NEET Paper Leak Protest: जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद खत्म हुआ CJP का प्रोटेस्ट
20 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन नीट पेपर लीक मामले पर CJP का संसद चलो मार्च बेहद उग्र हो गया था। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस और पैरामिलिटरी फोर्स ने आंसू गैस के गोले दागे और सुरक्षा बलों ने कनॉट प्लेस से लेकर संसद भवन तक का इलाका खाली कराया। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और सीजेपी डेलिगेशन की मुलाकात हुई। इसके बाद 2.5 दिन से जारी अनशन खत्म हुआ और फिर स्थिति नियंत्रण में आई।
नीट परीक्षा धांधली के विरोध में प्रदर्शनकारी संसद भवन और रेल भवन के बेहद करीब तक पहुंच गए थे। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े और हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। इस दौरान सुरक्षाबलों ने जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस से प्रदर्शनकारियों को हटाकर पूरे इलाके को खाली कराया।
प्रदर्शन के मद्देनजर पूरी नई दिल्ली में पांच हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई। साथ ही BNSS की धारा 163 (पुरानी धारा 144) लागू कर दी गई। सुरक्षा के लिहाज से केंद्रीय सचिवालय और राजीव चौक समेत कई मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद कर दिए गए। पूरे इलाके को 15 सुरक्षा जोन में बांटा गया।
संसद मार्ग और आसपास के इलाकों में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिला था। उपद्रवियों ने कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की और पथराव भी किया। इसमें 50 से ज्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री जवान घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने 70 से ज्यादा उपद्रवियों को हिरासत में लेकर FIR दर्ज की।
सफदरजंग अस्पताल में भर्ती एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने भी संसद मार्च में शामिल होने के लिए छुट्टी की अपील की। CJP ने सरकार के सामने नीट धांधली की निष्पक्ष जांच, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, बेरोजगारी पर रोक और मृतक अभ्यर्थियों के परिजनों को एक करोड़ रुपए के मुआवजे की प्रमुख मांगें रखी।
इस प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी के नेताओं आतिशी, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह का भी समर्थन मिला जो बैरिकेड्स कूदकर प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे। वहीं सोनम वांगचुक को प्राइवेट अस्पताल शिफ्ट करने की उनकी पत्नी की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने दोपहर में सुनवाई की।
तनावपूर्ण माहौल के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल (सौरव दास और आशुतोष रांका) की अहम बैठक हुई। सीजेपी प्रतिनिधियों ने मंत्री को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसके बाद जेपी नड्डा ने सभी से शांति बनाए रखने और धरना समाप्त करने की अपील की।
सरकार से बातचीत के बाद सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने ढाई दिन से चल रहा अपना अनशन सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो के हाथों पानी पीकर खत्म किया। वहीं जंतर-मंतर पर 23 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे AISA (All India Students Association) के छात्रों का अनशन अभिनेत्री शबाना आजमी, प्रकाश राज और सांसद मनोज झा ने पानी पिलाकर समाप्त कराया।