राजस्थान हाईकोर्ट विवाद, एसीजे एसपी शर्मा ने आरोपों को नकारा, वकीलों की हड़ताल जारी

Mukesh Sharma | Published:
राजस्थान हाई कोर्ट
राजस्थान हाई कोर्ट
राजस्थान हाईकोर्ट के एक्टिंग सीजे एसपी शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट के जज के आरोपों को खारिज कर सीजेआई को सफाई दी है। इस बीच, वकीलों के विरोध और नए चीफ जस्टिस के नामंकन के बीच घटनाक्रम तेज है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • एक्टिंग सीजे एसपी शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट के जज संदीप मेहता द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया।
  • जस्टिस शर्मा ने अपना पक्ष प्रमाण सहित सीजेआई सूर्यकांत को भेजकर न्याय प्रणाली पर पूरा भरोसा जताया है।
  • जोधपुर और जयपुर हाईकोर्ट में वकीलों ने एसीजे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन व हड़ताल शुरू कर दी है।
  • छत्तीसगढ़ के जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का नया चीफ जस्टिस नामित किया गया है।

राजस्थान हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा ने अपने विरुद्ध लगाए आरोपों पर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि मीडिया और सोशल मीडिया में पिछले दिनों चल रहे घटनाक्रम के संदर्भ में यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं इन सभी आरोपों का खंडन करता हूं। जस्टिस शर्मा ने कहा है कि उनके विरुद्ध लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं, जज साहब (जस्टिस संदीप मेहता) ने रंजिशवश लगाए हैं।



मीडिया को जारी अपने पक्ष में एक्टिंग सीजे ने कहा- मैंने अपना पक्ष सीजेआई सूर्यकांत को भेज दिया है। मैंने जस्टिस संदीप मेहता के लिखित पत्रों में निराधार, झूठे और तथ्यहीन आरोप का खंडन प्रमाण सहित किया है।



सीजे एसपी शर्मा की अपील

जस्टिस शर्मा ने कहा है कि, मैं मीडिया, वकील बंधुओं और अन्य से भी करबद्ध अपील करता हूं कि न्याय के सिद्धांत का मान रखते हुए सीजेआई के निर्णय तक धैर्य रखें। मैं भारतीय न्याय प्रणाली पर पूर्ण विश्वास रखता हूं एवं जल्द ही सही समय आने पर सीजेआई द्वारा स्वीकृती मिलने पर स्वयं मीडिया के समक्ष आ कर अपना पक्ष रखूंगा, तब तक धैर्य रखें।



सुप्रीम कोर्ट जज ने लगाए थे आरोप

सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संदीप मेहता ने राजस्थान हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा को हटाने की मांग करते हुए सीजेआई सूर्यकांत को 3 लेटर लिखे थे। इसमें एसीजे पर अपने अधिकारों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया गया था।



जस्टिस मेहता ने लिखा था कि जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा अक्सर साथी जजों को ट्रांसफर की धमकी देते हैं। खुद को CJI का करीबी बताते हैं। उन्होंने मांग की थी कि राजस्थान हाईकोर्ट में स्थायी मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया जाए।



जस्टिस मेहता ने CJI को लिखा कि स्थायी न्यायाधीश की नियुक्ति के विचार की लगातार अनदेखी संस्था के हित के पूरी तरह से खिलाफ है। जस्टिस संदीप मेहता ने जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा को हटाने के लिए 2, 10 और 17 अगस्त को CJI को लेटर लिखे थे।



वकील उतरे विरोध में

जस्टिस मेहता के लेटर सामने आने के बाद प्रदेश में जोधपुर और जयपुर हाईकोर्ट में वकील एक्टिंग सीजे के विरोध में हो गए। 31 अगस्त को जयपुर में वकीलों ने एक्टिंग सीजे की कोर्ट के बाहर विरोध प्रदर्शन करके उनके खिलाफ नारेबाजी की थी। जबकि जोधपुर में हाईकोर्ट में एक्टिंग सीजे को हटाने की मांग को लेकर 6 सितंबर तक वकीलों ने हड़ताल कर रखी है। जयपुर में वकीलों की नारेबाजी व धरने के बाद जस्टिस शर्मा ने फिलहाल स्वयं को न्यायिक कार्य से अलग कर रखा है। हालांकि वह 7 सितंबर से जोधपुर मुख्य पीठ में सुनवाई करेंगे।



चीफ जस्टिस हुए नामित

31 अगस्त को ही सीजेआई सूर्यकांत की अगुआई वाले कॉलेजियम ने छत्तीसगढ़ के जस्टिस संजय के.अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस नामित कर दिया। उनकी शपथ होने के बाद जस्टिस एस.पी. शर्मा एक्टिंग सीजे नहीं रहेंगे। वैसे भी जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा इसी महीने की 25 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।



ये खबर भी पढे़:-

जयपुर में 6.80 करोड़ का 'बॉस स्कैम': 4 गिरफ्तार, पुलिस ने कराए 3.50 करोड़ होल्ड



पर्यटन स्थलों की सुरक्षा होगी और मजबूत, 30 सितंबर तक होगा प्रदेशभर में सिक्योरिटी ऑडिट



जयपुर मेयर की कुर्सी पर घमासान, भाजपा में कोठारी के नाम पर चर्चा तेज!



MNIT जयपुर में हल्लाबोल: हॉस्टल टाइमिंग पर बवाल, छात्राएं बोलीं- हम पर पाबंदी क्यों?



Tags:
  • राजस्थान हाईकोर्ट
  • जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा
  • सीजेआई सूर्यकांत
  • जस्टिस संदीप मेहता