एसआई भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए बढ़ाई निगरानी, नकल गैंग की सूचना देने पर मिलेगा 1 लाख का इनाम
News In Short
- 5 और 6 अप्रैल को SI और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2025 होगी आयोजित।
- एसओजी ने नकल गिरोह की सूचना देने पर 1 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की।
- परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोकॉपी की दुकानों और साइबर कैफे को बंद रखने का आदेश।
- सादी वर्दी में तैनात जवानों द्वारा संदिग्ध इलाकों और वाहनों की की जा रही है चेकिंग।
- परीक्षार्थियों से किसी भी तरह के फर्जीवाड़े या पेपर लीक के झांसे में न आने की अपील।
News In Detail
Jaipur: राजस्थान में सब इंस्पेक्टर (SI) एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2025 को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी 5 और 6 अप्रैल को होने वाली इस परीक्षा में करीब साढ़े सात लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। ऐसे में पिछली भर्तियों में हुए पेपर लीक और नकल के मामलों को देखते हुए इस बार पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। एसओजी (स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप) ने फर्जीवाड़ा पर शिकंजा कसने के लिए कई कड़े कदम उठाए हैं। इसमें सबसे खास नकल गिरोह की सूचना देने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया गया है।
7.70 लाख अभ्यर्थी, 1174 केंद्र, 41 शहर
एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि 5 और 6 अप्रैल को प्रदेश के 26 जिलों के 41 शहरों में कुल 1174 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब 7.70 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे। इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए एसओजी, राजस्थान पुलिस और अन्य सभी एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। उन्होंने साफ किया कि परीक्षा को नकल-मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए हर संभव कदम उठाया जा रहा है।
नकल गैंग की सूचना पर 1 लाख का इनाम
एसओजी ने फर्जीवाड़े और पेपर लीक की कोशिशों को नाकाम करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। नकल गिरोह या पेपर लीक करने वालों की सही सूचना देने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। कोई भी व्यक्ति एसओजी के वॉट्सऐप नंबर 9530429258 पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध जानकारी दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी, जिससे लोग बिना किसी डर के जानकारी साझा कर सकें।
फोटोकॉपी और साइबर कैफे रहेंगे बंद
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री के आदान-प्रदान को रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोकॉपी की दुकानों और साइबर कैफे को पूरी तरह बंद रखने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा पेपर लीक और नकल गिरोह से जुड़े सभी संदिग्ध बदमाशों पर पहले से ही निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में एक विस्तृत एसओपी भी जारी कर दी है, जिसके तहत हर जिले के पुलिस अधीक्षक को अपने स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
सादी वर्दी में जवान होगें तैनात
एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि सादी वर्दी में तैनात एसओजी के जवान परीक्षा केंद्रों के आसपास और अन्य संदिग्ध इलाकों में गश्त करेंगे। हर संदिग्ध गतिविधि पर उनकी पैनी नजर रहेगी। प्रदेशभर में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग अभी से शुरू कर दी गई है, जो परीक्षा समाप्त होने तक जारी रहेगी। रात के समय होने वाली आवाजाही पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि प्रश्न पत्रों की सुरक्षा से कोई छेड़छाड़ न हो सके।
प्रश्न पत्रों की डबल लॉक सुरक्षा, विशेष बल तैनात
प्रश्न पत्रों को लेकर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रश्न पत्रों को जिला ट्रेजरी में डबल लॉक के तहत रखा जाएगा, जहाँ विशेष सुरक्षा बल तैनात रहेगा। इन कमरों तक सिर्फ अधिकृत अधिकारियों की ही पहुंच होगी। साथ ही, हर परीक्षा केंद्र पर भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
अभ्यर्थी झांसे में न आएं, सूचना दें
एडीजी बंसल ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के फर्जीवाड़े या पेपर लीक के झांसे में न आएं। अगर कोई उन्हें नकल या अवैध तरीके से परीक्षा पास कराने का झांसा देता है, तो तुरंत एसओजी को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार और पुलिस पूरी तरह से सख्त है और पिछली बार की गलतियों को दोहराने नहीं दिया जाएगा। एक निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ही हमारा लक्ष्य है।
ये भी पढे़:-
नहीं मिले लेक्चरर, सिर्फ 6 कैंडिडेट्स ने की पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा पास, कॉमर्स के भी हाल खराब