जनसुनवाई में अफरा-तफरी, अधिकारी-कर्मचारियों ने भाजपा विधायक पर चलाए लात-घूंसे, लोगों ने किया बीच-बचाव
News In Short
- श्रीगंगानगर में भाजपा विधायक जनसुनवाई में आए अफसर और कर्मचारियों से उलझ गए।
- स्थिति इतनी गंभीर हुई कि अफसर और कर्मचारियों ने विधायक पर लात-घूंसे चलाए।
- इस मारपीट में विधायक जयदीप बिहानी की आंख के नीचे गंभीर चोट आई हैं।
- जनसुनवाई में मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर दोनों पक्षों को कराया शांत।
- विधायक की शिकायत पर आई पुलिस ने दो आरोपियों को लिया हिरासत में।
News In Detail
Sriganganagar: राजस्थान के श्रीगंगानगर में गुरुवार को जनता की समस्याओं का समाधान करने बैठे भाजपा विधायक जयदीप बिहानी वहां आए अधिकारियों से उलझ गए। मामला इतना बढ़ा कि आरयूआईडीपी और एलएनटी के कर्मचारी-अधिकारियों ने विधायक बिहानी पर लात-घूंसे चलाए। इसमें विधायक की आंख के नीचे गंभीर चोट आई हैं। घटना के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया।
आखिर क्यों भड़का विवाद?
श्रीगंगानगर में पिछले एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह चरमराई हुई है। करनपुर रोड और पुरानी आबादी जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में बूंद-बूंद पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची है। इसी संकट के समाधान के लिए विधायक जयदीप बिहानी ने आरयूआईडीपी और एलएनटी कंपनी के अधिकारियों को अपने कार्यालय में जनसुनवाई के लिए बुलाया था।
विधायक का आरोप है कि अधिकारी पिछले कई दिनों से फोन पर संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे थे। जब वे कार्यालय पहुंचे, तो विधायक ने उनसे 550 करोड़ रुपये की जल योजना में हो रही देरी और जनता की परेशानी पर कड़ाई से सवाल पूछे। इसी बहस के दौरान अधिकारियों ने अपना आपा खो दिया और अचानक विधायक पर लात-घूंसे चला दिए।
हमले का घटनाक्रम: आँखों देखी
प्रत्यक्षदर्शियों और विधायक के अनुसार जब पेयजल व्यवस्था में लापरवाही को लेकर जवाब-तलबी की जा रही थी, तब वहां मौजूद आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता और एलएनटी के कर्मचारी तैश में आ गए। उन्होंने और उनके साथ कर्मचारियों ने विधायक बिहानी के चेहरे पर घूंसे मारे।
हमले के कारण विधायक की आंख के निचले हिस्से में चोट लगी और सूजन आ गई। मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत बीच-बचाव किया और अधिकारियों को काबू में किया। दूसरे पक्ष का कहना है कि भाजपा विधायक ने उनसे बदतमीजी की और उनसे उलझ गए।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। नगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने पुष्टि की है कि दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। विधायक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जी जा रही है।
550 करोड़ की योजना और अधूरी प्यास
विधायक जयदीप बिहानी ने इस घटना के बाद अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि शहर में जल योजना का काम अपनी समय सीमा पार कर चुका है, लेकिन अधिकारी काम पूरा करने के बजाय बदतमीजी पर उतारू हैं। उन्होंने कहा, करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी जनता प्यासी है। अधिकारियों की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह हमला केवल मुझ पर नहीं, बल्कि श्रीगंगानगर की जनता की आवाज पर है। कुछ लोगों ने इस विवाद के पीछे कमीशनबाजी वजह बताई है।
विधायक भेजेंगे रिपोर्ट
विधायक ने इस पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्य सचिव को भेजने का निर्णय लिया है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता विधायक कार्यालय और थाने पर जमा हो गए। कार्यकर्ताओं ने दोषी अधिकारियों को तुरंत सस्पेंड करने और जेल भेजने की मांग की है। पुलिस अब कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमले की वास्तविक कड़ियों को जोड़ा जा सके।
ये भी पढे़:-
राजस्थान पुलिस की नई पहल, अब परिवादी के सामने ही शिकायत होगी ऑनलाइन अपलोड
आबरा का डाबरा गिली-गिली छू, 50 गार्डों के पहरे से नन्हा गोडावण चंपत