विवादों के बीच राजस्थान HC के एक्टिंग चीफ जस्टिस ने छोड़े न्यायिक कार्य!
समझें क्या है पूरा मामला
- स्वेच्छा से अलग,जस्टिस एस.पी.शर्मा ने विवाद के चलते न्यायिक कार्यों से खुद को किया अलग।
- जोधपुर में वकीलों की हड़ताल व जयपुर में वकीलों के प्रदर्शन के बाद गरमाया मामला।
- सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के जस्टिस संजय के. अग्रवाल को नया सीजेआई बनाने की सिफारिश की।
- नए आदेश के तहत जस्टिस शर्मा अब 7 सितंबर से जोधपुर मुख्य पीठ में बैठेंगे।
राजस्थान हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा ने विवाद और सोमवार को वकीलों के उनके कोर्ट रुम के बाहर धरने व नारेबाजी के बाद अपने आप को फिलहाल न्यायिक कार्यों से अलग कर लिया है।
मंगलवार एक सितंबर को जारी रोस्टर के अनुसार एक्टिंग चीफ जस्टिस 7 सितंबर से जोधपुर मुख्य पीठ में बैठेंगे। इससे पहले एक सितंबर को उनकी कोर्ट के बाहर वकीलों के धरने और नारेबाजी के बीच वह काम नहीं कर सके थे। इससे पहले जोधपुर में वकीलों ने 6 सितंबर तक हड़ताल करने का फैसला किया था।
सूत्रों के अनुसार जस्टिस शर्मा ने भारत के चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत को भेजे गए संदेश में विवाद के चलते स्वेच्छा से स्वयं को न्यायिक कार्यों से अलग करने की सूचना दे दी थी।
जयपुर बैंच में सोमवार को वकीलों के प्रदर्शन के बाद देर शाम सुप्रीम कोर्ट कालेजियम ने छत्तीसगढ़ के जस्टिस संजय के.अग्रवाल को राजस्थान का चीफ जस्टिस बनाए जाने की सिफारिश कर दी। इसके बाद मंगलवार को जस्टिस शर्मा जयपुर बैंच में कोर्ट में नहीं बैठे। मंगलवार शाम को जारी हुए रोस्टर के अनुसार वह 7 सितंबर से जोधपुर मुख्य पीठ में ही बैठेंगे।
जस्टिस मेहता के पत्र से हुआ बवाल
जस्टिस शर्मा के मामले में विवाद सुप्रीम कोर्ट जस्टिस संदीप मेहता के सीजेआई को लिखे पत्र के खुलासे के बाद शुरु हुआ। जस्टिस मेहता ने जस्टिस शर्मा पर पद का दुरुपयोग करने के आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से राजस्थान से बाहर भेजने और राजस्थान में स्थाई चीफ जस्टिस लगाने को लिखा था।
इसके बाद से जोधपुर और जयपुर में वकीलों ने जस्टिस शर्मा का विरोध करना शुरु कर दिया था। जोधपुर में वकीलों ने 6 सितंबर तक हड़ताल करने और जस्टिस शर्मा को हटाने तथा स्थाई चीफ जस्टिस नियुक्त करने की मांग की है।
जयपुर में वकील हुए शांत
सोमवार देर शाम को राजस्थान में स्थाई चीफ जस्टिस की नियुक्ति की खबर आने के बाद जयपुर में वकील शांत दिखे। हालांकि मंगलवार को जस्टिस शर्मा कोर्ट में नहीं बैठे। लेकिन,जोधपुर मुख्य पीठ में वकीलों ने अभी तक हड़ताल वापिस लेने का फैसला नहीं किया है और बुधवार को संभवत: वकील हड़ताल के मुद्दे पर फैसला करेंगे।
ये भी पढ़े:-
राजस्थान हाई कोर्ट का आदेश, यौन अपराधों में फोटो-वीडियो सीलबंद लिफाफे में हों पेश
राजस्थान हाई कोर्ट: 10 हजार सीनियर टीचर्स के प्रमोशन का रास्ता साफ, 28 याचिकाएं खारिज
राजस्थान हाई कोर्ट: शादी से राज्य बदलने पर महिलाओं को EWS लाभ से नहीं कर सकते वंचित
आसाराम के इस मामले की सुनवाई राजस्थान हाई कोर्ट में रही अधूरी, कल आ सकता है फैसला