आ गई MP TET Exam Date , 21 अगस्त से शिक्षक भर सकेंगे आवेदन फार्म

Manya Jain | Aug 19, 2026, 14:10 IST
mp tet teachers eligibility exam dates
सेवारत शिक्षकों के लिए MP TET 2026 की पात्रता परीक्षा 12 अक्टूबर से होगी। आवेदन 21 अगस्त से 4 सितंबर तक भरे जा सकेंगे। यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आयोजित की जा रही है।


समझें क्या है पूरा मामला

  • मध्यप्रदेश में सेवारत शिक्षकों के लिए पात्रता परीक्षा 12 अक्टूबर से शुरू होगी।
  • इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 21 अगस्त से 4 सितंबर तक भरे जा सकेंगे।
  • मध्य प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन में आयोजित की जा रही है।
  • परीक्षा प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के लिए अलग-अलग होगी।
  • MP TET 2026 के लिए राज्य के 11 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।

ESB यानी एम्प्लॉयीज सिलेक्शन बोर्ड के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन 21 अगस्त 2026 से शुरू होंगे और 4 सितंबर तक भरे जा सकेंगे। आवेदन में संशोधन की सुविधा 21 अगस्त से 9 सितंबर तक मिलेगी। परीक्षा 12 अक्टूबर से शुरू होगी और दो पालियों में आयोजित की जाएगी।



परीक्षा शुल्क कितना रखा गया है

सभी श्रेणी और संवर्ग के आवेदकों के लिए परीक्षा शुल्क एक हजार रुपए प्रति प्रश्न-पत्र रखा गया है। MP Online के जरिए आवेदन करने पर 60 रुपए पोर्टल शुल्क अलग से देना होगा। रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर के माध्यम से आवेदन करने पर 20 रुपए पोर्टल शुल्क लगेगा।



प्राथमिक शिक्षक परीक्षा का पैटर्न

प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और पेपर 150 अंकों का होगा। परीक्षा के लिए 2 घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा। इसमें नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। प्राथमिक स्तर के पेपर में बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र, भाषा-1, भाषा-2, गणित और पर्यावरण अध्ययन से 30-30 प्रश्न पूछे जाएंगे।



नियम पुस्तिका के मुताबिक अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। वहीं अन्य वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक लाने होंगे।



माध्यमिक शिक्षकों के लिए विषयवार पेपर

माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में अभ्यर्थी अपनी पात्रता और विषय के अनुसार प्रश्न-पत्र चुन सकेंगे। हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के प्रश्न-पत्र निर्धारित किए गए हैं। हर विषय के पेपर में 120 प्रश्न होंगे और कुल 120 अंक रहेंगे। इसके लिए भी 2 घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा और नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।



किन शिक्षकों को देना होगा यह एग्जाम

ESB की नियम पुस्तिका के मुताबिक सरकारी स्कूलों के प्राथमिक स्तर पर कार्यरत सहायक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, सहायक अध्यापक, संविदा शाला शिक्षक वर्ग-3, प्रयोगशाला सहायक और प्राथमिक शिक्षक विज्ञान जैसे शिक्षक इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। शर्त यह है कि उन्होंने अब तक निर्धारित पात्रता परीक्षा पास नहीं की हो। अशासकीय विद्यालयों में प्राथमिक कक्षाओं में पढ़ाने वाले ऐसे शिक्षक भी परीक्षा दे सकेंगे, जिन्होंने पात्रता परीक्षा पास नहीं की है।



नियम पुस्तिका में यह भी साफ किया गया है कि यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन में सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष पात्रता परीक्षा के तौर पर आयोजित की जा रही है। इसलिए इस परीक्षा की पात्रता या इसका परिणाम भविष्य में सरकारी शिक्षक के पद पर सीधी भर्ती के लिए मान्य नहीं होगा।



11 शहरों में बनेंगे परीक्षा केंद्र

परीक्षा के लिए भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रतलाम, रीवा, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। पहली पाली में अभ्यर्थियों को सुबह 8 से 9 बजे के बीच रिपोर्ट करना होगा और परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली के लिए दोपहर 1 से 2 बजे तक रिपोर्टिंग होगी और परीक्षा दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।



आधार बेस्ड बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन

परीक्षा में आधार पंजीयन अनिवार्य किया गया है। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश और परीक्षा के दौरान बहुस्तरीय बायोमेट्रिक सत्यापन होगा। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, रिकॉर्डिंग डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र पर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमों के मुताबिक अतिरिक्त समय और जरूरत पड़ने पर लेखन सहायक यानी स्क्राइब की सुविधा मिल सकेगी।



रिजल्ट के साथ आएंगे मॉडल आंसर

परीक्षा के बाद प्रश्नों और उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया जाएगा। मिलने वाली आपत्तियों पर विषय विशेषज्ञों की समिति विचार करेगी। इसके बाद परिणाम जारी किया जाएगा। ESB की वेबसाइट पर विषयवार मॉडल आंसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।



ये भी पढ़ें...



ESB की ग्रुप 3 भर्ती विज्ञापन में फिर रोस्टर विवाद, पीडब्ल्यूडी के 225 में एसटी को केवल 5 पद



ESB SI भर्ती में पुलिस कोटे और मेरिट पर विवाद, HC ने फैसला सुरक्षित रखा



ESB ने कॉमर्स भर्ती परीक्षा का ग्रुप बदला, सिलेबस से लेकर परीक्षा पैटर्न भी बदलने से परेशान अभ्यर्थी



MPESB पर फिर आरोप, इस बार तो सच में भर्ती का भर्ता बना दिया ! और कितना सब्र करें उम्मीदवार ?





Tags:
  • सुप्रीम कोर्ट
  • माध्यमिक शिक्षक
  • ESB
  • मध्य प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा
  • प्राथमिक शिक्षक
  • mp tet 2026