SET 2026 आज: जानिए क्या ले जाना है सेंटर पर और क्या नहीं

Jageshwar prasad | Sept 12, 2026, 07:56 IST
SET परीक्षा 13 सितंबर को, 1.77 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
कोटा विश्वविद्यालय आज SET-2026 परीक्षा आयोजित कर रहा है। 7 संभागों में 429 केंद्रों पर 1.77 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सुबह 10 बजे के बाद किसी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रवेश-पत्र, आधार कार्ड और फोटो जरूरी हैं।

समझें क्या है पूरा मामला

  • SET परीक्षा 2026 आज, 1.77 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा।
  • सुबह 10 बजे के बाद किसी अभ्यर्थी को नहीं मिलेगी एंट्री।
  • परीक्षा के 7 संभागों में 429 केंद्र, जयपुर में सबसे ज्यादा 78 हजार।
  • आधार कार्ड, प्रवेश-पत्र और फोटो जरूरी, मोबाइल पर बैन।
  • ऑफलाइन मोड में होगी परीक्षा, 37 विषयों में पंजीकृत अभ्यर्थी।

कोटा विश्वविद्यालय की ओर से आज सहायक आचार्य के लिए राज्य पात्रता परीक्षा (SET)-2026 आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा 7 संभाग जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, कोटा, अजमेर व भरतपुर में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक एक पारी में ऑफलाइन मोड पर होगी।



37 विषयों में 1 लाख 77 हजार 901 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। 429 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सुबह 10 बजे के बाद किसी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।



कहां कितने अभ्यर्थी

जयपुर में सबसे अधिक 78 हजार तो भरतपुर में सबसे कम 8 हजार से अधिक अभ्यर्थी बैठेंगे। इसके अलावा जोधपुर में 22,609, बीकानेर 22,281, उदयपुर 17,320, कोटा 14,839, अजमेर संभाग में 13,753 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन यूजीसी-नेट के नवीनतम मानकों के अनुरूप किया जाएगा।



ये दस्तावेज जरूरी

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश-पत्र की रंगीन प्रति, मूल फोटोयुक्त पहचान-पत्र के रूप में केवल आधार कार्ड तथा ऑनलाइन आवेदन के समय अपलोड की गई फोटो से मेल खाती एक रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी।



अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 9 से 10 बजे तक होगी। 10 बजे बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।



किन चीजों पर है बैन

परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, पुस्तक, नोट्स आदि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।



अभ्यर्थियों को आधी आस्तीन के हल्के रंग के कपड़े तथा कम हील वाली चप्पल या सैंडल पहनकर आने की सलाह दी गई है।



धार्मिक, पारंपरिक अथवा सांस्कृतिक पोशाक में आने वाले अभ्यर्थियों की सुरक्षा जांच के दौरान विशेष रूप से तलाशी ली जाएगी। अभ्यर्थी अपने साथ केवल काले या नीले बॉल पेन लेकर आएं।



ओएमआर शीट पर व्हाइटनर, ब्लेड अथवा किसी अन्य वस्तु का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा। अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए जाने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।



परीक्षा केंद्र की पहचान जरूरी

परीक्षा समन्वयक प्रो. घनश्याम शर्मा ने बताया कि प्रवेश-पत्र पर अंकित परीक्षा केंद्र और रोल नंबर के कोड को केवल सांकेतिक न मानते हुए परीक्षा केंद्र की वास्तविक लोकेशन पहले से सुनिश्चित कर लें।



इसके लिए परीक्षा से एक दिन पूर्व केंद्र पर जाकर स्थान की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो।



ये भी पढ़ें:-

राजस्थान SET 2026 की पात्रता, फीस और परीक्षा पैटर्न, सब कुछ यहां जानें



22 जून से RPSC असिस्टेंट प्रोफेसर के इंटरव्यू शुरू, जानें पूरा शेड्यूल



RPSC में दो नए सदस्य नियुक्त, केसरी सिंह बने कार्यवाहक अध्यक्ष



नहीं थम रहा सुनीता मिश्रा के विवादित बयान पर मचा कोहराम, अब कोटा विश्वविद्यालय के कुलगुरु ने मांगा इस्तीफा





Tags:
  • राज्य पात्रता परीक्षा
  • SET
  • कोटा विश्वविद्यालय
  • सहायक आचार्य