गेहूं के खेत में लहलहा रही थी अफीम, पुलिस ने बरामद किए 5050 पौधे
News In Short
- राजस्थान में अफीम की अवैध खेती का खुलासा, 5050 पौधे बरामद।
- खैरथल-तिजारा जिले के हरसोली में गेहूं की फसल के बीच लहलहा रही थी।
- पुलिस ने अफीम की अवैध खेती करने वाले एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार।
- पुलिस ने मौके पर पौधे नष्ट कराए, इनका वजन लगभग 393 किग्रा निकला।
- इससे पहले भी अलवर के उमरैण और अकबरपुर में पकड़ी गई थी अफीम।
News In Detail
सुनील जैन@अलवर
राजस्थान के अलवर और खैरथल-तिजारा जिले में अफीम की अवैध खेती के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। पुलिस ने गुरुवार को मादक पदार्थों के खिलाफ खैरथल- तिजारा जिले में चलाए विशेष अभियान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। उसने हरसोली गांव में छापेमारी कर गेहूं की फसल के बीच लहलहा रही अफीम की अवैध पैदावार का खुलासा किया है।
गेहूं की फसल के बीच अफीम
अक्सर अफीम की खेती के लिए लोग ऐसे तरीकों का इस्तेमाल करते हैं, जिससे पुलिस की नजरों से बचा जा सके। इस मामले में भी आरोपी ने चालाकी दिखाते हुए गेहूं की फसल के बीचों-बीच अफीम के पौधे उगाए थे। दूर से देखने पर यह केवल गेहूं का खेत नजर आता था, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस ने दबिश दी, तो वहां का नजारा हैरान करने वाला था। पुलिस के अनुसार खेत में 5050 छोटे-बड़े अफीम के पौधे पाए गए। इन पौधों को जड़ से उखाड़ कर इनका वजन किया गया तो कुल वजन 393 किलोग्राम निकला।
पटवारी की मौजूदगी में एक्शन
खैरथल-तिजारा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयासिंह ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने हरसोली गांव में घेराबंदी की। मौके पर पहुंची टीम ने जब खेत मालिक से अफीम की खेती के वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगा तो वह कोई जवाब नहीं दे सका।
इसके तुरंत बाद पुलिस ने स्थानीय पटवारी को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में खेत का मौका नक्शा तैयार किया गया। पुलिस ने इस मामले में ओमी पुत्र जगदीश प्रसाद (दत्तक पुत्र प्रभो) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
क्षेत्र में बढ़ता अवैध खेती का चलन
यह कोई पहला मामला नहीं है जब इस क्षेत्र में अफीम की खेती पकड़ी गई हो। इससे पहले भी अलवर जिले के उमरेन और अकबरपुर जैसे इलाकों में पुलिस ने अफीम की अवैध फसलों को नष्ट किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से चोरी-छिपे इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे।
कहीं तस्करों से तार तो नहीं
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हरसोली में पकड़े गए आरोपी के तार किन अंतरराज्यीय तस्करों से जुड़े हैं। आरोपी इस अफीम की सप्लाई कहां करने वाला था।
ये भी पढे़:-
कूनो से निकला चीता डेढ़ महीने से राजस्थान में, अब कोटा में मूवमेंट मिला
स्टेनोग्राफर भर्ती 2024 की मेरिट लिस्ट निरस्त, अब नए सिरे से जारी होगी मेरिट
आईएएस प्रतिभा दहिया अब राजस्थान में संभालेंगी जिम्मेदारी, पति यक्ष चौधरी बाड़मेर में हैं तैनात
राजस्थान रॉयल्स की हो रही नीलामी, जानिए 12,000 करोड़ की रेस में कौन?