमर्शियल श्रेणी में दर्ज है, जबकि राजनीतिक दलों को जमीन का आवंटन संस्थानिक भू-उपयोग के तहत किया जाता है।



​जमीन आवंटन की प्रक्रिया

आवासन मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि मंडल को सबसे पहले इस जमीन को कमर्शियल से संस्थानिक श्रेणी में बदलना होगा। भू-उपयोग परिवर्तन के प्रस्ताव को पब्लिक अलॉटमेंट कमेटी (PAC) की बैठक में रखा जाएगा, जहां से मंजूरी मिलने के बाद ही आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।



चिन्हित क्षेत्र में संस्थानिक जमीन की दर वर्तमान में करीब 60,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर है। भाजपा ने रियायती दर पर जमीन की मांग की है या नहीं, इसका उल्लेख अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन अंतिम निर्णय राज्य सरकार के स्तर पर लिया जाएगा।



​36 साल बाद नया ठिकाना

​भाजपा का मौजूदा कार्यालय फरवरी 1990 से सरदार पटेल मार्ग पर चल रहा है। इससे पहले पार्टी का काम जालूपुरा स्थित सी-6 पते से संचालित होता था। अब साढ़े तीन दशकों के बाद पार्टी अपने स्वयं के बड़े और आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन की ओर कदम बढ़ा रही है।



​जिलों में भी भाजपा का भवन अभियान

​केवल राजधानी ही नहीं, बल्कि भाजपा राजस्थान पूरे प्रदेश में अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए जिला कार्यालयों का निर्माण भी तेजी से कर रही है।



​प्रदेश के 22 जिलों में कार्यालय भवन बनकर लगभग तैयार हो चुके हैं। ​15 जिलों में नवनिर्मित भवनों से कामकाज शुरू भी कर दिया गया है। सात अन्य जिला कार्यालयों का उद्घाटन प्रस्तावित है।



भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के राजस्थान दौरे के दौरान इन कार्यालयों के लोकार्पण की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में बूंदी, धौलपुर, करौली, जोधपुर और सिरोही जैसे जिलों में भी कार्यालय निर्माण के लिए जमीनें चिन्हित की जा चुकी हैं।



ये भी पढे़:-

RPSC के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति, पेपर लीक 20222 मामले में हैं आरोपी



स्कूल का खेल मैदान दे दिया पूर्व विधायक की रिसॉर्ट को, हाईकोर्ट ने कलेक्टर के फैसले पर लगाई रोक



डकैती के दौरान दोनों हाथ कटने के बाद भी डटे रहे थे मानसिंह, 44 साल बाद अब मिलेगा सम्मान



डॉक्टरों का करिश्मा, महज 14 रुपए के इंजेक्शन ने बचाई नवजात की जान



Tags:
  • कांग्रेस
  • भाजपा
  • मानसरोवर
  • राजस्थान आवासन मंडल
  • भाजपा राजस्थान
  • भाजपा प्रदेश कार्यालय