आईएएस प्री‑परीक्षा में फर्जी प्रवेश‑पत्र के साथ अभ्यर्थी गिरफ्तार, जेब से अफीम भी बरामद
News In Short
- UPSC परीक्षा में फर्जी एडमिट कार्ड लेकर आए अभ्यर्थी को उदयपुर में गिरफ्तार किया गया
- परीक्षा केंद्र के मेन गेट पर QR कोड स्कैन करने पर डेटा मिसमैच हुआ, तब पुलिस को सूचना दी गई।
- तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से एक ग्राम अफीम भी बरामद की गई।
- आरोपी ने बताया- फॉर्म भरना भूल गया था और डर के कारण पिता से यह बात नहीं बता सका।
- बीटेक पास आरोपी ऑनलाइन प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहा था।
News In Detail
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के दौरान झीलों की नगरी उदयपुर से एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान है। आईएएस परीक्षा केंद्र पर एक ऐसा मुन्नाभाई पकड़ा गया जो न तो पेपर लीक करने आया था और न ही किसी की जगह डमी बनकर बैठा था, बल्कि वह सिर्फ अपने पिता के गुस्से से बचने के लिए इतना बड़ा खेल खेल गया।
गिरफ्तार युवक के पास से न सिर्फ फर्जी प्रवेश-पत्र मिला, बल्कि तलाशी में उसकी जेब से एक ग्राम अफीम भी बरामद हुई है।
क्यूआर कोड ने खोल दी पोल, सिस्टम ने कहा- नो एंट्री!
मामला उदयपुर के फतह सीनियर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र का है। रविवार को दोपहर की दूसरी पारी (सीसैट) की परीक्षा शुरू होने वाली थी। करीब 2:30 बजे चित्तौड़गढ़ निवासी जयेश जाट नाम का युवक सज-धज कर परीक्षा देने पहुंचा।
जैसे ही मेन गेट पर तैनात सतर्क स्टाफ ने उसके एडमिट कार्ड पर छपे QR-Code को स्कैन किया, सिस्टम ने उसे रिजेक्ट कर दिया। डेटा मिसमैच होते ही तैनात कर्मियों के कान खड़े हो गए। जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो युवक सकपका गया। आनन-फानन में मामले की सूचना सूरजपोल थाना पुलिस को दी गई।
तलाशी में जेब से निकली अफीम
सूचना मिलते ही सूरजपोल थानाधिकारी रतनसिंह मौके पर पहुंचे और संदेहास्पद अभ्यर्थी को हिरासत में ले लिया। लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट तब आया जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी में अभ्यर्थी की जेब से करीब 1 ग्राम अफीम बरामद हुई। परीक्षा केंद्र पर अफीम मिलने से पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई।
पापा के डर से किया ये सब
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है।आरोपी जयेश जाट बीटेक पास है और फिलहाल ऑनलाइन कोचिंग के जरिए प्रशासनिक सेवाओं (IAS/PCS) की तैयारी कर रहा है।
जयेश इस बार UPSC का फॉर्म भरना ही भूल गया और आवेदन की अंतिम तारीख निकल गई। पिता को सच बताने की हिम्मत नहीं हुई, तो पिता को गुमराह करने के लिए उसने कंप्यूटर से एक हूबहू दिखने वाला फर्जी एडमिट कार्ड तैयार कर लिया।
पिता को यकीन दिलाने के लिए वह खुद अपने पिता को साथ लेकर चित्तौड़गढ़ से उदयपुर परीक्षा केंद्र तक आ गया। पहली पारी में तो वह सेंटर के आसपास ही घूमता रहा, लेकिन दूसरी पारी में जब अंदर घुसने की कोशिश की, तो तकनीक के आगे उसकी चालाकी धरी की धरी रह गई।
क्या कहना है पुलिस का?
सूरजपोल थानाधिकारी रतनसिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पिता के डर से फर्जी एडमिट कार्ड बनाने का ही लग रहा है। हालांकि, पुलिस इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि यह फर्जी एडमिट कार्ड उसने खुद बनाया या इसमें किसी और का हाथ है। साथ ही अफीम के सोर्स को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। आरोपी को स्थानीय कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ये भी पढ़ें:-
डांडेवाला में मिला प्राकृतिक गैस का नया भंडार, 950 मीटर गहराई से हुआ सफल रिसाव
डंपिंग यार्ड में खुले में बिखरे गोवंश के शव, लोगों में भारी आक्रोश
मीटर से छेड़छाड़ और बिजली चोरी पर लगेगी भारी पेनल्टी, 1 जून से लागू होंगे नए नियम