देव श्रीमाली, GWALIOR. प्रदेश में अघोषित आपातकाल लागू होने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को थानों में पुलिस द्वारा बंद कर प्रताड़ित करने के नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह द्वारा लगाए गए आरोप के बचाव में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री उतर आए। उन्होंने "द सूत्र" से खास बातचीत में कहा कि कहीं कोई आपातकाल नहीं है, लेकिन अगर कांग्रेस के लोग अत्याचार करेंगे तो कानून अपना काम करेगा।
बोले-माफिया के खिलाफ सख्त है सरकार
ऊर्जा मंत्री ने डॉ सिंह के आरोप का जबाव देते हुए कहा कि यहां कोई आपातकाल नहीं लगा है। उन लोगों के खिलाफ जरूर हमारी सरकार कल भी सशक्त थी आज भी है, जो मध्यप्रदेश में अराजकता फैलाने की कोशिश करेंगे। हमारीं बहन,बेटियों की तरफ आंख उठाने की कोशिश करेंगे, सरकारी जगह पर अवैध कब्जा और उत्खनन करेंगे। ऐसे लोगों को हमारीं सरकार जरूर नेस्तनाबूद करेगी। बाकी जो लोग अमनचैन से रहते हैं, उन लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए हम पूरी तरह से कटिबद्ध हैं।
गोविंद सिंह को चुनौती
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पुलिस उत्पीड़न के नेता प्रतिपक्ष के आरोपो पर ऊर्जा मंत्री ने चुनौती देते हुए कहा कि वे ऐसा एक भी उदाहरण बता दें जिसमें राजनीतिक कारणों से किसी कांग्रेस कार्यकर्ता को उत्पीड़ित किया गया हो। अब अगर वे लोगों के साथ अन्याय और अत्याचार करेंगे, अराजकता का माहौल पैदा करेंगे तो कानून अपना काम करेगा।
ये खबर भी पढ़िए...
कल नेता प्रतिपक्ष ने लगाया था आरोप
नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने कल (21 जनवरी) ही आरोप लगाया था कि प्रदेश में अघोषित आपातकाल लागू है। सरकार की खामियां उजागर करने वालो को पुलिस के जरिए थाने बुलाकर थर्ड डिग्री टॉर्चर किया जा रहा है। उन्हें लॉक अप में अमानवीय ढंग से यातनाएं दी जाती है। डॉ सिंह ने दतिया के कांग्रेस नेताओं को उत्पीड़ित करने के फोटो भी जारी किए थे और दावा किया था कि ये दतिया जिले के थाने के हैं।