सिंहासन छत्तीसी: पीएमओ से छत्तीसगढ़ के तीन अफसरों की शिकायत, गोपनीय चिट्ठी ने मचाया हड़कंप

Arun Tiwari | Mar 15, 2026, 12:17 IST
chhattisgarh politics pmo letter insider story singhasan chattisi
छत्तीसगढ़ में एक गोपनीय चिट्ठी से हड़कंप मच गया है। इसमें 3 बड़े अफसरों के भ्रष्टाचार का कच्चा चिट्ठा PMO पहुंचा है। वहीं, एक ताकतवर चेयरमैन और कांग्रेस में राज्यसभा टिकट के बाद मची बेचैनी की पूरी इनसाइड स्टोरी।

Raipur. छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में एक गोपनीय चिट्ठी की बहुत चर्चा है। सूत्र बताते हैं कि इस चिट्ठी तीन अफसरों का नाम है। इनके भ्रष्टाचार की शिकायत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से की गई है। पीएमओ ने इस चिट्ठी को रजिस्टर्ड कर लिया है।



चिट्ठी में इन अफसरों की काली कमाई का कच्चा चिट्ठा लिखा हुआ है। वहीं एक नेताजी ऐसे हैं जिनकी मंत्रियों से ज्यादा चल रही है। छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों की ऐसी ही अनसुनी खबरों के लिए पढ़िए द सूत्र का साप्ताहिक कॉलम सिंहासन छत्तीसी।



गोपनीय चिट्ठी,गुम सिट्टी पिट्टी

एक गोपनीय चिट्ठी जिसने गुम कर दी सिट्टी पिट्टी। बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने पीएम को चिट्ठी लिखकर हड़कंप मचा दिया है। अभी तो यह चिट्ठी सामने भी नहीं आई है और इसकी खबर ने ही प्रशासनिक गलियारों में गर्मी बढ़ा दी है। इस चिट्ठी में तीन अफसरों का जिक्र है। एक आईपीएस, एक आईएफएस और एक राज्य पुलिस सेवा के अफसर का नाम है।



sihansan chattisi


इन अफसरों के भ्रष्टाचार का पूरा कच्चा चिट्ठा इसमें लिखा हुआ है। कली कमाई से खरीदी गई संपत्ति का भी पूरा खुलासा है। सूत्र बताते हैं कि यह शिकायत पीएमओ में रजिस्टर्ड हो गई है। जल्द ही इस बारे में राज्य सरकार को पीएमओ से नोटिस जारी हो सकता है। फिलहाल तो लोग इन तीन नामों के बारे में जानने की कवायद में लगे हुए हैं। द सूत्र जल्द ही इन नामों का खुलासा करेगा।



सबसे ताकतवर चेयरमैन

क्या निगम मंडल के चेयरमैन की ताकत मंत्री से ज्यादा होती है। आमतौर पर लोग यही कहेंगे कि नहीं। लेकिन छत्तीसगढ़ में ऐसा नहीं है। छत्तीसगढ़ में एक निगम के चेयरमैन ऐसे हैं जो मंत्री से ज्यादा ताकत रखते हैं। इनके पास एक ऐसा अधिकार है जो सिर्फ मंत्री के पास होता है। वो है तबादलों का अधिकार। आमतौर पर यह अधिकार निगम के चेयरमैन के पास नहीं होता।



sihansan chattisi


लेकिन पिछली सरकार में इस निगम में जो अध्यक्ष बने थे उन्होंने नियम ही कुछ ऐसा कर दिया कि चेयरमैन को ट्रांसफर का अधिकार मिल गया। सरकार चली गई और नई सरकार आ गई। नई सरकार में इस निगम के जो चेयरमैन बने हैं उनको भी वही अधिकार मिल गया। अब चेयरमैन साहब के पास तबादलों की खूब फाइलें आ रही हैं। आखिर इनके कद के साथ इनका पद भी तो बड़ा है।



सीएम इन वेटिंग

छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटें खाली हुईं। इन सीटों पर दोनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। बीजेपी ने नए चेहरे के तौर पर लक्ष्मी वर्मा को भेजा तो कांग्रेस ने फिर से फूलोदेवी नेताम को राज्यसभा का टिकट कटा दिया। अब कहानी यहीं से शुरु होती है। फूलोदेवी नेताम का राज्यसभा का पिछला कार्यकाल ऐसा नहीं था कि उनको ही दोबारा मौका मिले। जबकि इस रेस में चरणदास महंत,टीएस सिंहदेव और दीपक बैज जैसे नेता शामिल थे। फूलोदेवी के चयन ने बड़े नेताओं का चैन छीन लिया।



sihansan chattisi


कांग्रेस के अंदर अब ये सवाल उठने लगा है कि कहीं ये सीएम इन वेटिंग तो नहीं। क्योंकि इनके नाम पर सोनिया गांधी ने ही मुहर लगाई थी। अब इनकी गांधी परिवार से निकटता छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बेचैनी पैदा करने लगी है। ये आदिवासी हैं और महिला हैं। इस नाते कहीं ये बीजेपी के आदिवासी सीएम की काट के तौर पर तो अगले चुनाव में तो नहीं उतारी जाएंगी। यही बात कांग्रेस के बड़े नेताओं का चैन उड़ा रही है।



द सूत्र पर पढ़िए सिंहासन छत्तीसी के अन्य कॉलम...

मंत्री के पीए की पांचों उंगलियां घी और सिर कढ़ाई में, क्यों चल रही है एक ही इलाके के मंत्री और विधायक में अदावत?



एक अफसर पर सरकार की गजब मेहरबानी, छत्तीसगढ़ के एक शहर पर क्यों है दिग्गजों की नजर



सर और मेडम के गठजोड़ से हो रहा जंगल में मंगल, माननीय को चाहिए चिट्ठी लिखने की फीस



मेडम पर मेहरबान हैं साहब, लड़कियों की सेहत सप्लाई कर रही है टेबल कुर्सी बनाने वाली कंपनी



Tags:
  • छत्तीसगढ़
  • सिंहासन छत्तीसी
  • द सूत्र पर पढ़िए सिंहासन छत्तीसी