देव श्रीमाली, GWALIOR. ग्वालियर जिले में रातों-रात अंबेडकर की प्रतिमाओं की स्थापना प्रशासन के लिए मुश्किल का सबब बन गया है। भितरवार क्षेत्र के ग्राम चरखा में बाबा साहब की एक प्रतिमा स्थापित कर दी। सुबह इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तो तनाव व्याप्त हो गया। यहां मूर्ति हटाने के प्रयास में पथराव भी हुआ और पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
रातों-रात लोगों ने रखी प्रतिमा
जिले के भितरवार विधानसभा क्षेत्र में स्थित ग्राम चरखा में शासकीय भूमि पर रातोंरात बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई। इस बात की सूचना प्रशासन को सुबह लगी जब लोगों को खाली पड़ी सरकारी जमीन पर यह प्रतिमा लगी दिखाई दी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे।
ये खबर भी पढ़ें...
तीन महीने में ऐसी तीसरी घटना
सरकारी जमीन पर अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना की तीन माह में यह तीसरी घटना है। इससे पहले इसी क्षेत्र के ग्राम गोहिंदा में सरकारी भूमि पर मूर्ति स्थापित की गई थी। इसके बाद वहां तनाव हो गया था। यहीं पूर्व मंत्री इमरती देवी द्वारा दिया गया बयान वायरल हुआ था, जिसमें वे सरकारी जमीन पर निश्चिंत होकर बाबा साहब की प्रतिमा स्थापना करने का आह्वान कर रहीं थी। यह प्रतिमा अभी भी लगी है और प्रशासन को सुरक्षा करनी पड़ रही है। इसके कुछ दिन बाद ही बिलौआ में रातोरात उस भूमि अंबेडकर की प्रतिमा लगा दी गई जहां उस रोज पूर्व मंत्री इमरती देवी के हाथों गौशाला का शिलान्यास होना था। बाद में बड़े विरोध के बाद प्रतिमा वहां से उखाड़कर थाने में रख दी।
पुलिस अधीक्षक बोले - वहां तनाव और पथराव हुआ
एसएसपी आमित सांघी ने बताया कि चरखा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण को लेकर तनाव और विवाद हुआ था। वहां कुछ लोगों ने पथराव भी किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता है।