IPL History: कौन हैं आईपीएल ट्रॉफी की 7 चैंपियन टीमें, इस बार किसके सिर सजेगा ताज?
आईपीएल 2025 का आगाज 22 मार्च से होने जा रहा है और यह टूर्नामेंट का 18वां सीजन होगा। पिछले 17 सीजन में अब तक कुल 7 टीमों ने आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा किया है। आइए जानते हैं कौन सी टीमों ने अब तक आईपीएल जीता है।
आईपीएल की शुरुआत 2008 में हुई थी और पहले सीजन की ट्रॉफी राजस्थान रॉयल्स ने जीती थी। राजस्थान ने फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को हराया था।
आईपीएल 2009 में डेक्कन चार्जर्स ने ट्रॉफी जीती। रोमांचक फाइनल में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 6 रनों से हराया।
सीएसके, जो कि सबसे अधिक आईपीएल जीतने वाली टीम है, एमएस धोनी की कप्तानी में 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में खिताब जीते। धोनी ने पिछले साल कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंप दी थी।
मुंबई इंडियंस ने भी पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीती है। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीते। अब हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाया गया है।
केकेआर डिफेंडिंग चैंपियन है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में, केकेआर ने आईपीएल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर तीसरी बार खिताब जीता। 2012 और 2014 में भी उन्होंने आईपीएल जीते थे।
एसआरएच ने 2016 में आईपीएल जीतने का गौरव हासिल किया। डेविड वॉर्नर की कप्तानी में, एसआरएच ने फाइनल में आरसीबी को 8 रनों से हराया था।
गुजरात टाइटंस ने 2022 में अपने डेब्यू सीजन में ही आईपीएल ट्रॉफी जीती। हार्दिक पांड्या की अगुवाई में, गुजरात ने राजस्थान रॉयल्स को फाइनल में हराया। 2023 में वह उपविजेता रहे थे और अब शुभमन गिल गुजरात की कमान संभाल रहे हैं।