पेपर लीक में वांटेड के पिता को मिला 20 करोड़ का ठेका, SOG ने मारा छापा
समझें क्या है पूरा मामला
- पेपर लीक आरोपी सुरेश ढाका के पिता को मिला 20 करोड़ रुपए का बजरी खनन ठेका।
- एसओजी ने ब्यावर स्थित खनन ठेके पर छापेमारी कर जांच शुरू की।
- जांच एजेंसी को शक, कहीं खनन कारोबार में पेपर लीक की कमाई तो नहीं लगी।
- सुरेश ढाका चार साल से फरार, SOG और ED लगातार कर रही तलाश।
- SI, JEN और वरिष्ठ अध्यापक भर्ती पेपर लीक मामलों में ढाका पर 10 केस दर्ज हैं।
पेपर लीक के आरोपी सुरेश ढाका को एसओजी और ईडी चार साल से तलाश रही है। इसी दौरान खान विभाग ने उसके पिता को 20 करोड़ रुपए का बजरी खनन ठेका दे दिया। ब्यावर में इस ठेके पर खनन शुरू भी हो चुका है। एसओजी ने गुरुवार 9 जुलाई को इस खनन ठेके पर छापामारी की। जांच हो रही है कि इसमें पेपर लीक का पैसा तो नहीं लगा है।
वरिष्ठ अध्यापक भर्ती और एसआई भर्ती सहित पेपर लीक के 10 मामलों में फरार सुरेश ढाका को एसओजी (SOG – Special Operations Group) और ईडी (ED – Enforcement Directorate) चार साल से तलाश रही है। इतने समय बाद भी वह पुलिस की पकड़ से दूर है।
इस बीच खान विभाग ने एक चौंकाने वाला फैसला लिया। ढाका की फरारी के 14 महीने में ही उसके पिता को 20 करोड़ रुपए का बजरी खनन का ठेका दे दिया गया।
ब्यावर में शुरू हुआ खनन
ब्यावर में इस ठेके पर दो महीने पहले खनन चालू हुआ। यहां बजरी का बड़ा स्टॉक भी किया जा चुका है। यह पूरा घटनाक्रम तब सामने आया जब एसओजी की टीम ने ढाका के घर पर दबिश दी।
इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद शर्मा के नेतृत्व में एसओजी की टीम ने गुरुवार को खनन ठेके पर भी छापामारी की।
और भी हो सकते है शामिल
एसओजी अब यह पता लगाने में जुटी है कि खनन कारोबार में ढाका परिवार के साथ और कौन-कौन शामिल है। आशंका है कि पर्दे के पीछे कुछ और लोग भी हो सकते हैं।
जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि कहीं इस खनन ठेके में सुरेश ढाका के पेपर लीक से कमाए गए पैसे तो नहीं लगाए गए हैं।
कैसे शुरू हुआ पूरा मामला
जयपुर में कोचिंग सेंटर के बहाने पेपर लीक करने वाले सुरेश ढाका का नाम साल 2023 में वरिष्ठ अध्यापक भर्ती मामले में सामने आया था। उदयपुर के सुखेर और बेकरिया इलाकों में पेपर लीक गिरोह पकड़े जाने पर उसकी भूमिका उजागर हुई।
तभी से सुरेश ढाका फरार चल रहा है। सरकार ने कार्रवाई करते हुए गोपालपुरा बाइपास पर संचालित उसका कोचिंग सेंटर ध्वस्त कर दिया था।
इसके साथ ही उसे पकड़वाने वाले को एक लाख रुपए के इनाम की घोषणा भी की गई थी। सुरेश ढाका एसआई (SI – Sub-Inspector) और जेईएन (JEN – Junior Engineer) सहित भर्ती के कुल दस मामलों में आरोपी है।
जारी हुआ लुक आउट सर्कुलर
एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि एसओजी ने ढाका के खिलाफ गत शुक्रवार को ही एमएचए (MHA – Ministry of Home Affairs) से लुक आउट सर्कुलर जारी कराया है। इससे उसके देश छोड़कर भागने की आशंका को रोका जा सकेगा।
ये खबर भी पढ़े:-
पुलिस में बड़ा फेरबदल, 49 RPS के ट्रांसफर, जयपुर-जोधपुर कमिश्नरेट में नए अफसर
राजस्थान में 111 फर्जी FMGE सर्टिफिकेट, 27 डॉक्टर गिरफ्तार, 88 और होंगे अरेस्ट
विधायक का कारनामा, गौ माता के नाम पर करोड़ों की सरकारी जमीन पर जमाया कब्जा
अस्पताल में टला हादसा, शिशु वार्ड में छत का गिरा प्लास्टर