एसीएस अखिल अरोड़ा सीएमओ ही देखेंगे, अजिताभ शर्मा सचिवालय से हुए बाहर
News In Short
- राजस्थान में 25 आईएएस व 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले।
- एसीएस अखिल अरोड़ा अब सिर्फ मुख्यमंत्री कार्यालय ही संभालेंगे
- आलोक गुप्ता की मुख्य धारा में वापसी, यूडीएच का प्रमूुख सचिव बनाया।
- अजिताभ शर्मा हुए सचिवालय से बाहर, रेवेन्यू बोर्ड अध्यक्ष बनाया।
- इससे पहले 13 मार्च को 64 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थें।
News In Detail
राजस्थान सरकार ने गुरुवार देर रात बड़ा प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था में फेरबदल किया। इसके तहत 25 आईएएस के तबादले और 9 आईपीएस अफसरों के तबादले किए गए हैं। एसीएस अखिल अरोड़ा अब सिर्फ सीएमओ का काम ही देखेंगे। उनके पास अब तक पीएचईडी का भी अतिरिक्त प्रभार था।
सीएमओ से हटाकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में भेजे गए आलोक गुप्ता की मुख्य धारा में वापसी हुई है। उन्हें यूडीएच और राजस्थान हाउसिंग बोर्ड का प्रमूुख सचिव बनाया गया है। इसके अलावा बड़े उलटफेर के रुप में ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव अजिताभ शर्मा को सचिवालय से बाहर कर दिया गया है। उन्हें रेवेन्यू बोर्ड अध्यक्ष अजमेर के पद की जिम्मेदारी दी है।
अपर्णा को दिया खान विभाग, श्रेया गुहा को ग्रामीण विकास से हटाया
एसीएस अपर्णा अरोड़ा को पंचायती राज और सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग से हटाकर खान और पेट्रोलियम विभाग की जिम्मेदारी दी है। ग्रामीण विकास विभाग की एसीएस श्रेया गुहा को अब एचएसीएम रीपा महानिदेशक और आरएफसी एमडी की कमान सौंपी गई है।
इसी तरह एसीएस प्रवीण गुप्ता को पीडब्लयूडी के साथ ही युवा और खेल विभाग का जिम्मा दिया है। प्रवीण गुप्ता से पर्यटन, पुरातत्व विभाग और आमेर विकास प्राधिकरण का चार्ज वापस ले लिया गया है।
राजेश यादव शिक्षा और हेमंत गेरा जलदाय सचिव
सीनियर आईएएस राजेश यादव का तबादला एचसीएम रीपा से स्कूल शिक्षा और भाषा विभाग के सचिव के पद पर किया गया है। हेमंतं गेरा को राजस्व मंडल अध्यक्ष पद से हटाकर जलदाय विभाग के सचिव पद पर लगाया है। गेरा की जगह अजिताभ शर्मा को रेवेन्यू बोर्ड अध्यक्ष का जिम्मा दिया है।
नीरज के पवन का खेल विभाग से हटाया
खेल विभाग के सचिव नीरज के. पवन का तबादला इंदिरा गांधी पंचायतीराज संस्थान के महानिदेशक के पद पर किया गया है। नीरज के पवन के तबादले को खेल विभाग और क्रिकेट की सियासत से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
पीसी किशन को 3 महीने 21 दिन एपीओ रहने के बाद पोस्टिंग
सेंट्रल डेपुटेशन से लौटने के बाद एपीओ चल रहे पूर्ण चंद किशन (पीसी किशन) को श्रम, कारखाना विभाग और स्वास्थ्य सेवाएं ईसीएस के सचिव के पद पर पोस्टिंग दी गई है। सेंट्रल डेपुटेशन से लौटने के बाद पीसी किशन 29 दिसंबर 2025 से एपीओ चल रहे थे। हालांकि बिना पोस्टिंग उन्हें दौसा के प्रभारी सचिव का जिम्मा दे दिया था।
आरती डोगरा को ऊर्जा की पूरी कमान
तीनों डिस्कॉम की अध्यक्ष आरती डोगरा को अब ऊर्जा विभाग की पूरी कमान दे दी है। आरती डोगरा को अब तीनों डिस्कॉम अध्यक्ष के साथ ऊर्जा विभाग सचिव और राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम अध्यक्ष का जिम्मा दिया गया है। अजिताभ शर्मा के तबादले के बाद उनके विभागों की जिम्मेदारी आरती डोगरा को दी गई है।
वी सरवन कुमार जयपुर के नए संभागीय आयुक्त
जयपुर के संभागीय आयुक्त पूनम का तबादला महिला बाल विकास विभााग सचिव के पद पर किया है। विज्ञान प्रोद्योगिकी विभाग के सचिव वी सरवन कुमार का तबादला जयपुर संभागीय आयुक्त के पद पर किया गया है।
9 आईपीएस के तबादले
सरकार ने 9 आईपीएस के तबादले भी किए हैं। इसमें सात आईएएस के तबादलों में संशोधन कर उन्हें नई जिम्मेदारी गई है। तबादला सूची के अनुसार चूनाराम जाट को एसपी बाड़मेर, संजीव नैन को पुलिस उपायुक्त जयपुर, योगेश गोयल को पुलिस उपायुक्त यातायात जयपुर, अनिल कुमार को कमांडेंट पांचवी बटालियन आएएसी जयपुर, हनुमान प्रसाद मीणा को एसपी जयपुर ग्रामीण, कावेंद्र सिंह सागर को एसपी झुन्झुनू, पीयूष दीक्षित को एसपी एसीबी जयपुर, ज्येष्ठा मैत्रयी को एसपी सवाईमाधोपुर तथा निश्चय प्रसाद एम को एसपी चूरू लगाया गया है। साथ ही
पांच आईपीएस के तबादले निरस्त
सरकार ने 13 मार्च को 64 आईपीएस अधिकारियों के किए गए तबादलों में से पांच अफसरों के आदेश निरस्त कर दिए हैं। जिन 5 आईपीएस अधिकारियों के तबादले निरस्त हुए हैं, उनमें लोकेश सोनवाल को करौली एसपी से हटाकर जीआरपी अजमेर भेजा गया था। इसी तरह सुधीर जोशी को बांसवाड़ा से तबादला कर झुंझुनू एसपी बनाया गया था।
दोनों अधिकारियों का तबादला निरस्त करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सरकार से आग्रह किया था। आईपीएस राम मूर्ति जोशी को एटीएस जयपुर से एसीबी उदयपुर में एसपी बनाया गया था। नरेंद्र सिंह को जीआरपी अजमेर से बाड़मेर भेजा गया था। इसी तरह ज्ञान चन्द्र यादव को एटीएस जयपुर से चूरू नियुक्त किया था। ये अधिकारी पुरानी जगह ही रहेंगे।
ये भी पढे़:-
जोधपुर में वन भूमि पर बसी बस्ती पर एक्शन की तैयारी, 9,500 घरों पर चलेगा बुलडोजर
गेहूं के खेत में लहलहा रही थी अफीम, पुलिस ने बरामद किए 5050 पौधे
कूनो से निकला चीता डेढ़ महीने से राजस्थान में, अब कोटा में मूवमेंट मिला
स्टेनोग्राफर भर्ती 2024 की मेरिट लिस्ट निरस्त, अब नए सिरे से जारी होगी मेरिट