RCA Election: पूर्व-मौजूदा चिकित्सा मंत्री के बेटे अध्यक्ष की रेस में, 6 पद के लिए 33 नामांकन
जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शनिवार को पूरी हो गई। सभी छह पदों के लिए कुल 33 नामांकन दाखिल हुए हैं। इनमें अध्यक्ष पद के लिए 5 और सचिव पद के लिए 6 नामांकन शामिल हैं। अंतिम दिन नामांकन के साथ आरसीए चुनाव में मुकाबला बहुकोणीय हो गया है।
अध्यक्ष पद पर धनंजय सिंह खींवसर, पराक्रम सिंह राठौड़ और डीडी कुमावत समेत कुल पांच दावेदारों ने पर्चे दाखिल किए हैं। वहीं सचिव पद पर छह नामांकन हुए हैं। खास बात यह रही कि मोहित यादव ने सचिव और कोषाध्यक्ष-दोनों पदों के लिए नामांकन दाखिल किया।
अध्यक्ष पद पर राजनीतिक परिवारों के चेहरे भी
अध्यक्ष पद की दौड़ में धनंजय सिंह खींवसर और पराक्रम सिंह राठौड़ की एंट्री ने चुनाव को खास बना दिया है। धनंजय सिंह, वर्तमान चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे हैं, जबकि पराक्रम सिंह राठौड़, पूर्व चिकित्सा मंत्री राजेंद्र राठौड़ के बेटे हैं। इनके अलावा डीडी कुमावत भी अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं।
नामांकन के अंतिम दिन धनंजय सिंह खींवसर ने पर्चा दाखिल करने के बाद कहा कि सरकार की ओर से उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है, इसलिए वे नामांकन भरने पहुंचे हैं। उन्होंने दूसरे पैनल के बारे में भी जानकारी होने से इनकार किया।
सचिव पद पर सबसे ज्यादा हलचल
सचिव पद के लिए छह नामांकन हुए हैं। इनमें मोहित यादव का नाम प्रमुख है। मोहित ने सचिव के साथ-साथ कोषाध्यक्ष पद के लिए भी नामांकन दाखिल किया है। RCA की एडहॉक व्यवस्था में मोहित यादव कन्वीनर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। ऐसे में सचिव पद पर छह नामांकन होने से यह पद भी चुनावी समीकरण का अहम केंद्र बन गया है।
उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद पर भी कई दावेदार
उपाध्यक्ष पद के लिए पवन दिलावर और मनोज शर्मा समेत नामांकन हुए हैं। पवन दिलावर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बेटे हैं। कोषाध्यक्ष पद पर आशीष तिवाड़ी, सुशील जैन और मोहित यादव समेत कई दावेदारों ने पर्चा भरा है। आशीष तिवाड़ी राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे हैं।
संयुक्त सचिव और कार्यकारी सदस्य पदों पर भी कई उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। संयुक्त सचिव पद पर सुशील जैन और रतन सिंह के नाम सामने आए हैं, जबकि कार्यकारी सदस्य पद के लिए धर्मवीर सिंह समेत अन्य दावेदारों ने पर्चे दाखिल किए हैं। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी भी अंतिम दिन नामांकन दाखिल कराने पहुंचे।
पांच नेता-पुत्रों की एंट्री ने बढ़ाई चर्चा
इस चुनाव में प्रदेश की राजनीति से जुड़े परिवारों के कई युवा चेहरे भी मैदान में हैं। इनमें-
धनंजय सिंह खींवसर - स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे
पराक्रम सिंह राठौड़ - पूर्व चिकित्सा मंत्री राजेंद्र राठौड़ के बेटे
पवन दिलावर - शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बेटे
आशीष तिवाड़ी - राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे
मोहित यादव - भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे
इन नामों की मौजूदगी के चलते RCA चुनाव में क्रिकेट प्रशासन के साथ राजनीतिक परिवारों की सक्रियता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि चुनाव का अंतिम परिणाम RCA के निर्धारित मतदाताओं के मतदान से ही तय होगा।
तीन खेमों की चर्चा, लेकिन अंतिम तस्वीर बाकी
नामांकन पूरा होने के बाद RCA में तीन खेमों की चर्चा है। हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि किस उम्मीदवार के साथ कितने जिला संघों के मतदाता हैं। 33 नामांकन होने के बावजूद कई उम्मीदवारों के एक से अधिक पदों पर पर्चा दाखिल करने के कारण वास्तविक मुकाबले की तस्वीर नाम वापसी के बाद ही सामने आएगी।
28 सितंबर को तय होगी फाइनल लिस्ट
अब 27 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद 28 सितंबर को शाम 5 बजे तक नाम वापसी का मौका रहेगा और शाम 6 बजे अंतिम उम्मीदवार सूची जारी की जाएगी। इसके बाद ही साफ होगा कि 33 नामांकन में से कितने उम्मीदवार चुनाव मैदान में रहते और किन पदों पर सीधा या बहुकोणीय मुकाबला होता है।
29 सितंबर को 38 मतदाता करेंगे फैसला
RCA चुनाव में कुल 38 मतदाता हैं। इनमें जिला क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों के साथ पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर गगन खोडा और पंकज सिंह भी शामिल हैं। छह पदों-अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मानद सचिव, मानद कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कार्यकारी सदस्य के लिए मतदान 29 सितंबर को होगा। मतदान के बाद मतगणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
फिलहाल 33 नामांकन के साथ RCA चुनाव का मैदान सज चुका है। अब 28 सितंबर की नाम वापसी यह तय करेगी कि इन 33 पर्चों में से कौन मैदान में रहता है और 29 सितंबर को 38 मतदाताओं के सामने वास्तविक मुकाबला किस रूप में होगा।
ये खबर भी पढ़ें:-
घी, मसाले और नमकीन में मिलावट, राजस्थान में 18 पैक्ड फूड प्रोडक्ट्स पर प्रतिबंध
पड़ोसी राज्यों में बैन है एनालॉग पनीर, राजस्थान में कब रुकेगा सेहत से खिलवाड़?
मेवात से देशभर में जा रहा सफेद जहर, 545 किलो बदबूदार सिंथेटिक पनीर जब्त
खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़े, प्याज,तेल व अंडे सबसे महंगे, टमाटर-आलू सस्ते