हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की फिर मिली धमकी, परिसर में मचा हड़कंप

Jageshwar prasad | Jul 13, 2026, 12:07 IST
राजस्थान हाईकोर्ट को बम की धमकी, तलाशी में कुछ नहीं मिला
सोमवार सुबह राजस्थान हाई कोर्ट की ईमेल ID पर जयपुर और जोधपुर परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड ने तलाशी ली, कुछ नहीं मिला।

समझें क्या है पूरा मामला

  • राजस्थान हाई कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी।
  • संदिग्ध ईमेल से मचा हड़कंप, हाई कोर्ट में प्रवेश पर रोक।
  • बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने की गहन जांच।
  • जयपुर और जोधपुर परिसर में चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई।
  • तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, सुनवाई शुरू।

सोमवार सुबह राजस्थान हाई कोर्ट के जयपुर और जोधपुर दोनों परिसरों को एक संदिग्ध ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी हाई कोर्ट की आधिकारिक ईमेल ID पर भेजी गई थी। स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।



उस समय न्यायालय शुरू नहीं हुआ था। जो लोग परिसर में थे उन्हें बाहर निकालकर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। तलाशी में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा प्रबंध कड़े करते हुए कोर्ट की कार्यवाही तय समय पर शुरू हुई।



पुलिस ने क्या किया?

अशोक नगर थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा ने बताया कि ईमेल मिलते ही थाने की टीम मौके पर पहुंची। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड को तुरंत बुलाया गया। सिविल डिफेंस, एम्बुलेंस और दमकल वाहन भी परिसर में मौजूद रहे।



गहन तलाशी के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर लोगों को प्रवेश दिया गया। अशोक नगर थाने में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



VPN से भेजी धमकी

हाईकोर्ट के सुरक्षा प्रभारी SI ताराचंद ने बताया कि संदिग्ध ईमेल की जांच साइबर एक्सपर्ट की टीम करेगी। जानकारों के अनुसार धमकीभरे ईमेल भेजने वाले अक्सर VPN (Virtual Private Network) का उपयोग करते हैं जिससे उनकी वास्तविक लोकेशन का पता लगाना आसान नहीं होता।



पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां

यह पहली बार नहीं है। राजस्थान विधानसभा, SMS अस्पताल, अजमेर और जोधपुर RTO, पोस्ट ऑफिस, पासपोर्ट कार्यालय और कई स्कूलों को भी इससे पहले बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं।



हालांकि किसी भी मामले में तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस अभी तक यह तय नहीं कर पाई है कि इन धमकियों के पीछे कोई गहरी साजिश है या कोई असामाजिक तत्व सिर्फ भय फैलाने के लिए ऐसा कर रहा है।



ये भी पढ़ें:-

राजस्थान में बड़ा सुरक्षा अलर्ट: विधानसभा समेत कई जिलों की कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप



राजस्थान विधानसभा को फिर बम से उड़ाने की धमकी, 3 घंटे चला सर्च ऑपरेशन



Bomb Threat : जयपुर के दो स्कूलों और अलवर कलक्ट्रेट में बम की धमकी, पुलिस और प्रशासन अलर्ट



राजस्थान हाईकोर्ट में बम की धमकी के बीच चल रहा मतदान, बार एसोसिएशन के कल आएंगे परिणाम









Tags:
  • राजस्थान हाई कोर्ट
  • हाई कोर्ट
  • बम निरोधक दस्ता
  • vpn
  • बम से उड़ाने की धमकी