RPSC में दो नए सदस्य नियुक्त, केसरी सिंह बने कार्यवाहक अध्यक्ष

Jageshwar prasad | Jun 20, 2026, 10:44 IST
केसरी सिंह बने RPSC के कार्यवाहक चेयरमैन
राजस्थान लोक सेवा आयोग अध्यक्ष यूआर साहू रिटायर हुए। राज्यपाल ने प्रो. संतोष आनंद और डॉ. दीपक शर्मा को नया सदस्य नियुक्त किया। कांग्रेस काल में नियुक्त केसरी सिंह राठौड़ कार्यवाहक अध्यक्ष बने।

समझें क्या है पूरा मामला

  • RPSC में प्रो. संतोष आनंद और डॉ. दीपक शर्मा को नए सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया।
  • अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू के रिटायर होने के बाद केसरी सिंह बने कार्यवाहक अध्यक्ष।
  • दोनों नए सदस्यों का कार्यकाल पद संभालने से 6 साल या 62 साल की उम्र तक होगा।
  • डॉ. दीपक शर्मा जूलॉजी में प्रोफेसर रहे, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष रहे।
  • डॉ. संतोष आनंद एमएलवी गवर्नमेंट कॉलेज भीलवाड़ा में प्रिंसिपल हैं, विद्या भारती के चित्तौड़ प्रांत के अध्यक्ष हैं।

राजस्थान लोक सेवा आयोग यानी RPSC में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू का कार्यकाल 19 जून को पूरा होने पर वे रिटायर हो गए।



इसी बीच राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शुक्रवार देर रात प्रो. संतोष आनंद और डॉ. दीपक कुमार शर्मा को RPSC सदस्य पद पर नियुक्त करने के आदेश जारी किए। दोनों नए सदस्यों का कार्यकाल पद संभालने की तारीख से 6 साल या 62 वर्ष की आयु पूरी होने तक रहेगा।



नए अध्यक्ष की नियुक्ति तक कांग्रेस सरकार के समय नियुक्त सीनियर सदस्य लेफ्टिनेंट कर्नल (रिटायर्ड) केसरी सिंह राठौड़ कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे।



साहू का एक साल का कार्यकाल पूरा

भाजपा सरकार ने 12 जून 2025 को उत्कल रंजन साहू को RPSC अध्यक्ष बनाया था। ठीक एक साल बाद 19 जून को उनका कार्यकाल पूरा हो गया। आयोग के एक अन्य सदस्य का कार्यकाल भी अगले महीने यानी जुलाई में पूरा होने वाला है।



24 सितंबर 2025 को अजमेर के प्रो. सुशील बिस्सू सहित तीन सदस्य नियुक्त किए गए थे। इनमें डॉ. अशोक कलवार और हेमंत प्रियदर्शी भी शामिल थे। डॉ. कलवार का कार्यकाल 31 जुलाई को पूरा होगा।



केसरी सिंह राठौड़ संभालेंगे अंतरिम कमान

नए अध्यक्ष की नियुक्ति तक RPSC की कमान आरपीएससी सदस्य केसरी सिंह राठौड़ के पास रहेगी। केसरी सिंह को कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 2023 में RPSC सदस्य नियुक्त किया गया था।



यह दिलचस्प स्थिति है कि भाजपा सरकार के दौर में कांग्रेस काल में नियुक्त सदस्य को अंतरिम तौर पर आयोग की सबसे बड़ी जिम्मेदारी मिली है। यह नियमानुसार सीनियरिटी के आधार पर हुआ बदलाव है।



कौन हैं डॉ. दीपक कुमार शर्मा?

दीपक कुमार शर्मा राज्य सरकार में कॉलेज शिक्षा विभाग में जूलॉजी यानी प्राणी शास्त्र के प्रोफेसर रहे और जून 2025 में रिटायर हुए। वे अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान उच्च शिक्षा के प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में प्रदेश संगठन मंत्री हैं।



RSS में उन्होंने कई दायित्व निभाए हैं और संघ के स्वयंसेवक रहे हैं। वे कॉलेज आयुक्तालय में सहायक निदेशक और राज्य समन्वयक, युवा कौशल विकास प्रकोष्ठ के पद पर भी रहे। कई विश्वविद्यालयों के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट और एकेडमिक काउंसिल के सदस्य भी रह चुके हैं।



कौन हैं डॉ. संतोष आनंद?

डॉ. संतोष आनंद भीलवाड़ा के MLV गवर्नमेंट कॉलेज में प्रिंसिपल हैं और लंबे समय से भीलवाड़ा में ही पदस्थापित रहे हैं। उनका RSS से पुराना जुड़ाव है। वर्तमान में वे संघ के संगठन विद्या भारती के चित्तौड़ प्रांत के अध्यक्ष हैं।



बचपन से संघ के स्वयंसेवक रहे संतोष आनंद पहले ABVP सहित संघ के संपर्क विभाग में भी विभिन्न दायित्व निभा चुके हैं।



FAQ

  1. RPSC में नए सदस्यों की नियुक्ति किसने की?
    राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शुक्रवार देर रात प्रो. संतोष आनंद और डॉ. दीपक कुमार शर्मा को RPSC सदस्य नियुक्त करने के आदेश जारी किए। यह नियुक्ति अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू के रिटायर होने के तुरंत बाद हुई।
  2. RPSC का नया अध्यक्ष कौन होगा?
    अभी नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हुई है। तब तक सीनियर सदस्य लेफ्टिनेंट कर्नल (रिटायर्ड) केसरी सिंह राठौड़ कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। केसरी सिंह को कांग्रेस सरकार के समय 2023 में सदस्य नियुक्त किया गया था।
  3. RPSC के नए सदस्यों संतोष आनंद और दीपक शर्मा की पृष्ठभूमि क्या है?
    दोनों का RSS से लंबा जुड़ाव रहा है। संतोष आनंद भीलवाड़ा के MLV गवर्नमेंट कॉलेज में प्रिंसिपल हैं और विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के अध्यक्ष हैं। दीपक शर्मा जूलॉजी के प्रोफेसर रहे हैं और शैक्षिक महासंघ के प्रदेश संगठन मंत्री हैं।

ये भी पढ़ें:-

रिटायर होने से पहले RPSC अध्यक्ष का दावा, अभ्यर्थियों का भरोसा लौटा



RPSC पोर्टल किया हैक, 3 अभ्यर्थियों के आवेदन लौटाए, मुकदमा हुआ दर्ज



RPSC ने 7 सब्जेक्ट की मॉडल आंसर की जारी की, 19 जून आपत्ति की अंतिम तारीख



RPSC वेटरनरी भर्ती: माइनस मार्क्स पर भी सिलेक्शन, आयोग ने दी सफाई



Tags:
  • RSS
  • उत्कल रंजन साहू
  • राजस्थान लोक सेवा आयोग
  • केसरी सिंह
  • RPSC
  • राज्यपाल हरिभाऊ बागडे