RAS 2024 Result: लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प से हासिल की तीसरी रैंक, जानिए नवनीत शर्मा की सफलता की कहानी
News In Short
- नवनीत शर्मा ने RAS 2024 में तीसरी रैंक हासिल की।
- नवनीत ने 2023 में 87वीं रैंक को सुधारते हुए टॉप-3 में जगह बनाई।
- नवनीत शर्मा अजमेर में राजस्व विभाग के डब्ल्यूआर पद पर प्रशिक्षण ले रहे हैं।
- आरपीएससी ने RAS 2024 के परिणाम में 10 अभ्यर्थियों का परिणाम रोका।
- प्रदेश को जल्द ही 1096 नए प्रशासनिक अधिकारी मिलेंगे।
News In Detail
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की आरएएस परीक्षा-2024 में भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा निवासी नवनीत शर्मा ने तीसरी रैंक हासिल की। उनकी इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि इरादा मजबूत हो और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो कोई भी मुश्किल रुकावट नहीं डाल सकती। खास बात यह है कि नवनीत को RAS परीक्षा 2023 में 87वीं रैंक मिली थी। इस बार उन्होंने इस में सुधारते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
अंडर ट्रेनिंग रहते हुए की पढ़ाई
नवनीत शर्मा अभी अजमेर स्थित आरआरटीआई (RRTI) में राजस्व विभाग के डब्ल्यूआर पद पर प्रशिक्षण ले रहे हैं। हालांकि 2023 में उन्हें 87वीं रैंक मिली थी लेकिन उन्होंने खुद को और बेहतर करने का लक्ष्य तय किया। ट्रेनिंग के साथ-साथ उन्होंने निरंतर अपनी पढ़ाई जारी रखी। इसका परिणाम यह रहा कि इस बार उन्होंने RAS 2024 में तीसरी रैंक हासिल की।
सफलता का राज
नवनीत ने बताया कि सफलता पाने के लिए निरंतर मेहनत और स्पष्ट लक्ष्य बेहद आवश्यक होते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय सबसे पहले भगवान को दिया और उसके बाद अपने माता-पिता, बहन, और गुरुजनों का आभार व्यक्त किया। नवनीत का कहना है कि उनका हमेशा से प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्टता हासिल करने का सपना रहा है और वह भविष्य में भी इसी दिशा में काम करते रहेंगे।
नवनीत के पिता एक शिक्षक
नवनीत के पिता मुकेश शर्मा, राजकीय शिक्षक हैं और फूलियाकला क्षेत्र के खामोर गांव में कार्यरत हैं। उनकी मां मीनाक्षी शर्मा एक गृहिणी हैं। नवनीत की एक बड़ी बहन भी है, नेहा शर्मा जो इस समय रामेश्वर यात्रा पर परिवार के साथ गई हुई हैं। नवनीत का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य अब राजस्थान की जनता की सेवा करना है और भगवान की भक्ति से उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की शक्ति मिलती रहेगी।
10 अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल रोका गया
आरपीएससी (RPSC) के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया में 10 अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल रोका गया है। इनमें से 5 का परिणाम सील्ड कवर में रखा गया है, जबकि 3 अभ्यर्थियों के मामले न्यायालय में लंबित होने के कारण उनका परिणाम जारी नहीं किया गया है। दो अन्य अभ्यर्थियों के परिणाम रोके जाने का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।
1096 नए प्रशासनिक अधिकारी जल्द मिलेंगे
इस भर्ती प्रक्रिया की एक और बड़ी खासियत यह रही कि वैकेंसी जारी होने से लेकर अंतिम परिणाम तक महज 1 साल 7 महीने और 17 दिन का समय लगा। अब, प्रदेश को कुल 1096 नए प्रशासनिक अधिकारी मिलने जा रहे हैं, जिसमें से 428 राज्य सेवा और 668 अधीनस्थ सेवा के अधिकारी होंगे।
ये भी पढे़:-
रेगिस्तान से निकली सफलता की कहानी, बाड़मेर के दिनेश विश्नोई बना टॉपर
RAS 2024 का रिजल्ट जारी, बाड़मेर के दिनेश विश्नोई बने टॉपर, वीरेंद्र चारण दूसरे स्थान पर
एसआई भर्ती 2021 रद्द करने के खिलाफ सुप्रीम-कोर्ट पहुंचे सलेक्टेड सब-इंस्पेक्टर
बिना कोचिंग के छोटे से गांव के अरिहंत जैन ने मारी बाजी, RAS परीक्षा में हासिल की 28वीं रैंक