राजस्थान रॉयल्स की हो रही नीलामी, जानिए 12,000 करोड़ की रेस में कौन?
News In Short
- राजस्थान रॉयल्स अब बेचेगी अपनी बड़ी हिस्सेदारी।
- बोली में टीम की वैल्यूएशन 7,737 करोड़ से बढ़कर 12,074 करोड़ तक पहुंची।
- आदित्य बिड़ला ग्रुप, वालमार्ट, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप और कैपरी ग्लोबल रेस में।
- फिलहाल एमर्जिंग मीडिया, रेडबर्ड कैपिटल पार्टनर्स व लचलान मर्डोक मालिक।
News In Detail
जागेश्वर प्रसाद @ जयपुर
आईपीएल 2026 के 28 मार्च 2026 से शुरू हो रहे सीजन से पहले मैदान के बाहर एक बड़ा खेल चल रहा है। आईपीएल की पहली चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स अपनी मेजोरिटी स्टेक (बहुमत हिस्सेदारी) बेचने जा रही है। इस रेस में चार बड़े नाम सामने आए हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा ललित मोदी की वापसी को लेकर हो रही है।
7,000 करोड़ की टीम, 12,000 करोड़ की बोली
ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंक 'रैने ग्रुप' इस बिक्री प्रक्रिया को संभाल रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस टीम की वैल्यू करीब 7,737 करोड़ रुपए ($833 Million) आंकी गई थी, बोली लगते-लगते उसकी कीमत 12,074 करोड़ रुपए ($1.3 Billion) तक पहुंच गई है।
मैदान में उतरे ये 4 दिग्गज
राजस्थान रॉयल्स को अपने नाम करने के लिए इन चार ग्रुप्स के बीच कांटे की टक्कर है
(i) आदित्य बिड़ला ग्रुप और डेविड ब्लिट्जर: बिजनेस टाइकून कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे आर्यमन बिड़ला कभी इस टीम के खिलाड़ी थे। अब बिड़ला ग्रुप अमेरिकी इन्वेस्टर डेविड ब्लिट्जर के साथ मिलकर टीम का मालिक बनने की कोशिश में है।
(ii) ललित मोदी और वालमार्ट कनेक्शन: यूएस बेस्ड काल सोमानी, वालमार्ट के वारिस रोब वाल्टन और आईपीएल के जन्मदाता ललित मोदी के साथ मिलकर दांव लगा रहे हैं। हालांकि, रॉयल्स प्रबंधन ने फिलहाल मोदी के नाम से इनकार किया है, लेकिन सुगबुगाहट तेज है।
(iii) टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप: मीडिया जगत का बड़ा नाम बेनेट एंड कोलमैन (Times Internet) भी इस फाइनल बिडिंग की रेस में शामिल है।
(iv) कैपरी ग्लोबल: 'डार्क हॉर्स' मानी जा रही यह कंपनी पहले से ही डब्लूपीएल में यूपी वारियर्स औरआईएलटी-20 में शारजाह वारियर्स की मालिक है और अब राजस्थान रॉयल्स पर नजरें गड़ाए हुए है।
ललित मोदी की वापसी: हकीकत या अफवाह?
अगर ललित मोदी इस डील के जरिए वापस आते हैं तो यह आईपीएल के इतिहास का सबसे बड़ा यू-टर्न होगा। हालांकि अधिकारिक रूप से अभी कुछ नहीं कहा गया है, लेकिन बिडिंग लिस्ट के साथ उनका नाम आने से क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्साह और विवाद दोनों बढ़ गए हैं।
वर्तमान में कौन है मालिक?
फिलहाल राजस्थान रॉयल्स के मालिकाना हक में मनोज बदाले (एमर्जिंग मीडिया), रेडबर्ड कैपिटल पार्टनर्स और लचलान मर्डोक जैसे नाम शामिल हैं। अब देखना यह है कि 16 मार्च को खत्म हुई डेडलाइन के बाद ऊंट किस करवट बैठता है।
राजस्थान रॉयल्स हमेशा से 'स्मार्ट मनी' और कम बजट में बड़े सितारों को खोजने के लिए जानी जाती रही है। अब 1.3 बिलियन डॉलर की भारी-भरकम वैल्यूएशन यह साबित करती है कि यह टीम अब 'रॉयल' से 'सुपर रॉयल' बनने की ओर अग्रसर है।
ये भी पढे़:-
पाकिस्तान से सटे इलाके में दौड़ेगी रेल, सेना की आवाजाही और कनेक्टिविटी में होगा सुधार
नसबंदी के बाद संतान, अस्पताल पर गंभीर आरोप, महिला ने कोर्ट में किया केस
पंजाब ने पानी के बदले मांगी 1.44 लाख करोड़ की वाटर रॉयल्टी, राजस्थान की चिंता बढ़ी
राजस्थान में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी, क्या कांग्रेस अपनी सीट सुरक्षित रख पाएगी?