राजस्थान में पूर्व विधायक पर हमले की साजिश का खुलासा, लॉरेंस गैंग के शूटरों से हथियार बरामद
समझें क्या है पूरा मामला
- पूर्व विधायक पर हमले की साजिश, लॉरेंस गैंग के शूटरों से हथियार बरामद
- सिरोही में नहीं मिला मौका तो जोधपुर पहुंचे शूटर
- झाड़ियों में छिपे थे विदेशी हथियार, पुलिस ने निकाले बाहर
- पूर्व विधायक की फोटो मिली, गैंग की रैकी का खुलासा
- लॉरेंस गैंग की साजिश का खुलासा, कई संदिग्ध पुलिस रडार पर
जोधपुर: राजस्थान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने लॉरेंस गैंग से जुड़े दो शूटरों को पकड़ने के बाद पूछताछ की तो एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, गैंग के बदमाश पहले से ही सिरोही के एक फार्म हाउस में पूर्व विधायक संयम लोढ़ा पर हमले की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए रैकी भी करवाई गई थी।
हालांकि, फार्म हाउस पर लोगों की ज्यादा मौजूदगी और बाड़ाबंदी के कारण बदमाशों को अपना प्लान बदलना पड़ा। इसके बाद नेपाल से आए शूटरों को जोधपुर भेज दिया गया। दोनों एक होटल में ठहरे हुए थे, तभी AGTF को इसकी जानकारी मिल गई और जोधपुर पुलिस की मदद से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने पाली जिले में ढोला गांव के पास हाईवे किनारे झाड़ियों से विदेशी हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
पाली में झाड़ियों में छिपाकर रखे थे हथियार
पुलिस के मुताबिक शूटरों ने हथियार हाईवे से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में एक तय जगह पर छिपाकर रखे थे। हथियारों को कपड़े के थैले में बांधकर रखा गया था।
बरामद सामान में:
- तुर्की मेड जिगाना पिस्टल
- ऑस्ट्रिया मेड ग्लॉक पिस्टल
- 36 कारतूस
- 4 मैगजीन
शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार कहां से मंगवाए गए थे और इन्हें शूटरों तक किसने पहुंचाया।
सिरोही में पहले ही करवा ली गई थी रैकी
पूछताछ में सामने आया है कि शूटरों के राजस्थान पहुंचने से पहले ही गैंग के दूसरे लोग सिरोही में पूर्व विधायक के फार्म हाउस की रैकी कर चुके थे।
बताया जा रहा है कि फार्म हाउस में उस समय पार्षदों की भीड़ और बाड़ाबंदी थी। ऐसे में बदमाशों को वहां हमला करने का मौका नहीं मिला और उन्होंने अपनी योजना बदल दी। इसके बाद नेपाल से आए शूटरों को जोधपुर भेजा गया।
होटल में 14 घंटे रुके थे शूटर
जोधपुर पहुंचने के बाद दोनों शूटर एक होटल में रुके। पुलिस के मुताबिक, वे करीब 14 घंटे तक होटल में रहे। इसी दौरान AGTF को उनके बारे में इनपुट मिला। इसके बाद टीम ने जोधपुर पुलिस के साथ मिलकर होटल में दबिश दी और दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने बाद में होटल में मौका-मुआयना भी किया और होटल संचालक से पूछताछ की।
पूर्व विधायक की फोटो भी मिली
पकड़े गए शूटरों के पास से पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की फोटो मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है। हालांकि, सिरोही पुलिस की ओर से इसे रूटीन सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा बताया गया है। मामले की जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फोटो शूटरों तक कैसे पहुंची और हमले की योजना में किस-किस की भूमिका थी।
एक व्यापारी भी गैंग के निशाने पर
जांच में यह भी सामने आया है कि पूर्व विधायक के अलावा मारवाड़ के एक व्यापारी की भी रैकी करवाई गई थी। पुलिस को शक है कि गैंग दोनों को निशाना बनाने की तैयारी कर रही थी। सिरोही में मौका नहीं मिलने के बाद शूटरों को जोधपुर भेज दिया गया। हालांकि, पुलिस अभी इस पूरे प्लान की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
हरियाणा से 3 संदिग्ध हिरासत में
शूटरों से पूछताछ और पुराने इनपुट के आधार पर AGTF ने हरियाणा से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक ये लोग लंबे समय से गैंग के संपर्क में थे और बदमाशों की आवाजाही, रैकी और दूसरी लॉजिस्टिक मदद में भूमिका निभा रहे थे।
इसके अलावा 7-8 अन्य संदिग्ध भी पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस कार्रवाई के बाद इनमें से कुछ के फरार होने की जानकारी सामने आई है। इनकी तलाश के लिए राजस्थान, हरियाणा और दूसरे राज्यों में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
AGTF और पुलिस मिलकर कर रही जांच
पूरे मामले की निगरानी AGTF के ADG दिनेश एमएन कर रहे हैं। अलग-अलग राज्यों की एजेंसियों के साथ समन्वय कर संदिग्धों और गैंग से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं जोधपुर पुलिस कमिश्नर अंशुमान भौमिया के नेतृत्व में भी टीमें बनाई गई हैं, जो अलग-अलग राज्यों में संदिग्धों की तलाश कर रही हैं।
होटल से पकड़े गए थे दो इनामी शूटर
AGTF ने कुछ दिन पहले जोधपुर के एक होटल में कार्रवाई कर लॉरेंस गैंग से जुड़े दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया था। दोनों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के फाजिल्का निवासी जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा और अबोहर निवासी राजिंदर उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है।
दोनों फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस के मुताबिक इन पर पंजाब के अबोहर में कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा और फाजिल्का में साहिल सेन की हत्या में शामिल होने के आरोप हैं।
ये भी पढ़े:-
अवैध हिरासत में मारपीट पुलिस ड्यूटी नहीं, मुकदमे के लिए मंजूरी जरुरी नहीं
राजस्थान हाई कोर्ट का आदेश, यौन अपराधों में फोटो-वीडियो सीलबंद लिफाफे में हों पेश
राजस्थान हाई कोर्ट: 10 हजार सीनियर टीचर्स के प्रमोशन का रास्ता साफ, 28 याचिकाएं खारिज
राजस्थान हाई कोर्ट: शादी से राज्य बदलने पर महिलाओं को EWS लाभ से नहीं कर सकते वंचित