Ayodhya Diwali 2026: 30 लाख दीयों से जगमगाई रामनगरी, 2100 ड्रोन ने दिखाए रामायण के अद्भुत दृश्य
अयोध्या के 10वें दीपोत्सव पर राम की पैड़ी समेत सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख से ज्यादा मिट्टी के दीये जलाए गए। दीयों की सुनहरी रोशनी से पूरी रामनगरी जगमगा उठी और हर तरफ दिवाली का खूबसूरत नजारा देखने को मिला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के दौरान भगवान राम और माता जानकी की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। वे सरयू तट पर आयोजित दिव्य-भव्य दीपोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शामिल हुए।
अयोध्या के 10वें दीपोत्सव में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में राम की पैड़ी पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ।
सरयू नदी के किनारे स्थित राम की पैड़ी पर लाखों दीयों की रोशनी ने पूरे घाट को आकर्षक बना दिया। नदी के पानी में झिलमिलाते दीयों के प्रतिबिंब ने दीपोत्सव की खूबसूरती और बढ़ा दी।
दीपोत्सव के दौरान 2100 स्वदेशी ड्रोन से भव्य ड्रोन शो आयोजित किया गया। आसमान में ड्रोन की मदद से रामायण से जुड़े प्रसंग दिखाए गए, जो आयोजन का खास आकर्षण रहे।
दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए 35 हजार से ज्यादा स्वयंसेवकों ने आयोजन में हिस्सा लिया। उनके सहयोग से सरयू के 56 घाटों पर लाखों दीये जलाए गए और अयोध्या रोशनी से नहा उठी।