सरकारी शिक्षक ने गैंगस्टर बन मांगी 1 करोड़ 40 लाख की फिरौती, पुलिस ने किया गिरफ्तार
News In Short
- राजस्थान के बांसवाड़ा में सरकारी शिक्षक ने व्यापारियों से 1.40 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी।
- आरोपी विकेश कुमार ने ऑनलाइन गेमिंग और कर्ज के कारण खुद को गैंगस्टर बताया था।
- पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपी का रूट ट्रैक किया और उसे गिरफ्तार किया।
- आरोपी ने व्यापारियों से धमकी देकर पैसे की मांग की थी और परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
- पुलिस ने फिरौती की साजिश का पर्दाफाश कर दिया और आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार किया।
News In Detail
राजस्थान के बांसवाड़ा में एक सरकारी शिक्षक की करतूत ने सबके होश उड़ा दिए। दरअसल, ऑनलाइन गेमिंग की लत और बढ़ते कर्ज के कारण एक शिक्षक ने खुद को गैंगस्टर बताकर दो व्यापारियों से 1.40 करोड़ की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने मामले की जांच कर शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
कर्ज के कारण बना फर्जी गैंगस्टर
आरोपी विकेश कुमार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चुडाडा में सेकंड ग्रेड शिक्षक के रूप में कार्यरत था। एक साल पहले ऑनलाइन गेमिंग में भारी रकम हार चुका था। जांच में यह बात सामने आई कि उसे करीब 80 लाख रुपए का कर्ज था।
इसे चुकाने के लिए उसने कई लोन लिए और अपने रिश्तेदारों के गहनों को गिरवी रख दिया। फिर कर्ज चुकाने के लिए उसने खुद को एक गैंगस्टर बताकर व्यापारियों से फिरौती मांगने की योजना बनाई।
व्यापारियों से मांगी फिरौती
विकेश ने पहले व्यापारियों का बारीकी से सर्वे किया। उसने फार्म हाउस के चौकीदार से संपर्क कर सेठ की संपत्ति का ब्योरा जुटाया। 30 मार्च को उसने एक व्यापारी की दुकान के शटर के नीचे धमकी भरा पत्र डाला। इसमें उसने 90 लाख रुपए की मांग की। उसी दिन दूसरे व्यापारी से भी 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी और धमकी दी कि यदि पैसे नहीं मिले तो वह परिवार को जान से मार देगा।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
31 मार्च को व्यापारियों की शिकायत के बाद एसपी सुधीर जोशी के नेतृत्व में पुलिस ने सक्रियता दिखाई। करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने आरोपी की मूवमेंट ट्रैक की और उसे उसके गांव टिम्बा महुडी (कुशलगढ़) से गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढे़:-
पंजीकरण कहीं और इलाज कर रहे दूसरे राज्य, तीन साल बाद भी डॉक्टरों का डेटाबेस तैयार नहीं
अवैध खनन करने वालों से वसूली में दो आरपीएस एपीओ, आईपीएस पहले ही हटाए
फर्जी आधार-पैन से डीजीएफटी पोर्टल में सेंध, निर्यातकों के 400 करोड़ रुपए डकारे
मंत्री के स्वागत में हर्ष फायरिंग, देखती रह गई पुलिस, वीडियो वायरल होने से हड़कंप