राजस्थान की तीन हाई-प्रोफाइल शादियां, कहीं लवस्टोरी की जीत तो कहीं परिवार में आया भूचाल

Jinesh Jain | Mar 11, 2026, 18:52 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में इन दिनों तीन शादियां सुर्खियों में है। विधायक मुकेश भाकर की भव्य तरीके से शादी हो चुकी है, जबकि यूपी की आईपीएस जोड़ी केके बिश्नोई-अंशिका वर्मा की पावर वेडिंग 29 मार्च को राजस्थान में होने वाली है।

​Jaipur: राजस्थान की रेतीली धरती इन दिनों सूरज की तपिश से ज्यादा हाई प्रोफाइल शादियों की गर्मी से तप रही है। एक तरफ जहां सत्ता के गलियारों और खाकी की दुनिया में प्रेम की जीत के जश्न मनाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मारवाड़ के प्रतिष्ठित जसोल घराने में दूसरी शादी ने ऐसा 'बवंडर' खड़ा कर दिया है, जिसकी गूंज दिल्ली तक सुनाई दे रही है।


प्रदेश में इन दिनों तीन शादियां सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। इनमें लाडनूं के लाडनूं विधायक मुकेश भाकर, आईपीएस जोड़ी केके बिश्नोई-अंशिका वर्मा और पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल का नाम शामिल है।



विधायक मुकेश भाकर ने आरजेएस कोमल मीणा के साथ इसी 9 मार्च 2026 को विवाह रचा लिया, जबकि यूपी कैडर की आईपीएस जोड़ी केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा 29 मार्च को राजस्थान में सात फेरे लेंगे। विश्नोई मूल रूप से राजस्थान में बाड़मेर के धोरीमना के रहने वाले हैं। ये दोनों विवाह पावर कपल के कारण चर्चा में रहे, लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जसवंत सिंह के पुत्र और पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह की दूसरी शादी को जसोल परिवार ने मान्यता ही नहीं दी।



मानवेंद्र की दूसरी शादी और मां की 'लक्ष्मण रेखा'

इन तीनों शादियों में सबसे अधिक चौंकाने वाला और विवादित मामला पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह जसोल के पुत्र मानवेंद्र सिंह का है। 60 वर्षीय मानवेंद्र सिंह की दूसरी शादी ने मारवाड़ के जसोल परिवार की नींव हिला दी है। ​विवाद उस समय सार्वजनिक हो गया, जब एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया।



इस वीडियो में मानवेंद्र सिंह कुछ पुलिसकर्मियों के साथ अपने पैतृक आवास पहुंचते दिख रहे हैं, लेकिन दरवाजे पर उनकी मां और जसोल परिवार की मुखिया शीतल कंवर पहाड़ बनकर खड़ी हैं। वे मानवेंद्र को घर के अंदर कदम रखने से रोक रही हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक मैं जीवित हूँ, इस घर में प्रवेश नहीं मिलेगा।





WhatsApp Image 2026-03-11 at 6.13.52 PM - Copy


​बगावत की वजह: 'अनजान' रिश्ता और परंपरा का टकराव

सूत्रों के अनुसार मानवेंद्र सिंह ने अपनी पहली पत्नी की मौत के बाद गुपचुप तरीके से एक महिला से विवाह कर लिया। जसोल परिवार इसे किसी भी सूरत में स्वीकार करने को तैयार नहीं है। परिवार का मानना है कि यह रिश्ता उनकी परंपरा और प्रतिष्ठा के विरुद्ध है। तनाव की पहली चिंगारी तब दिखी थी, जब मानवेंद्र के पुत्र हमीर सिंह के विवाह समारोह में वे अपनी दूसरी पत्नी के साथ पहुंचे थे। उस समय जैसे-तैसे बात दब गई, लेकिन होली के दिन जो हुआ उसने इस 'गृहयुद्ध' को सड़कों पर ला दिया।



पहली पत्नी चित्रा सिंह की एक्सीडेंट में मौत

मानवेंद्र सिंह की पहली पत्नी चित्रा सिंह की मृत्यु मात्र 30 जनवरी 2024 को एक भीषण सड़क हादसे में हुई थी। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए उस एक्सीडेंट ने पूरे राजस्थान को झकझोर दिया था। उस हादसे के कुछ समय बाद ही दूसरी शादी के इस फैसले ने परिवार और समाज के एक बड़े वर्ग को नाराज कर दिया है। बाड़मेर के पूर्व सांसद और शिव से विधायक रह चुके मानवेंद्र सिंह हाल ही में कांग्रेस छोड़कर वापस भाजपा में शामिल हुए हैं, उनके लिए यह व्यक्तिगत संकट अब राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है।



