पेपर लीक के मास्टरमाइंड का नया पैंतरा, खुद को बताया मनोरोगी, SOG पर प्रताड़ना का आरोप
News In Short
जेल में बंद आरपीएससी (RPSC) के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा ने खुद को बताया मनोरोगी।
रिमांड खत्म होते ही कोर्ट में हुए पेश, आरोप लगाया कि एसओजी की प्रताड़ना से गिर रही सेहत।
कृषि व्याख्याता परीक्षा के साथ आरएएस 2018 को लेकर भी कटारा और उसके भांजे से पूछताछ
कटारा के बयानों के बाद ही पूर्व आरपीएससी कार्यवाहक अध्यक्ष शिवसिंह राठौड़ से पूछताछ।
ओएमआर शीट और इंटरव्यू में धांधली के संगठित खेल का हुआ था खुलासा।
News In Detail
एसआई भर्ती 2021 सहित कई दूसरी भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक करने के आरोपी राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा ने अपने बचाव के लिए नया दांव खेला है। कटारा के वकील ने उन्हें मनोरोगी बताते हुए एसओजी पर उसे प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। एसओजी ने उसे कृषि व्याख्याता भर्ती परीक्षा-2022 पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किया था।
एसओजी ने शनिवार को पूछताछ पूरी होने और रिमांड अवधि समाप्त होने पर जयपुर मेट्रोपोलिटन कोर्ट-II में पेश किया था। कोर्ट ने उसे 30 मई तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। कोर्ट में पेशी के दौरान कटारा के वकील ने कहा कि कटारा मनोरोगी हैं और एसओजी उसे प्रताड़ित कर रही है।
इस कारण उसका स्वास्थ्य लगातार गिर रहा है। एसओजी एक मामले में रिमांड पूरा होने पर फौरन एक नए मामले में गिरफ्तार कर लेती है। इससे उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा हे।
जेल में ही इलाज के निर्देश
कटारा के वकील ने जेल में उचित इलाज करवाने की मांग की। कोर्ट ने कटारा की पुरानी मेडिकल हिस्ट्री के आधार पर जेल प्रशासन को उचित इलाज करवाने को कहा है।
आरएएस 2018 भर्ती पर भी हो रही है पूछताछ
एसओजी ने कृषि व्याख्याता परीक्षा-2022 मामले में कटारा और उसके भांजे विजय डामोर को गिरफ्तार किया था। एसओजी दोनों से ही आरएएस भर्ती परीक्षा 2018 के संबंध में भी पूछताछ कर रही थी।
पिछली सुनवाई में एसओजी ने कटारा को डूंगरपुर ले जाकर अनुसंधान करने की अनुमति मांगी थी। लेकिन कटारा के वकील ने उसके मनोरोगी होने और मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट होने का हवाला देकर विरोध किया था।
कटारा से पूछताछ के बाद ही बुलाया शिवसिंह राठौड़ को
कटारा से पूछताछ में ही एसओजी को आरपीएससी (RPSC) के पूर्व अध्यक्ष शिवसिंह राठौड़ के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद ही एसओजी ने राठौड़ को बुलाकर पूछताछ शुरु की थी।
कटारा से इसी साल फरवरी में मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने जेल में मुलाकात की थी। इस मुलाकात में कटारा ने आयोग में तत्कालीन अध्यक्ष संजय श्रोत्रिय, पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष और सदस्य शिव सिंह राठौड़, दीपक उप्रेती समेत कई लोगों पर संगठित रूप से ओएमआर शीट और आंसर शीट में गड़बडत्री करने की साजिश करने का आरोप लगाया था।
कटारा ने बताया था कि यह पहले ही तय हो जाता था कि किस कैंडीडेट को इंटरव्यू में कितने नंबर देने हैं। एसओजी ने शिव सिंह राठौड़ से तो पूछताछ कर ली है,लेकिन अभी तक दीपक उप्रेती से अब तक कोई पूछताछ नहीं की है।
ये भी पढे़:-
जब सिर्फ 4 घंटे के लिए अधिकारी को मिला दो शहरों का जिम्मा, आदेश देखकर सब रह गए दंग
भीषण गर्मी में भी नहीं लौटे ठंडे क्षेत्रों के परिंदे, जानें क्या है वजह?
RSSB ने की CET 2026 की तैयारी शुरू, नेगेटिव मार्किंग और नए नियम लागू
16 साल बाद भी फाइलों में कैद RPMT-2009 घोटाला; पेपर आउट के 66 संदिग्ध आज भी हैं डॉक्टर