वोट जनता का, छुट्टी प्रत्याशियों की: राजस्थान में रिजल्ट से पहले ‘रिसॉर्ट राज’

Raghvendra Singh Rathore | Published:
राजस्थान में रिजल्ट से पहले छिड़ा रिसॉर्ट राज
राजस्थान में रिजल्ट से पहले छिड़ा रिसॉर्ट राज
कहीं प्रशिक्षण के नाम पर होटल, कहीं धार्मिक यात्रा का प्लान, जयपुर में 150 कमरों का रिसॉर्ट बुक, बाड़मेर में 130 से ज्यादा प्रत्याशी ‘सुरक्षित’—सोशल मीडिया पर परिवार के साथ रवाना होते उम्मीदवारों के वीडियो ने बाड़ाबंदी को बनाया सियासी पिकनिक

जाने क्या है मामला...

  • वोट जनता का, छुट्टी प्रत्याशियों की, चला रिसॉर्ट राज
  • जयपुर में 150 कमरे बुक, बाड़मेर में 130 प्रत्याशी सुरक्षित
  • परिवार के साथ रवाना हुए उम्मीदवार, वीडियो वायरल
  • 14 सितंबर तक होटल में बंद रहेगी नेताओं की किस्मत
  • मुकाबला करीबी, इसलिए शुरू हुई बाड़ाबंदी की सियासत

राजस्थान में निकाय चुनाव की वोटिंग खत्म हुई तो जनता घर लौट गई, लेकिन प्रत्याशियों की नई यात्रा शुरू हो गई। कोई बस में बैठकर होटल पहुंचा, कोई रिसॉर्ट और कोई गोपनीय ठिकाने की ओर रवाना हो गया। कुछ वायरल वीडियो में तो प्रत्याशियों के साथ बच्चे और परिवार के सदस्य भी नजर आ रहे हैं। यानी चुनावी बाड़ाबंदी अब ऐसी दिख रही है मानो पार्षद बनने निकले थे, पैकेज टूर मिल गया।



14 सितंबर को मतगणना होनी है। तब तक बीजेपी और कांग्रेस दोनों की सबसे बड़ी चिंता EVM नहीं, बल्कि अपने ही प्रत्याशी हैं। डर है कि नतीजे करीबी रहे तो कहीं फोन किसी और पार्टी का न आ जाए, निर्दलीय पाला न बदल लें या बोर्ड बनाने से पहले ही ‘राजनीतिक पर्यटन’ शुरू न हो जाए। यही वजह है कि वोटिंग पूरी होते ही राजस्थान के कई शहरों में होटल-रिसॉर्ट राजनीति तेज हो गई है।



जयपुर में कांग्रेस ने 150 कमरे बुक किए

जयपुर में कांग्रेस ने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी के लिए 150 कमरों वाला रिसॉर्ट बुक कराया है। पार्टी ने विधायकों और विधानसभा चुनाव लड़ चुके नेताओं को अपने-अपने प्रत्याशियों को सुरक्षित ठिकाने तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी है। राजस्थान के भीतर ही प्रत्याशियों को रखने की योजना है।



उधर बीजेपी भी पीछे नहीं है। जयपुर नगर निगम के प्रत्याशियों को होटल में रखकर करीब तीन दिन का ‘प्रशिक्षण और रणनीति कार्यक्रम’ बनाया गया है। मकसद नतीजों और आगे मेयर चुनाव तक प्रत्याशियों को एकजुट रखना बताया जा रहा है।



यानी कांग्रेस के यहां इसे बाड़ाबंदी कहिए और BJP के यहां प्रशिक्षण, मंजिल फिलहाल दोनों की होटल ही है।



पुष्कर से माउंट आबू तक खुला चुनावी टूर सर्किट

प्रत्याशियों को सिर्फ अपने शहर के होटल में नहीं रखा जा रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक पुष्कर, रणथंभौर, उदयपुर और माउंट आबू जैसे पर्यटन स्थलों तक प्रत्याशियों को ले जाने की तैयारियां हैं। हाड़ौती में कहीं धार्मिक यात्रा के नाम पर उम्मीदवारों को बाहर भेजा जा रहा है तो कहीं ठिकाने तक गुप्त रखे जा रहे हैं।



अब तस्वीर कुछ यूं है जनता सड़क, सफाई, सीवर और पानी के मुद्दे पर वोट डाल चुकी है और उम्मीदवार नतीजे आने तक राजस्थान दर्शन पर निकल रहे हैं।



बूंदी के 60 प्रत्याशी बस में, भरतपुर के 45 पहुंचे जयपुर

बूंदी में BJP के करीब 60 प्रत्याशियों को अलग-अलग बसों से जिले से बाहर भेजा गया। इनमें 35 प्रत्याशियों की एक बस भीलवाड़ा के लिए रवाना हुई, जबकि करीब 25 अन्य प्रत्याशी दूसरी बस से भेजे गए।



भरतपुर में भी BJP ने करीब 45 प्रत्याशियों को दो बसों में जयपुर शिफ्ट किया। रिपोर्ट के मुताबिक इन्हें दिल्ली रोड स्थित एक बड़े होटल में ठहराया गया।



