तुम्हारा चाचा चोर है कहने पर प्रियंका गांधी ने स्कूल में बच्चे को जड़ दिया था थप्पड़, राहुल गांधी से दोस्तों ने बंद की बातचीत
राहुल गांधी ने भी बताया कि चुनावी हार के बाद स्कूल में उनके साथ किस तरह का व्यवहार हुआ था। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी के साथ एक बातचीत में बचपन की कुछ ऐसी यादें साझा की हैं, जिनसे पता चलता है कि आपातकाल और 1977 के चुनाव में कांग्रेस की हार का असर गांधी परिवार के बच्चों पर भी पड़ा था। यह बातचीत एक वीडियो में सामने आई है, जिसका शीर्षक ‘व्हाट मा लेफ्ट आउट ऑफ हर बुक’ (What Ma Left Out of Her Book) है। इसमें प्रियंका और राहुल ने बताया कि 1977 के लोकसभा चुनाव में इंदिरा गांधी और संजय गांधी की हार के बाद उनके परिवार को किस तरह के हालात का सामना करना पड़ा था।
संजय गांधी को चोर कहने पर प्रियंका ने मारा था थप्पड़
प्रियंका गांधी ने बचपन की एक घटना याद करते हुए बताया कि चुनाव में हार के बाद जब वह पहली बार स्कूल पहुंचीं, तो एक छोटा बच्चा उनके पास आया और उनके चाचा संजय गांधी को लेकर ताना मारने लगा। प्रियंका के मुताबिक, उस बच्चे ने उनसे कहा, "तुम्हारा चाचा जेल में है, तुम्हारा चाचा चोर है।" यह सुनकर प्रियंका को इतना गुस्सा आया कि उन्होंने बच्चे को थप्पड़ मार दिया।
प्रियंका ने बताया कि थप्पड़ पड़ते ही बच्चा रोने लगा। इसके बाद मामला शिक्षक तक पहुंचा और उल्टा प्रियंका को ही डांट सुननी पड़ी। दरअसल, इमरजेंसी के बाद संजय गांधी को 'किस्सा कुर्सी का' मामले में जेल जाना पड़ा था। इसी घटना को लेकर स्कूल में बच्चों के बीच भी चर्चा होती थी और गांधी परिवार के बच्चों को इसके लिए ताने सुनने पड़ते थे।
राहुल गांधी को स्कूल में नहीं मिल रहा था साथ
राहुल गांधी ने भी उस दौर की अपनी याद साझा की। उन्होंने बताया कि चुनावी हार के बाद जब वह पहली बार स्कूल पहुंचे, तो उनके साथियों का व्यवहार बदल गया था। वह जब अपनी सीट पर बैठे, तो कोई भी बच्चा उनके बगल में बैठने के लिए तैयार नहीं था। राहुल ने बताया कि सहपाठी उनसे बात नहीं कर रहे थे और उनके प्रति कठोर व्यवहार कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने उस समय किसी से कुछ नहीं कहा।
प्रियंका ने बताया कि उन्होंने हालात सामान्य करने के लिए एक बार जन्मदिन की पार्टी भी रखी थी। इसके लिए 32 बच्चों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन तय समय के 15 मिनट बाद तक कोई नहीं पहुंचा। आखिरकार, सिर्फ एक दोस्त पार्टी में आया। राहुल ने बताया कि वह दोस्त आज भी उनके साथ है।
प्रियंका नियमों का पालन करती थीं, राहुल थे विद्रोही
बातचीत में दोनों भाई-बहन के स्वभाव का अंतर भी सामने आया। प्रियंका ने बताया कि वह स्कूल में प्रीफेक्ट थीं और स्कूल के अनुशासन के मुताबिक चलती थीं। इसके उलट, राहुल खुद को सवाल पूछने वाला और व्यवस्था को चुनौती देने वाला बताते हैं।
राहुल ने प्रियंका के बारे में कहा कि वह विद्रोही स्वभाव की नहीं थीं और हमेशा नियमों का पालन करती थीं। वहीं, उन्होंने खुद को ऐसा व्यक्ति बताया, जो लगातार सवाल पूछता था और चीजों को चुनौती देता था।
प्रियंका ने इस अंतर को आज की राजनीति और संसद से भी जोड़ते हुए मजाक किया। उन्होंने कहा कि वह व्यवस्था के भीतर काम करने के अनुकूल हैं, जबकि राहुल का स्वभाव उससे अलग है।
सोनिया गांधी की किताब के बाद चर्चा में आया किस्सा
गांधी परिवार की ये यादें सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) के विमोचन के कुछ दिनों बाद सामने आई हैं। इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने पारिवारिक जीवन और इमरजेंसी के दौर से जुड़े कई प्रसंगों का उल्लेख किया है।
गौरतलब है कि जून 1975 से मार्च 1977 तक देश में आपातकाल लागू रहा था। इसके बाद हुए 1977 के लोकसभा चुनाव में इंदिरा गांधी और संजय गांधी, दोनों को हार का सामना करना पड़ा था। यह इंदिरा गांधी की पहली चुनावी हार थी। संजय गांधी को ‘किस्सा कुर्सी का’ मामले में फरवरी 1979 में दोषी ठहराया गया था। हालांकि, बाद में अपील पर यह फैसला पलट दिया गया। इंदिरा गांधी और संजय गांधी ने 1980 के चुनाव में फिर जीत हासिल की थी।