अंबिकापुर कांग्रेस दफ्तर से 73 नल चोरी, चोरों ने फर्श पर लिखा आई लव अंबिकापुर
अंबिकापुर में चोरी की एक बेहद अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। चोरों ने इस बार किसी घर या दुकान को नहीं, बल्कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिला कार्यालय राजीव भवन को निशाना बनाया। बदमाश दफ्तर में घुसे और वहां लगे 73 नल चोरी कर ले गए। जाते-जाते उन्होंने वॉशरूम की धूल भरी फर्श पर हाथ से “आई लव अंबिकापुर” लिखकर पुलिस और प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली।
छत के रास्ते दफ्तर में घुसे चोर
यह घटना सरगुजा जिले के घड़ी चौक स्थित राजीव भवन की बताई जा रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के अनुसार, 14 और 15 मई की रात चोर छत के रास्ते भवन में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग वॉशरूम में लगे कुल 73 नल खोलकर चोरी कर लिए।
सिर्फ चोरी नहीं, जमकर की तोड़फोड़
चोरों ने केवल नल ही नहीं चुराए, बल्कि दफ्तर में भारी नुकसान भी पहुंचाया। वॉशरूम में लगे कई वॉश बेसिन, कमोड फ्लश सिस्टम और पानी की पाइपलाइन तोड़ दी गईं। इतना ही नहीं, सीढ़ियों पर लगी स्टील की ग्रिल उखाड़ने की भी कोशिश की गई। हालांकि ग्रिल भारी होने के कारण बदमाश उसे ले नहीं जा सके और ऊपरी मंजिल पर ही छोड़कर फरार हो गए।
सुबह खुला चोरी का राज
घटना का खुलासा 15 मई की सुबह हुआ, जब दफ्तर (Congress office) के केयरटेकर ने रोज की तरह कार्यालय खोला। अंदर का दृश्य देखकर वह हैरान रह गया। वॉशरूम पूरी तरह क्षतिग्रस्त थे और कई सामान गायब थे। इसके बाद तुरंत कांग्रेस नेताओं और पुलिस को सूचना दी गई।
आई लव अंबिकापुर लिखकर गए चोर
घटना का सबसे हैरान करने वाला हिस्सा वह संदेश था, जो चोरों ने वॉशरूम की धूल भरी फर्श पर लिखा। कांग्रेस नेताओं द्वारा साझा किए गए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि फर्श पर हाथ से “आई लव अंबिकापुर” लिखा गया था। नेताओं का कहना है कि यह हरकत कानून व्यवस्था पर सीधा तंज और पुलिस को खुली चुनौती है।
कांग्रेस ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि शहर में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का आतंक बढ़ता जा रहा है और संभवतः इसी तरह के लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
उन्होंने बताया कि इस चोरी और तोड़फोड़ से पार्टी को करीब 80 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। खास बात यह है कि पिछले कुछ महीनों में राजीव भवन में चोरी की यह तीसरी घटना है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है, जबकि पुलिस बल वीआईपी ड्यूटी में अधिक व्यस्त रहता है।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। यह अनोखी चोरी अब पूरे छत्तीसगढ़ में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यह खबरें भी पढ़े...
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला : ED ने कांग्रेस दफ्तर पहुंचकर थमा दिया चालान, सुकमा भवन अटैच
रायपुर के लक्ष्य ज्वेलर्स में 1 करोड़ के गहने चोरी, वारदात से मचा हड़कंप
राहुल गांधी का बड़ा दावा: हर छठा BJP सांसद वोट चोरी से जीता