अंबिकापुर बाल सुधार गृह से फिर 13 नाबालिग फरार, 21 दिन में दूसरी घटना

Harrison Masih | Jul 15, 2026, 16:18 IST
बाल सुधार गृह से फिर 13 नाबालिग फरार 2026
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर बाल सुधार गृह से 13 बच्चों के फरार होने का मामला सामने आया है। बच्चों ने दरवाजे को तोड़कर भागने की योजना बनाई। फरार बच्चों में हत्या, दुष्कर्म और लूट जैसे गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं।

समझें क्या है पूरा मामला

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित गांधीनगर बाल सुधार गृह से एक बार फिर बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई है। यहां 14 जुलाई की रात 13 नाबालिग बच्चे पुराने और कमजोर दरवाजे को तोड़कर फरार हो गए। फरार हुए बच्चे हत्या, दुष्कर्म और लूट जैसे गंभीर मामलों में आरोपी बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर तलाश शुरू कर दी, जिसमें अब तक 2 बच्चों को पकड़ लिया गया है, जबकि 11 नाबालिग अभी भी फरार हैं।



24 जून को भी भागे थे 11 बच्चे

बाल सुधार गृह से बच्चों के भागने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 24 जून को भी 11 नाबालिग खिड़की तोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने बाद में सभी बच्चों को पकड़ लिया था। जांच में सामने आया है कि इस बार भी उसी घटना में शामिल एक नाबालिग ने भागने की साजिश रची थी, जिसे पुलिस पहले पकड़ चुकी थी।



जर्जर दरवाजे को तोड़कर निकले बच्चे

बाल सुधार गृह की प्रभारी अधिकारी शमा नूरी के अनुसार, 14 जुलाई की रात करीब 8 बजे बच्चों को खाना दिया गया था। भोजन के बाद सभी बच्चे अपने कमरों में चले गए। इसी दौरान उन्होंने परिसर में लगे एक पुराने और कमजोर दरवाजे को तोड़ दिया और वहां से भाग निकले।



जांच में पता चला है कि फरार होने की योजना पहले से बनाई गई थी। मास्टरमाइंड नाबालिग ने इस बार 2 पुराने और 10 नए बच्चों को अपने साथ शामिल किया।



बिलासपुर में भी हुई थी घटना

गौरतलब है कि हाल ही में बिलासपुर बाल सुधार गृह में भी बड़ी घटना सामने आई थी, जहां चार नाबालिगों ने जेल भेजे जाने से बचने के लिए ड्यूटी पर तैनात गार्ड की हत्या कर दी थी और फरार हो गए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने प्रदेश के बाल सुधार गृहों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

लगातार हो रही घटनाओं के बाद बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रभारी अधिकारी शमा नूरी ने बताया कि सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस अधीक्षक से नगर सैनिकों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई थी। एसपी की ओर से इस पर सहमति और आश्वासन दिया गया है।



उन्होंने बताया कि बाल सुधार गृह परिसर में मौजूद कमजोर खिड़कियों और दरवाजों को मजबूत करने के लिए वेल्डिंग का काम भी कराया जा रहा है।



गंभीर मामलों के आरोपी हैं फरार बच्चे

फरार हुए नाबालिगों में सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिले के बच्चे शामिल हैं। इनमें कुछ बच्चे हत्या, दुष्कर्म और चोरी जैसे गंभीर मामलों में आरोपी हैं। घटना की जानकारी संबंधित थानों को भी दे दी गई है।



बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर निगरानी

गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुलिस टीम लगातार फरार बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। रात से ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी बच्चों को पकड़ लिया जाएगा।



ये खबरें भी पढ़ें...

बिलासपुर में सुरक्षा गार्ड की हत्या, सीसीटीवी डीवीआर ले भागे 4 नाबालिग कैदी



बिलासपुर में बड़ा रेल हादसा : मालगाड़ी के 3 डिब्बे पटरी से उतरे, मची अफरा-तफरी



रायपुर बाल सुधार गृह से भागे 10 अपचारी, पहले भी आठ अपचारी हुए थे फरार



बाल सुधार गृह की नई बिल्डिंग शुरू होने के दो दिन में ही 4 किशोर फरार



Tags:
  • छत्तीसगढ़
  • बिलासपुर
  • अंबिकापुर
  • नाबालिग
  • बाल सुधार गृह