NEET पेपर लीक में आरोपी BJP के, इसलिए शांत है बुलडोजर, गहलोत ने भजनलाल सरकार पर लगाए आरोप

Mukesh Sharma | May 22, 2026, 18:34 IST
Photograph: (the sootr)
NEET पेपर लीक मामले पर राजस्थान के पूर्व CM अशोक गहलोत ने भजनलाल सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पकड़े गए आरोपी BJP नेता हैं इसलिए सरकार का बुलडोजर खामोश है। गहलोत ने NTA के विरोधाभासी बयानों को 24 लाख छात्रों के भविष्य के साथ मजाक बताया

News In Short

  • गहलोत का वार, NEET घोटाले में बीजेपी नेता पकड़े गए, इसलिए बुलडोजर खामोश।
  • एक ओर री-एग्जाम और दूसरी ओर पार्लियामेंट्री कमेटी के सामने पेपर लीक से इनकार।
  • NTA का यह विरोधाभास 24 लाख छात्रों के भविष्य के साथ क्रूर मजाक
  • जयपुर की सड़कों पर जनाक्रोश, पीसीसी के घेराव में उमड़े हजारों छात्र और अभिभावक।
  • पूर्व सीएम अशोक गहलोत का आरोप, गहरी नींद में सोई भजनलाल सरकार।

News In Detail

भारत की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET Exam) के पेपर लीक मामले की आंच अब राजस्थान की सियासत को पूरी तरह से झुलसाने लगी है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) द्वारा जयपुर की सड़कों पर किए गए हजारों कार्यकर्ताओं के घेराव प्रदर्शन के दूसरे दिन पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर हमला बोला है।



गहलोत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के रवैए पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा है कि अपराधियों के घरों पर तुरंत बुलडोजर चलाने का दम भरने वाली बीजेपी सरकारें आज इस मामले में इतनी लाचार और खामोश क्यों नजर आ रही हैं ?



गहलोत ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के शीर्ष नेतृत्व को आडे हाथों लेते हुए कहा है कि संस्था की अंदरुनी खींचतान और विरोधाभासी बयान देश के 24 लाख से अधिक परीक्षार्थियों के भविष्य के साथ क्रूर मजाक है।



पार्लियामेंट्री कमेटी के सामने अजीब दावा

गहलोत ने पोस्ट में दावा किया है कि NTA के अध्यक्ष प्रदीप जोशी ने संसदीय समिति के सामने स्पष्ट रुप से कहा है कि उनके अनुसार NEET का पेपर लीक नहीं हुआ था।



पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा है कि एक ओर NTA और सरकार ने विसंगतियों को देखते हुए कुछ जगहों पर पेपर रद्द करने या री-एग्जाम जैसे कदम उठाए हैं। दूसरी ओर NTA अध्यक्ष का पार्लियामेंट्री कमेटी के समक्ष पेपर लीक नहीं होने का दावा करना उनकी गंभीर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैए को दिखाता है।



गहरी नींद में है प्रशासनिक अमला

पूर्व सीएम अशोक गहलोत अपनी पोस्ट में गहलोत ने जयपुर में कांग्रेस पार्टी और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के बैनर तले हुए विशाल विरोध प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि युवाओं के इस जनाक्रोश को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।



गहलोत ने लिखा है कि ऐसा लगता है कि राजस्थान सहित देशभर में बड़ी संख्या में लोगों के सड़कों पर आने के बाद भी इनकी आंखें नहीं खुल रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि गुरुवार को जयपुर में पीसीसी ने कलेक्ट्रेट और प्रशासनिक दफ्तरों के घेराव में हजारों छात्र,अभिभावक और आम लोग उमड़ आए थे। इसके बावजूद भाजपा की सरकार और स्थानीय प्रशासन अभी भी गहरी नींद में सो रहे हैं और जनता की चीख-पुकार सुनने को तैयार नहीं हैं।



आरोपी बीजेपी के इसलिए शांत है बुलडोजर!

अशोक गहलोत ने उन्होंने सरकार की नीयत पर उंगली उठाई है। उन्होंने कहा कि वैसे तो भाजपा सरकारें हर छोटे-बड़े मामले में तुरंत आरोपियों के घरों पर बुलडोजर भेज देती है। लेकिन NEET पेपर लीक में इस बार भाजपा के अपने ही नेता और उनसे जुड़े लोग रंगे हाथों पकड़े गए हैं। इसलिए आज तक कोई सख्त कार्रवाई या बुलडोजर एक्शन नहीं हुआ है।



यह साफ दिखाता है कि कहीं न कहीं इस पेपर लीक को भाजपा एवं सरकार के बड़े नेताओं का सीधा संरक्षण प्राप्त है। इसलिए मामले को रफा-दफा करने और सच को छिपाने के प्रयास किए जा रहे हैं।



पेपर लीक, कभी भाजपा का था मुद्दा

राजस्थान की राजनीति में पेपर लीक कोई नया शब्द नहीं है। गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भाजपा के लिए पेपर लीक बड़ा मुद्दा था। वर्तमान भाजपा सरकार में मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने रीट—2021 पेपर लीक मामले में लगातार कई खुलासे किए और गहलोत सरकार केा जमकर घेरा था।



हाईकोर्ट तक पहुंची एबीवीपी

रीट पेपर लीक मामले में आरएसएस की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राजस्थान हाईकोर्ट में रीट पेपर लीक की जांच सीबीआई से करवाने के लिए जनहित याचिका भी दायर की थी। हालांकि हुआ कुछ नहीं, क्योंकि सरकार ने रीट परीक्षा रद्ध करके दुबारा करवा दी थी। अब NEET पेपर लीक मामले उसी एबीवीपी की चुप्पी पेपर लीक को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने का सबूत है।



​2023 के विधानसभा चुनाव में था मुद्दा

भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार के खिलाफ पेपर लीक को बड़ा मुद्दा बना दिया था। कांग्रेस इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने के बावजूद भाजपा के प्रचार तंत्र के कारण बैक-फुट पर आ गई थी।



हालांकि सत्ता में आने के बाद भाजपा पेपर लीक मामले में एसआईटी बनाने,आरोपियों को पकड़ने,आरोपियेां के खिलाफ मुकदमे चलाने के दावे करती है। NEET पेपर लीक मामले में भाजपा नेता और उसके भाई की गिरफ्तारी के बाद से अब तक बुलडोजर एक्शन नहीं होने पर गहलोत भाजपा सरकार की नीयत पर सवाल उठा रहे हैं।



ये भी पढे़:-

खुले नाले में गिरने से पूर्व प्रिंसिपल की मौत, एक्सएन, एएन और जेईएन निलंबित, ठेकेदार ब्लैकलिस्ट



RPSC Recruitment 2026: स्कूल लेक्चरर के इतने पदों पर निकली भर्ती, 1 जून से आवेदन



छात्र से रिश्वत लेते दो डॉ. के.एन. मोदी यूनिवर्सिटी के दो प्रोफेसर गिरफ्तार, हाजिरी सही करने के बदले मांगे थे पैसे



कंटेनर के केबिन काटकर सामान चुराती थी गैंग, दिल्ली के बाजार में बिकता था चोरी का माल



Tags:
  • BJP
  • अशोक गहलोत
  • भारतीय जनता पार्टी
  • PCC
  • NEET
  • NTA
  • neet exam
  • पेपर लीक
  • राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी