भाजपा की नई कार्यकारिणी: वसुंधरा फिर उपाध्यक्ष, पूनिया को बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है। इस टीम में राजस्थान के कई बड़े नेताओं को शामिल किया गया है।पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को दूसरी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
राज्यसभा सांसद सतीश पूनियां को राष्ट्रीय महामंत्री (महासचिव) की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत को अनुसूचित जनजाति (ST) मोर्चे का अध्यक्ष और राजेश मंगल को सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
वसुंधरा राजे को फिर मिला उपाध्यक्ष पद
वसुंधरा राजे पहले भी 2023 में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। दो बार राजस्थान की मुख्यमंत्री रह चुकीं राजे पार्टी की वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं।
उन्हें फिर से राष्ट्रीय संगठन में जगह मिलने से यह संकेत मिला है कि पार्टी में उनकी राजनीतिक अहमियत बरकरार है।
सतीश पूनियां बने राष्ट्रीय महामंत्री
सतीश पूनियां 2019 से 2023 तक राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। वे वर्तमान में राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं और हरियाणा राज्य के प्रभारी भी हैं। अब उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाकर पार्टी ने उनका कद बढ़ाया है।
अब उनकी भूमिका राजस्थान की राजनीति तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वे राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
मन्नालाल रावत को ST मोर्चे की कमान
उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत को भाजपा के एसटी मोर्चे का अध्यक्ष बनाया गया है। यह फैसला राजस्थान के बड़े आदिवासी इलाकों (उदयपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर) के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
इससे रावत की राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका बढ़ेगी और पार्टी आदिवासी वोट बैंक को साधने की कोशिश करेगी।
राजेश मंगल को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
राजेश मंगल को भाजपा का राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही राजस्थान के इन चारों नेताओं को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल कर पार्टी ने राज्य को बड़ा प्रतिनिधित्व दिया है।
ये भी पढ़ें:-
राजस्थान: सरकारी स्कूलों में मीडिया बैन पर टीकाराम जूली का सरकार पर बड़ा हमला
राजस्थान में 468 तबादलों पर हाई कोर्ट की रोक, 60 दिन में बनेगी ट्रांसफर पॉलिसी
राजस्थान में लिव-इन रिलेशनशिप पर सख्ती, जानकारी छुपाई तो 3 महीने की जेल हो सकती
CJP के एक्शन से घबराई सरकार, स्कूलों के लिए जारी फरमान, कांग्रेस उठाएगी मुद्दा