छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, IG, DIG और जिला कप्तान बदले गए
छत्तीसगढ़ शासन ने पुलिस विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. गृह विभाग ने भारतीय पुलिस सेवा के 24 अधिकारियों की नई नियुक्तियां की हैं. इस संबंध में मंत्रालय से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है. जारी आदेश के तहत कई आईजी, डीआईजी और जिला कप्तानों को बदला गया है. कानून व्यवस्था चुस्त करने के लिए शासन ने यह कदम उठाया है. चुनावी और प्रशासनिक नजरिए से यह सर्जरी काफी अहम मानी जा रही है. बदले गए अधिकारियों को तत्काल नए प्रभार संभालने को कहा गया है.
IG स्तर पर व्यापक फेरबदल
अजय कुमार यादव राजनांदगांव रेंज के नए IG बनाए गए हैं. वे इससे पहले राज्य पुलिस अकादमी चंद्रखुरी में निदेशक पद पर कार्यरत थे. राजनांदगांव रेंज में पदस्थ आईजी बालाजी राव सोमावार को वहां से हटा दिया गया है. उन्हें अब पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में आईजी के पद पर पदस्थ किया गया है. प्रशांत कुमार अग्रवाल को भी बस्तर क्षेत्र के छसबल आईजी पद से ट्रांसफर किया गया है. अग्रवाल को भी पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.
पुलिस मुख्यालय में चार नए डीआईजी की तैनाती
सूरजपुर के एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर को पुलिस मुख्यालय भेजा गया है. ठाकुर वहां उप पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे. बेमेतरा के एसपी रामकृष्ण साहू को भी मुख्यालय में डीआईजी बनाया गया है. भिलाई छसबल के सेनानी राजेश कुकरेजा को भी पीएचक्यू में डीआईजी नियुक्त किया गया है. बस्तर से श्वेता राजमणी को पदोन्नत कर जगदलपुर छसबल में डीआईजी बनाया गया है. भावना गुप्ता को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है.
रायपुर में पुलिस अधिकारियों की एंट्री
रायपुर नगरीय पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. तीन नए पुलिस उपायुक्तों की कप्तानी में नया सेटअप काम करेगा. सूरज सिंह परिहार को छसबल माना बुलाया गया है, नारायणपुर एसपी रहे रॉबिन्सन गुरिया अब पश्चिम के पुलिस उपायुक्त होंगे. राजधानी की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए यह बदलाव किया गया है.
एक दर्जन जिलों के पुलिस अधीक्षकों का ट्रांसफर
त्रिलोक बंसल को दुर्ग एसटीएफ से हटाकर बेमेतरा जिले का एसपी बनाया गया है. सुनील शर्मा को पुलिस मुख्यालय से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की कमान मिली है. बीजापुर के एसपी जितेन्द्र कुमार यादव अब कबीरधाम के नए एसपी होंगे. सुकमा के कप्तान चव्हान किरण गंगाराम को बालोद जिले का एसपी नियुक्त किया गया है. बालोद के एसपी योगेश कुमार पटेल अब सूरजपुर जिले के नए कप्तान होंगे. राय गौरव रामप्रवेश को रायपुर से बलौदाबाजार-भाटापारा का एसपी बनाया गया है.
बस्तर और मैदानी इलाकों के कप्तानों में बदलाव
उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर का एसपी नियुक्त किया गया है. रायपुर से मंयक गुर्जर को हटाकर सुकमा एसपी बनाया गया है। संदीप कुमार पटेल नारायणपुर के नए एसपी बनाए गए हैं. धमतरी की कप्तान रहीं भावना पाण्डेय अब धमतरी की नई पुलिस अधीक्षक होंगी. कबीरधाम के एसपी धर्मेन्द्र छबई को राजनांदगांव छसबल का सेनानी बनाया गया है.
हरीश राठौर, मुख्यमंत्री सुरक्षा से बने जिला कप्तान
चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा का नया एसपी बनाया गया है. कोरिया के एसपी रवि कुमार कुर्रे को पुलिस मुख्यालय में एआईजी बनाया गया है. मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात एसपी हरीश राठौर को बड़ी जिम्मेदारी मिली है. राठौर को कोरिया जिले का नया एसपी बनाया गया है.
ये खबरें भी पढ़ें...
छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 15 अफसरों के तबादले
साय सरकार की प्रशासनिक सर्जरी, 5 आईएएस अधिकारियों के प्रभार में बड़ा फेरबदल
IPS Transfer: मप्र में 62 IPS अधिकारियों का एक साथ तबादला, 19 जिलों के SP बदले