मणिपुर के नए CS बनेंगे राजस्थान कैडर के सीनियर आईएएस राजीव सिंह ठाकुर

Mukesh Sharma | Aug 29, 2026, 16:22 IST
आईएएस राजीव ठाकुर
राजस्थान कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राजीव सिंह ठाकुर को मणिपुर का मुख्य सचिव बनाए जाने की तैयारी केंद्र सरकार कर रही है। राजीव सिंह ठाकुर 1995 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।

समझें क्या है पूरा मामला

  • राजस्थान कैडर के आईएएस राजीव ठाकुर मणिपुर भेजे गए।
  • मुख्य सचिव पद के लिए ठाकुर का नाम चर्चा में।
  • मणिपुर के मौजूदा मुख्य सचिव 31 अगस्त को रिटायर होंगे।
  • ठाकुर 1995 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं।
  • अंतिम फैसला मणिपुर सरकार को लेना है।

राजस्थान कैडर के वरिष्ठ आईएएस राजीव सिंह ठाकुर को मणिपुर कैडर में भेजा गया है। उनके मणिपुर जाने के साथ ही यह चर्चा तेज हो गई है कि वे राज्य के अगले मुख्य सचिव बन सकते हैं। मणिपुर के मौजूदा मुख्य सचिव डॉ. पुनीत कुमार गोयल 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में उनके बाद प्रशासनिक कमान किसे मिलेगी, इस पर सबकी नजर है। हालांकि अभी यह सिर्फ चर्चा और संभावना के स्तर पर है, अंतिम फैसला सरकार को करना है।



नीति आयोग से मणिपुर भेजे गए ठाकुर

राजीव सिंह ठाकुर फिलहाल नीति आयोग (NITI Aayog – National Institution for Transforming India) में सचिव स्तर पर सलाहकार के पद पर तैनात हैं। केंद्र में जिम्मेदारी निभाने के बीच अब उन्हें मणिपुर कैडर में भेजने का फैसला लिया गया है। यह कदम इंटर-कैडर डेपुटेशन के तहत उठाया गया है, जिसके तहत किसी IAS अधिकारी को उसके मूल कैडर से हटाकर एक तय अवधि के लिए दूसरे राज्य के कैडर में तैनात किया जाता है। ठाकुर मूल रूप से राजस्थान कैडर के अधिकारी हैं और अब उन्हें मणिपुर कैडर में जिम्मेदारी दी जाएगी।



लंबा प्रशासनिक अनुभव, मजबूत दावेदारी

ठाकुर का लंबा प्रशासनिक अनुभव और वरिष्ठता उन्हें मुख्य सचिव पद के लिए मजबूत दावेदार बनाती है। मणिपुर के मौजूदा मुख्य सचिव के रिटायरमेंट के बाद नई नियुक्ति को लेकर सरकार का फैसला आना बाकी है, लेकिन राजस्थान कैडर के इस वरिष्ठ अधिकारी को मणिपुर भेजे जाने के बाद उनका नाम इस दौड़ में प्रमुखता से सामने आया है।



छत्तीसगढ़ से जुड़ी हैं जड़ें

राजीव सिंह ठाकुर मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के रहने वाले हैं। वे 1995 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उन्हें राजस्थान कैडर मिला था।



राजस्थान के कई जिलों में निभाई जिम्मेदारी

अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत में राजीव सिंह ठाकुर पाली और राजसमंद में उपखंड अधिकारी (SDM – Sub-Divisional Magistrate) रहे। इसके बाद वे जयपुर में अतिरिक्त जिला कलेक्टर बने। वर्ष 2001 में उन्हें बांसवाड़ा जिले का कलेक्टर बनाया गया, जहां उन्होंने करीब डेढ़ साल तक काम किया। इसके बाद वे भीलवाड़ा, अलवर, करौली और श्रीगंगानगर जिलों के भी कलेक्टर रह चुके हैं। वर्ष 2007 से 2008 तक वे एक ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत जापान में रहे।



2029 में रिटायरमेंट के साथ पूरा होगा कार्यकाल

आईएएस राजीव सिंह ठाकुर का मणिपुर कैडर में कार्यकाल 30 जून 2029 तक तय किया गया है। खास बात यह है कि इसी दिन उनकी सेवानिवृत्ति भी होनी है। ऐसे में अगर उन्हें मणिपुर का मुख्य सचिव बनाया जाता है, तो वे सेवानिवृत्ति तक राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में अहम भूमिका निभा सकते हैं।



ये खबर भी पढे़:-

सोनिया की किताब पर रार, गहलोत का केंद्र पर निशाना, RSS को कहा नक्सली सोच



बागियों के खौफ से डरी BJP-कांग्रेस, सिंबल देने का निकाला नया तोड़!



अलवर जिला परिषद में एसी रिपेयरिंग के नाम पर 2.60 लाख का बिल, फिलहाल रुका भुगतान



जोधपुर में गोशाला में 1 करोड़ का फर्जीवाड़ा, दो सगे भाइयों पर आरोप







Tags:
  • नीति आयोग
  • मणिपुर
  • छत्तीसगढ़
  • आईएएस राजीव सिंह ठाकुर