भजनलाल ने दीया कुमारी को बना दिया मुख्यमंत्री, वीडियो वायरल
ऐसे समझें पूरा मामला
- जयपुर में नई अमृत भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखाने का कार्यक्रम था।
- यह ट्रेन जयपुर के खातीपुरा स्टेशन से बिहार के दरभंगा के लिए चलेगी।
- रेल मंत्री की मौजूदगी में ट्रेन को झंडी दिखाने के लिए खातीपुरा में कार्यक्रम था।
- भजनलाल ने मंच से अपने संबोधन में दीया कुमारी को मुख्यमंत्री बोल दिया।
- सीएम के इस संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Jaipur: सियासत के मंच पर कभी-कभी ऐसी घटनाएं हो जाती हैं, जो पल भर में सुर्खियों का हिस्सा बन जाती हैं। ऐसा ही कुछ रविवार को जयपुर में हुए रेलवे कार्यक्रम के दौरान देखने को मिला।
मंच पर जब राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा संबोधित करने के लिए माइक पर आए तो अचानक उनकी जुबां फिसल गई। उन्होंने मंच पर मौजूद उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी को सीधे 'मुख्यमंत्री' के रूप में संबोधित कर दिया।
इस वाक्य के निकलते ही मंच से लेकर पंडाल तक हर कोई हैरान रह गया। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
दरअसल, यह पूरा वाकया जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन का है। यहां बिहार के दरभंगा के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम चल रहा था।
इस बेहद खास मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। मंच पर रेल मंत्री के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, लोकसभा सांसद मंजू शर्मा और राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी जैसी दिग्गज हस्तियां मौजूद थीं।
जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपना भाषण शुरू किया तो अतिथियों के स्वागत के सिलसिले में उन्होंने उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी को 'मुख्यमंत्री' कह डाला।
जैसे ही यह शब्द मुख्यमंत्री के मुंह से निकला, मंच पर मौजूद अन्य अतिथियों में खुसर-पुसर शुरू हो गई। देखते ही देखते इस पल की वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर चलने लगी।
बिहार और राजस्थान को मिली बड़ी सौगात
इस सियासी ड्रामे के बीच यह कार्यक्रम राजस्थान और बिहार के रेल यात्रियों के लिए एक बेहद बड़ी सौगात लेकर आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम भजनलाल ने कहा कि राजस्थान और बिहार को आपस में जोड़ने के लिए यह ट्रेन बहुत ही आवश्यक थी। उन्होंने इसके लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई दीं।
सप्ताह में 6 दिन दौड़ेगी अमृत भारत
जयपुर के खातीपुरा स्टेशन से बिहार के दरभंगा के बीच चलने वाली यह नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन आगामी 22 जून से सप्ताह में छह दिन नियमित रूप से पटरी पर दौड़ने लगेगी।
इस नई सेवा से राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को सीधा और बड़ा फायदा पहुंचेगा।
इस ट्रेन में कुल 22 कोच हैं। यात्रियों की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए हर एक कोच में सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाए गए हैं।
वर्तमान में अजमेर से दरभंगा के बीच केवल एक ही साप्ताहिक ट्रेन चल रही थी। अब इस नई ट्रेन के चलने से सफर आसान हो जाएगा।
ये खबर भी पढे़:-
गहलोत का भजनलाल सरकार पर हमला, उठाए बड़े सवाल
अश्विनी वैष्णव की सीकर में बड़ी घोषणा, खाटूश्यामजी स्टेशन को मिलेगी रफ्तार
पांचना बांध विवाद पर बोले गहलोत, कहा - सीएम भजनलाल की चुप्पी हैरान करने वाली
कृषि मंत्री का 3 फैक्ट्रियों पर छापा, मिला नकली पोटाश और अवैध बायो-स्टिमुलेंट