महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल जारी, 14 मार्च से भरे जाएंगे आवेदन, जानिए पूरी जानकारी
News In Short
- सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में एडमिशन के लिए शेड्यूल जारी।
- नए सत्र के लिए 14 से 23 मार्च तक ऑनलाइन भरे जाएंगे प्रवेश फॉर्म।
- सभी स्कूलों में 25 मार्च को एडमिशन के लिए लॉटरी निकाली जाएगी।
- सभी स्कूलों में चयनित विद्यार्थियों की सूची का प्रकाशन 27 मार्च को होगा।
- इस बार पूरे प्रदेश में एक अप्रैल 2026 से शुरू हो रहा नया शिक्षा सत्र।
News In Detail
राजस्थान के सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने का सपना देख रहे अभिभावकों के लिए बड़ी खबर है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने सत्र 2026-27 के लिए महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) और अन्य राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में प्रवेश की समय-सारणी जारी कर दी है। निदेशक सीताराम जाट का कहना है कि नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन और पारदर्शी होगी।
लॉटरी सिस्टम से होगा चयन
चूंकि इन स्कूलों में सीटों की तुलना में आवेदनों की संख्या काफी अधिक रहती है, इसलिए पारदर्शिता बनाए रखने के लिए चयन लॉटरी सिस्टम के माध्यम से होगा। इसी महीने 25 मार्च को लॉटरी निकाली जाएगी और 27 मार्च को स्कूल के नोटिस बोर्ड पर चयनित छात्रों की सूची चस्पा कर दी जाएगी।
ऑनलाइन होगी पूरी प्रक्रिया
शिक्षा विभाग ने आदेश में स्पष्ट किया है कि अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन पत्र 14 मार्च से 23 मार्च 2026 तक भरे जा सकेंगे। अभिभावक 'शाला दर्पण' पोर्टल पर जाकर या विभाग द्वारा जारी QR कोड को स्कैन करके अपना आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया सरल रखी गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के अभिभावक भी आसानी से इसमें भाग ले सकें।
शिक्षा विभाग ने जारी किया कैलेंडर
अभिभावकों की सुविधा के लिए शिक्षा विभाग ने अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में प्रवेश के लिए आवेदन से लेकर कक्षाएं शुरू होने तक का पूरा कैलेंडर जारी कर दिया है। प्रवेश के लिए 11 मार्च 2026 को विज्ञप्ति जारी की जाएगी। आवेदन पत्र 14 मार्च से 23 मार्च 2026 तक भरे जा सकेंगे।
आदेश के अनुसार स्कूलों में प्राप्त आवेदनों की सूची व रिक्तियों का प्रकाशन 24 मार्च 2026 को किया जाएगा। इसके दूसरे दिन यानी 25 मार्च को लॉटरी निकाली जाएगी। चयनित विद्यार्थियों की सूची का प्रकाशन 27 मार्च को होगा। प्रवेश के लिए दस्तावेज सत्यापन का काम 28 मार्च 2026 को किया जाएगा। इस बार स्कूलों का नया सत्र 01 अप्रैल 2026 से शुरू हो रहा है।
अभिभावकों के लिए निर्देश
शिक्षा विभाग ने अभिभावकों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय सीमा (23 मार्च) के भीतर अपना आवेदन सुनिश्चित करें, क्योंकि इसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। नए सत्र की पढ़ाई 1 अप्रैल 2026 से सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी।
ये भी पढ़े:-
9 बार असफल रही, फिर भी नहीं मानी हार, रिशिना शर्मा बनी वायुसेना की फ्लाइंग ऑफिसर
MSP पर सरसों-चना की खरीद 25 मार्च से, इस तारीख से होंगे किसानों के रजिस्ट्रेशन