इसे लोकतंत्र का नया ट्रैवल प्लान भी कह सकते हैं टिकट चुनाव का मिला था, बस का टिकट रिजल्ट से पहले मिल गया।



बाड़मेर में मामला मजाक से आगे, 130 से ज्यादा प्रत्याशी बाड़ाबंदी में

हालांकि बाड़ाबंदी हर जगह हंसी-मजाक तक सीमित नहीं है। बाड़मेर में स्थिति ज्यादा गंभीर रही। BJP और कांग्रेस के 130 से ज्यादा प्रत्याशियों को अलग-अलग जगहों पर रखे जाने की रिपोर्ट सामने आई। यहां कांग्रेस के भीतर अलग-अलग धड़ों में प्रत्याशियों को रखने की बात भी सामने आई है।



बाड़मेर में एक कांग्रेस प्रत्याशी को कथित तौर पर ले जाने की कोशिश को लेकर विवाद हुआ और पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा। BJP-कांग्रेस के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों को लेकर भी खींचतान है।



यानी कहीं बाड़ाबंदी सियासी कॉमेडी है तो कहीं बोर्ड बनाने की लड़ाई इतनी गंभीर हो चुकी है कि उम्मीदवार की ‘लोकेशन’ ही सबसे कीमती राजनीतिक जानकारी बन गई है।



वीडियो में परिवार भी साथ, बाड़ाबंदी या फैमिली पैकेज?

इसी बीच सोशल मीडिया पर प्रत्याशियों की रवानगी के वीडियो भी चर्चा में हैं। एक वीडियो में उम्मीदवारों के साथ बच्चे और परिवार के सदस्य भी जाते दिख रहे हैं।



अब सियासी गलियारों में मजाक चल रहा है “बाड़ाबंदी अकेले नेताजी की है या परिवार का पैकेज भी पार्टी ने ही कराया है?”



हालांकि परिवार साथ होने की वजह सामान्य भी हो सकती है, लेकिन चुनावी माहौल में तस्वीर ने सोशल मीडिया को पूरा मसाला दे दिया है। क्योंकि आम तौर पर बाड़ाबंदी का मतलब प्रत्याशियों को राजनीतिक संपर्क से दूर रखना होता है, यहां दृश्य किसी फैमिली ट्रिप जैसा नजर आ रहा है।



असल डर होटल का नहीं, मेयर-सभापति की कुर्सी का है

इस पूरे ‘रिसॉर्ट राज’ के पीछे असली कहानी 14 सितंबर के बाद शुरू होगी। निकाय चुनाव में कई जगह मुकाबला बेहद करीबी है। निर्दलीय अगर अच्छी संख्या में जीतते हैं तो बोर्ड बनाने के लिए उनकी जरूरत पड़ सकती है। जयपुर में भी रिकॉर्ड मतदान के बाद निर्दलीयों की भूमिका को अहम माना जा रहा है।



इसलिए दोनों पार्टियां अभी से अपने प्रत्याशियों को एक साथ रख रही हैं। कारण साफ है पार्षद चुनाव जीतना पहला चरण है, मेयर या सभापति बनाना असली परीक्षा।



जब बहुमत एक-दो सीट पर अटकता है तो एक पार्षद की कीमत राजनीतिक तौर पर कई गुना बढ़ जाती है। फोन, मुलाकात, समर्थन और क्रॉस वोटिंग की आशंका यहीं से पैदा होती है।



जनता ने वोट संभाला, अब पार्टियां प्रत्याशी संभाल रही हैं

राजस्थान के इस चुनाव का दिलचस्प दृश्य यही है। प्रचार के दौरान प्रत्याशी जनता को मनाने घर-घर घूम रहे थे। मतदान खत्म होते ही पार्टियों को अपने प्रत्याशियों को संभालने की जरूरत पड़ गई। पहले प्रत्याशी जनता के दरवाजे पर थे, अब प्रत्याशियों के दरवाजे पर पार्टी का पहरा है।



14 सितंबर को EVM खुलेगी तो पता चलेगा किस पार्टी के कितने उम्मीदवार पार्षद बने। उसके बाद होटल के कमरे खुलेंगे और असली जोड़-तोड़ का गणित शुरू होगा।



फिलहाल राजस्थान की निकाय राजनीति का हाल इतना ही है जनता वोट देकर घर आ गई, प्रत्याशी बैग लेकर रिसॉर्ट चले गए… और पार्टियां गिन रही हैं अपने आदमी पूरा है न?



ये खबर भी पढे़:-

राजस्थान,768 केसों में अभियोजन मंजूरी का इंतजार,आरएएस पंकज ओझा मामला ठंडे बस्ते में



एवोकाडो की खेती से बढ़ेगी किसानों की कमाई, 500 रुपए का है बाजार भाव



हनुमानगढ़ में मतदान केंद्र पर प्रत्याशियों में हाथापाई, हमले का लगाया आरोप



पंजाब चुनाव से पहले क्या CM का चेहरा आगे रखेगी कांग्रेस? सचिन पायलट ने बताया प्लान



Tags:
  • राजस्थान
  • जयपुर
  • उदयपुर
  • बाड़मेर
  • भरतपुर