RCA चुनाव बने राजस्थान के खिलाड़ियों की टेंशन, सिर्फ 10 दिन में होगा चार टीमों का गठन

Ashish Bhardwaj | Sept 21, 2026, 19:47 IST
RCA चुनाव
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के 29 सितंबर को होने वाले चुनाव से पहले रणजी, अंडर-19, अंडर-23 और महिला अंडर-19 के कैंप तक नहीं हो सके हैं, जिससे खिलाड़ियों में चयन प्रक्रिया को लेकर चिंता है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • RCA चुनाव से पहले राजस्थान क्रिकेट की तैयारियां अधूरी।
  • BCCI टूर्नामेंट से पहले टीम चयन पर खड़े हुए सवाल।
  • चुनाव के बाद 10 दिन में बनानी होंगी चार टीमें।
  • कैंप और मैच नहीं होने से खिलाड़ियों में बढ़ी चिंता।
  • क्रिकेटरों की मांग, जल्द शुरू हों टूर्नामेंट और निष्पक्ष चयन।

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन यानी आरसीए (RCA) के लंबे इंतजार के बाद होने जा रहे चुनाव अब प्रदेश के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए परेशानी का सबब बनते दिख रहे हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई (BCCI) की ओर से अक्टूबर में चार बड़े घरेलू टूर्नामेंट शुरू होंगे, लेकिन राजस्थान में इन प्रतियोगिताओं की तैयारियां अब तक जमीन पर नजर नहीं आ रही हैं।



चुनाव के बाद सिर्फ 10 दिन में बनानी होंगी टीमें

आरसीए के चुनाव 29 सितंबर को होंगे। चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी के सामने महज 7 से 10 दिन में चारों प्रतियोगिताओं के लिए प्रदेशभर से खिलाड़ियों की पहचान, चयन, टीम गठन और तैयारी कराने की बड़ी चुनौती होगी। सबसे बड़ा सवाल अंडर-23 और महिला अंडर-19 खिलाड़ियों को लेकर है, क्योंकि इन दोनों वर्गों में प्रदेश स्तर पर ही अब तक कोई प्रतियोगिता नहीं हो सकी है। ऐसे में चयनकर्ताओं के पास खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करने के लिए पर्याप्त मैच रिकॉर्ड किस आधार पर होगा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।



कैंप न होने से अभ्यास का मौका नहीं मिला

रणजी ट्रॉफी और अंडर-19 टीमों के लिए भी अब तक कैंप आयोजित नहीं हुए हैं, जिससे खिलाड़ियों को एक साथ अभ्यास करने और खुद को साबित करने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका है। इसके बाद ही फाइनल टीम का चयन भी होना है। खिलाड़ियों के बीच यही चिंता है कि चुनाव के बाद जल्दबाजी में चयन प्रक्रिया पूरी करनी पड़ी, तो इसका आधार क्या होगा। सवाल यह भी है कि क्या खिलाड़ियों को पर्याप्त मैच खिलाकर उनका प्रदर्शन देखा जाएगा, या फिर सीमित समय के ट्रायल के आधार पर ही टीमों का गठन कर दिया जाएगा।



दूसरे राज्यों में तैयारी शुरू, राजस्थान पीछे

राजस्थान के क्रिकेट खिलाड़ियों का कहना है कि आरसीए के चुनाव अपनी जगह जरूरी प्रक्रिया हैं, लेकिन इसका असर क्रिकेट कैलेंडर पर नहीं पड़ना चाहिए था। बीसीसीआई की प्रतियोगिताओं की तारीखें पहले से तय हैं, ऐसे में खिलाड़ियों की तैयारी और चयन प्रक्रिया को चुनावी गतिविधियों से अलग रखा जाना चाहिए था। खिलाड़ियों के मुताबिक देश के दूसरे राज्यों में घरेलू क्रिकेट की तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं और खिलाड़ी कैंप व प्रैक्टिस में जुटे हैं, जबकि राजस्थान में अभी तक कई प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित ही नहीं हो पाई हैं। ऐसे में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उतरने वाली राजस्थान की टीमों के सामने तैयारी का अंतर साफ नजर आ सकता है।



सिर्फ ट्रायल से चयन हुआ तो उठेंगे सवाल

खिलाड़ियों ने कहा कि चुनाव के बाद जल्दबाजी में सिलेक्शन किया गया, तो उनके पास खुद को साबित करने का सीमित मौका रह जाएगा। ऐसे में अगर सिलेक्शन प्रक्रिया ट्रायल आधारित रही, तो सवाल उठना स्वाभाविक होगा। खिलाड़ियों के मुताबिक प्रदर्शन के बजाय कुछ ही दिनों के ट्रायल के आधार पर टीम चुनना उनके भविष्य के लिए सही प्रक्रिया नहीं होगी। खिलाड़ियों ने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें अपनी क्षमता दिखाने के लिए नियमित प्रतियोगिताओं और मैचों की जरूरत है। अगर यह प्रक्रिया आगे भी इसी तरह प्रभावित होती रही, तो इसका सीधा असर राजस्थान के खिलाड़ियों के प्रदर्शन और राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की टीम की स्थिति पर पड़ सकता है।



खिलाड़ियों की मांग, तुरंत हों टूर्नामेंट

राजस्थान के क्रिकेटरों ने मांग की है कि आरसीए चुनाव की प्रक्रिया अपनी जगह चले, लेकिन बीसीसीआई टूर्नामेंट की तैयारी को इससे प्रभावित न होने दिया जाए। उनकी मांग है कि रणजी, अंडर-19, अंडर-23 और महिला अंडर-19 के लिए तुरंत कैंप और जरूरी प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू की जाएं। खिलाड़ियों ने कहा कि उन्हें पर्याप्त मैच प्रैक्टिस और निष्पक्ष सिलेक्शन प्रक्रिया मिलनी चाहिए, ताकि राजस्थान की टीमें राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पूरी तैयारी के साथ उतर सकें।



यह खबरें भी पढ़ें...



निकाय चुनाव: अजमेर में 4 वोट की तलाश, सीकर में बहुमत; फिर कांग्रेस को किस बात का डर?



राजस्थान निकाय चुनाव: अलवर नगर निगम और भोपालगढ़ में भाजपा प्रत्याशी विजयी



अजमेर राजस्व मंडल पहुंचे मुख्य सचिव, बोले- भ्रष्ट अधिकारियों पर हो सख्त कार्रवाई



जोधपुर नगर निगम चुनाव 2026: महापौर प्रत्याशी नामांकन पर 'आपत्ति वॉर'!





Tags:
  • BCCI
  • बीसीसीआई
  • राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन
  • रणजी ट्रॉफी
  • RCA