अजीत जोगी की पुण्यतिथि पर अमित का ऐलान, छत्तीसगढ़ में शुरू करेंगे बेटा बचाओ अभियान
Raipur. छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पुण्यतिथि पर उनके पुत्र और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी भावुक नजर आए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में बढ़ते नशे के खतरे को लेकर चिंता जताई और युवाओं को इससे बचाने के लिए "बेटा बचाओ" अभियान शुरू करने की घोषणा की। सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में अमित जोगी ने युवाओं, अभिभावकों और समाज से इस मुहिम से जुड़ने की अपील की।
क्या बोले अमित जोगी:
अमित जोगी ने कहा कि पिता अजीत जोगी हमेशा समाज और युवाओं के भविष्य को लेकर चिंतित रहते थे। वीडियो में उन्होंने कहा कि कई सवाल ऐसे हैं जिनके जवाब उनके पास नहीं हैं, लेकिन एक बात स्पष्ट है कि नशे की समस्या अब किसी एक परिवार या व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की चुनौती बन चुकी है।
सबके सहयोग की उम्मीद:
अमित ने कहा पापा मुझे हमेशा कुछ न कुछ सीख देते थे। आज वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी सीख और विचार मेरे साथ हैं। उनकी पुण्यतिथि पर मैं आप सबसे सहयोग की अपेक्षा करता हूं। यह कोई राजनीतिक अभियान नहीं है, न ही इसमें उपदेश या भाषण हैं। यह सिर्फ एक बेटे का दूसरे बेटे से किया गया अनुरोध है कि वह अपने जीवन को नशे से दूर रखे।”
नशे की गिरफ्त में युवा:
अमित जोगी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में युवाओं के बीच नशे की बढ़ती प्रवृत्ति चिंताजनक है। शराब, नशीले पदार्थों और अन्य प्रकार के व्यसनों के कारण कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो इसका असर आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ेगा। इसलिए समाज को मिलकर इसके खिलाफ जागरूकता का वातावरण तैयार करना होगा।
नशे को कहें हां:
उन्होंने अपने संदेश में युवाओं से सीधे संवाद करते हुए कहा कि नशे को ‘ना’ कहना ही सबसे बड़ी जीत है। जीवन में आगे बढ़ने, परिवार का सम्मान बढ़ाने और अपने सपनों को साकार करने के लिए नशे से दूरी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी युवा का भविष्य नशे की भेंट नहीं चढ़ना चाहिए।
बेटा बचाओ अभियान:
अमित जोगी ने बताया कि “बेटा बचाओ” अभियान के तहत प्रदेशभर में जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जाएगी और उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही अभिभावकों, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों को भी इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
यह राजनीतिक अभियान नहीं:
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक या सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक भावनात्मक पहल है, जिसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ के युवाओं को सुरक्षित और बेहतर भविष्य देना है। अजीत जोगी की पुण्यतिथि पर शुरू की जा रही इस मुहिम को उन्होंने अपने पिता को सच्ची श्रद्धांजलि बताते हुए कहा कि यदि एक भी युवा नशे से दूर रहने का संकल्प लेता है, तो यह प्रयास सफल माना जाएगा।
यह खबरें भी पढ़ें...
मैं जेल में होता या पागलखाने में, अमित जोगी बोले, यदि सुप्रीम कोर्ट में वो न हुआ होता जो हुआ
सरेंडर नहीं करेंगे Amit Jogi, सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के आदेश पर दिया स्टे
उम्रकैद पर स्टे के बाद बोले अमित जोगी, थैंक यू गॉड, पहले ही तैयार थी राहत की स्क्रिप्ट