मां की शिकायत सुनें या पिता का बचाव करें, मां-बाप की लड़ाई में क्यों फंस जाता है बच्चे का मन, ताजा रिसर्च ने बताई वजह
ऐसे में जब एक अभिभावक दूसरे की आलोचना करता है, तो बच्चा खुद को असहज स्थिति में पाता है। मनोविज्ञान के मुताबिक, इस स्थिति को 'लॉयल्टी कॉन्फ्लिक्ट' यानी वफादारी का भावनात्मक संघर्ष कहा जाता है। इसमें बच्चा इस उलझन में पड़ जाता है कि वह किसका साथ दे। एक तरफ मां से प्यार होता है, तो दूसरी तरफ पिता के प्रति भी वैसा ही लगाव रहता है। ऐसे में किसी एक की बात से सहमत होना उसे दूसरे के साथ विश्वासघात जैसा महसूस हो सकता है।
बच्चे को क्यों लगता है कि उसे किसी एक का पक्ष लेना है?
परिवार को मनोविज्ञान एक भावनात्मक इकाई के रूप में देखता है। इसका मतलब है कि परिवार के दो सदस्यों के बीच तनाव का असर तीसरे सदस्य पर भी पड़ सकता है। जब कोई अभिभावक बार-बार दूसरे की आलोचना करता है, तो बच्चा कभी चुप रहकर स्थिति संभालने की कोशिश करता है, तो कभी आलोचना का शिकार बने अभिभावक का बचाव करने लगता है। मसलन, यदि मां बच्चे के सामने पिता को गैर-जिम्मेदार बताती है, तो पिता के साथ समय बिताने वाला बच्चा अपराधबोध महसूस कर सकता है।
इसी तरह, पिता यदि मां की लगातार शिकायत करते हैं, तो बच्चा मां के प्रति अपना प्यार जाहिर करने में भी झिझक सकता है। 2022 में 'फैमिली प्रोसेस' जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन में तलाक के बाद बच्चों पर माता-पिता के बीच पैदा होने वाले ऐसे भावनात्मक संघर्षों का विश्लेषण किया गया। हाल ही में तलाक लेने वाले परिवारों के 135 बच्चों पर किए गए अध्ययन में पाया गया कि माता-पिता के विवादों के बीच फंसना, वफादारी का संघर्ष और आत्मसम्मान में कमी बच्चों की भावनात्मक परेशानियों से जुड़े हो सकते हैं।
क्या है ट्रायएंगुलेशन, जब बच्चा बन जाता है माता-पिता के विवाद का हिस्सा?
परिवार मनोविज्ञान में एक और महत्वपूर्ण अवधारणा है 'ट्रायएंगुलेशन'। इसका अर्थ है कि दो लोगों के बीच चल रहे विवाद में तीसरे व्यक्ति को शामिल कर लिया जाए। परिवार में अक्सर यह तीसरा व्यक्ति बच्चा होता है। यह स्थिति तब बनती है, जब माता-पिता बच्चे से दूसरे अभिभावक के बारे में बातें पूछने लगते हैं, उससे अपनी शिकायतों पर सहमति चाहते हैं या उसे दोनों के बीच संदेश पहुंचाने की जिम्मेदारी दे देते हैं। कई बार बच्चे से यह भी उम्मीद की जाती है कि वह बताए कि गलती किसकी है। माता-पिता को शायद इसका अहसास न हो, लेकिन इस तरह वे बच्चे पर ऐसी भावनात्मक जिम्मेदारी डाल देते हैं, जिसे संभालने के लिए वह अभी तैयार नहीं होता। 'ह्यूमन कम्युनिकेशन रिसर्च' में प्रकाशित एक मेटा-विश्लेषण में 15,137 परिवारों के 23,336 लोगों से जुड़े 49 अध्ययनों का विश्लेषण किया गया। इसमें माता-पिता के बीच विवाद और बच्चों के खुद को उनके बीच फंसा हुआ महसूस करने के बीच सकारात्मक संबंध पाया गया।
बच्चों के मन पर पड़ते हैं ये चार बड़े असर
- दोनों से प्यार करने पर भी होने लगता है अपराधबोध: बच्चा सोचने लगता है कि यदि वह एक अभिभावक के साथ खुशी जाहिर करेगा, तो दूसरे को बुरा लग सकता है। धीरे-धीरे वह अपनी भावनाएं छिपाने लगता है।
- बढ़ने लगती है चिंता और असुरक्षा: माता-पिता के बीच लगातार तनाव रहने से बच्चे को घर का माहौल अस्थिर लगने लगता है। उसे हमेशा इस बात की आशंका बनी रहती है कि कब कोई विवाद शुरू हो जाएगा।
- खुद को समझने लगता है झगड़े की वजह: खासकर छोटे बच्चे माता-पिता के बीच मतभेदों को समझ नहीं पाते। उन्हें लग सकता है कि उनकी किसी गलती या व्यवहार के कारण मां-पिता के बीच तनाव है। वे सोचने लगते हैं कि यदि वे अच्छा व्यवहार करेंगे, तो सब ठीक हो जाएगा।
- माता-पिता से भावनात्मक दूरी: लगातार विवादों के बीच रहने वाले बच्चे धीरे-धीरे अपनी बातें साझा करना कम कर सकते हैं। वे एक अभिभावक के सामने दूसरे का जिक्र करने से बचते हैं और अपनी भावनाएं व्यक्त करने में भी झिझकने लगते हैं।
माता-पिता क्या करें ताकि बच्चों पर न पड़े असर?
मनोविज्ञान के अनुसार, बच्चों को माता-पिता के आपसी मतभेदों से दूर रखना जरूरी है। इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। बच्चों के सामने एक-दूसरे की आलोचना या अपमान करने से बचें। उन्हें बिना किसी डर के दोनों अभिभावकों से प्यार और लगाव जाहिर करने की आजादी दें। उन्हें संदेशवाहक या विवाद सुलझाने का माध्यम न बनाएं। आपसी शिकायतों और बच्चों की परवरिश से जुड़े फैसलों को अलग रखें। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि बच्चे को बार-बार भरोसा दिलाया जाए कि माता-पिता के बीच जो भी मतभेद हैं, उनमें उसकी कोई गलती नहीं है। उसे किसी एक का पक्ष चुनने की जरूरत नहीं है। आखिरकार, माता-पिता के रिश्ते में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं, लेकिन बच्चों को इस रिश्ते की लड़ाई का हिस्सा बनाना उनके भावनात्मक विकास के लिए नुकसानदेह हो सकता है। बच्चे को मां और पिता दोनों से प्यार करने का पूरा अधिकार है। उसे यह महसूस नहीं होना चाहिए कि किसी एक को प्यार करने के लिए दूसरे से दूरी बनानी पड़ेगी।