आईएएस सीताराम और मेहता हुए रिटायर, नए अधिकारियों को दिया अतिरिक्त कार्यभार
ऐसे समझें पूरा मामला
- आईएएस सीताराम जाट और आईएएस रामनिवास मेहता शुक्रवार को रिटायर हुए।
- ललित कुमार को शिक्षा और आशुतोष गुप्ता को आरपीएससी का अतिरिक्त दायित्व।
- राजस्थान सरकार ने अधिकारियों के अतिरिक्त जिम्मेदारी के जारी किए आदेश।
राजस्थान में दो आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। यह जिम्मेदारी शुक्रवार को दो आईएएस अधिकारियों के रिटायर होने के कारण सौंपी गई।
आदेश के अनुसार आईएएस अधिकारी ललित कुमार शिक्षा निदेशक का अतिरिक्त दायित्व भी संभालेंगे। इसी तरह अजमेर में आईएएस अधिकारी आशुतोष गुप्ता को आरपीएससी में सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
ये हुए सेवानिवृत्त
बीकानेर में प्रारंभिक शिक्षा विभाग एवं पंचायती राज (प्रारंभिक शिक्षा) विभाग के निदेशक सीताराम जाट शुक्रवार को रिटायर हो गए।
इसी तरह राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के सचिव राम निवास मेहता भी शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए।
नए अधिकारियों को सौंपा अतिरिक्त कार्यभार
ललित कुमार वर्तमान में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में निदेशक हैं। वे डॉ. भीमराव अंबेडकर फाउंडेशन में डीजी तथा राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य सचिव भी हैं।
ललित कुमार को सीता राम जाट के सेवानिवृत्त होने के बाद प्रारंभिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग बीकानेर का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। ये समग्र शिक्षा अभियान (SMSA) भी देखेंगे।
इसी तरह आशुतोष गुप्ता वर्तमान में आरपीएससी में मुख्य परीक्षा नियंत्रक हैं। उन्हें राम निवास मेहता के सेवानिवृत्त होने के बाद आरपीएससी सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण अंग
आरपीएससी और शिक्षा विभाग (प्रारंभिक व माध्यमिक) राजस्थान में शैक्षणिक ढांचे के अत्यंत महत्वपूर्ण अंग हैं।
इसी कारण सरकार ने दोनों जगह को खाली नहीं छोड़ा है। फिलहाल, इन जगहों की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी है, लेकिन जल्द ही स्थायी नियुक्ति दी जाएगी।
ये खबर भी पढे़:-
भिवाड़ी में प्रतिबंधित प्लास्टिक पर सबसे बड़ी कार्रवाई, 30 लाख का माल जब्त
संपत्ति विवरण भरने का अब अंतिम मौका, 1 से 15 अगस्त तक खुला रहेगा राजकाज पोर्टल
ऑफर में नहीं दी चीनी, रिलायंस स्टोर पर लगा 5 हजार का जुर्माना
सरकारी स्कूलों का हाल, 20 हजार करोड़ खर्च, फिर भी 1900 क्लासरूम और लैब अधर में