विधायक भाकर की जीवन संगिनी बनी कोमल

विवादों से हटकर कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर ने 9 मार्च 2026 को अपनी लव स्टोरी को विवाह के मुकाम तक पहुंचाया। भाकर ने 2019 बैच की न्यायिक अधिकारी (RJS) कोमल मीणा के साथ सात फेरे लिए हैं।



सचिन पायलट के सबसे करीबी माने जाने वाले भाकर लाडनूं से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। अपनी तेजतर्रार छवि और छात्र राजनीति से निकले भाकर युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं।



विधायक मुकेश भाकर की जीवन संगिनी बनी कोमल मीणा दौसा में लालसोट के खुर्रा गांव की रहने वाली हैं। वे वर्तमान में न्यायिक सेवा में कार्यरत हैं। ​कहा जा रहा है कि यह प्रेम कहानी काफी समय से चल रही थी, जिसे दोनों परिवारों की सहमति के बाद एक भव्य समारोह में शादी का रूप दिया गया। इस शादी में राजस्थान की राजनीति के कई दिग्गज शामिल हुए।





Screenshot 2026-03-11 184428


दो IPS अधिकारी राजस्थान में लेंगे फेरे

इन दिनों राजस्थान की तीसरी शादी, जो सोशल मीडिया पर छाई हुई है, वह है दो जांबाज पुलिस अफसरों की। उत्तर प्रदेश कैडर के IPS कृष्ण कुमार विश्नोई और IPS अंशिका वर्मा 29 मार्च को राजस्थान के जोधपुर में विवाह बंधन में बंधेंगे



​केके बिश्नोई मूल रूप से राजस्थान में बाड़मेर के धोरीमना के रहने वाले हैं। उनकी और प्रयागराज निवासी अंशिका वर्मा की मुलाकात गोरखपुर में हुई थी। उस दौरान बिश्नोई वहां एसपी सिटी थे। अंशिका वहां एएसपी के पद पर तैनात थीं। खाकी वर्दी के बीच शुरू हुआ यह परिचय जल्द ही प्यार में बदल गया।



शादी का मुख्य समारोह जोधपुर में होगा, लेकिन बिश्नोई के पैतृक गांव धोरीमना में हल्दी, मेहंदी और संगीत के पारम्परिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हाल ही में आईपीएस विश्नोई अपने माता-पिता के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शादी का निमंत्रण देने पहुंचे थे। वर्तमान में बिश्नोई यूपी में संभल के एसपी हैं और अंशिका बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं।





69abeccee752e-ips-anshika-verma-and-kk-bishnoi


परंपरा, प्रेम और प्रोटोकॉल

राजस्थान की ये तीन शादियां अलग-अलग सामाजिक पहलुओं को दर्शाती हैं। ​मानवेंद्र सिंह का मामला यह दिखाता है कि प्रतिष्ठित परिवारों में आज भी व्यक्तिगत निर्णय और पारिवारिक परंपराओं के बीच गहरा टकराव बना हुआ है।


​मुकेश भाकर और कोमल मीणा की शादी राजनीति और न्यायपालिका के खूबसूरत मिलन का प्रतीक है। ​बिश्नोई और अंशिका की शादी 'पावर कपल' की श्रेणी में आती है, जो युवाओं के लिए प्रेरणा बनी हुई है। ​फिलहाल, पूरे राजस्थान की नजरें जसोल परिवार के घटनाक्रम पर टिकी हैं।



ये भी पढे़:-

​लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता पर नहीं चलेगा केस, 24 साल बाद हाई कोर्ट से मिली राहत



कौन है विनायक प्रताप सिंह, जिनकी पीएम मोदी के साथ तस्वीर ने बढ़ाई सियासी हलचल



24 दिन चला बजट सत्र, 8919 सवाल पूछे गए, 97 फीसदी के आए जवाब



सांवलिया सेठ के दरबार में आस्था का महाकुंभ, चढ़ावे में आए 36 करोड़, अभी आखिरी राउंड बाकी



Tags:
  • पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह
  • लाडनूं विधायक मुकेश भाकर
  • कोमल मीणा
  • IPS अंशिका वर्मा
  • IPS कृष्ण कुमार विश्नोई
  • पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जसवंत सिंह
  • हाई प्रोफाइल शादियों