बालोद सड़क हादसा: गणेश विसर्जन से लौट रहे 5 युवकों की मौत, 7 गंभीर रूप से घायल
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से हैं। घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। हादसा जगदलपुर नेशनल हाईवे पर मरकाटोला घाट के पास हुआ।
हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खराब होने के कारण खड़ी पिकअप को धान से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया और उसमें भरा धान सड़क पर बिखर गया।
गणेश विसर्जन से लौट रहे थे युवक
जानकारी के मुताबिक पिकअप में करीब 15 से 20 युवक सवार थे। वाहन में धुमाल बाजा और डीजे साउंड सिस्टम का सेटअप भी बंधा हुआ था। सभी युवक धमतरी में गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बालोद लौट रहे थे।
मरकाटोला घाट के पास अचानक पिकअप खराब हो गई। इसके बाद युवकों ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। बारिश से बचने के लिए कई युवक पिकअप के अंदर ही बैठे हुए थे।
इसी दौरान सामने से आ रहे धान से लदे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
ट्रक के नीचे दबे मिले युवक
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में कुछ युवक टक्कर लगने से दूर जा गिरे, जबकि कई लोग ट्रक के नीचे दब गए। इसी दौरान 5 युवकों की मौके पर मौत हो गई।
पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक पलटने से सड़क पर धान फैल गया।
डायल-112 की टीम ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और राहत दल ने घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल 7 लोगों को रायपुर रेफर किया गया है।
घटना पुरूर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
बारिश के कारण सड़क पर फिसलन की आशंका
शुरुआती जानकारी में लगातार हो रही बारिश को हादसे की एक संभावित वजह माना जा रहा है। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन होने की आशंका है। हालांकि, हादसा वास्तव में किस वजह से हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मरकाटोला घाट में यातायात प्रभावित
हादसे के बाद मरकाटोला घाट पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर पलटे ट्रक और बिखरे धान के कारण वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
गुरुर एसडीओपी माया शर्मा ने हादसे में 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है। घायलों का इलाज जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
ये खबरें भी पढ़ें…
राजनांदगांव में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, एमपी के 6 लोगों की मौत
राजसमंद में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, 4 लोगों की मौत, 11 घायल
सड़क दुर्घटना में मौत की संख्या कम करने की योजना, 17 करोड़ रुपए खर्च करने के बाद भी बढ़ गए आंकड़े
Road Accident : दमोह बोलेरो हादसे में गई 8 जानें, 2 घायल, सीएम ने की मुआवजे की घोषणा