बलौदाबाजार में सौतन की बेरहमी से हत्या, आरी से कई वार कर रेता गला

Harrison Masih | Jul 01, 2026, 16:28 IST
बलौदाबाजार में सौतन की हत्या 2026
बलौदाबाजार के नेवारीकला गांव में सौतन की हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। महिला ने दूसरी पत्नी पर लकड़ी के पायेदार टुकड़े से हमला किया, और फिर गन्ना काटने वाली आरी से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने पति की दूसरी पत्नी (सौतन) की कथित तौर पर इतनी बेरहमी से हत्या कर दी कि पूरा गांव दहल गया। आरोप है कि महिला ने पहले लकड़ी के पायेदार टुकड़े से हमला किया, फिर गन्ना काटने वाली आरी से गले पर कई वार किए और मौत होने तक हमला जारी रखा।



घटना जिले के नेवारीकला गांव की है, जहां सोमवार देर रात हुई इस वारदात का खुलासा मंगलवार सुबह हुआ। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।



रात में हुई वारदात, सुबह चला पता

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अमृत बाई साहू (36 वर्ष) पर आरोप है कि उसने अपने पति की दूसरी पत्नी सुरेखा बाई साहू (47 वर्ष) की हत्या कर दी। घटना सोमवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुई बताई जा रही है।



मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को सूचना मिली। जिस घर में हत्या हुई वहां बिजली नहीं थी, इसलिए पुलिस को शुरुआती जांच मोबाइल टॉर्च की रोशनी में करनी पड़ी।



पहले लकड़ी से हमला, फिर आरी से काटा गला

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने पहले घर में रखी लकड़ी के पायेदार टुकड़े से सौतन पर हमला किया। जब वह गंभीर रूप से घायल हो गई, तब गन्ना काटने वाली आरी से उसके गले पर कई वार किए गए।



पुलिस के अनुसार, हमले की प्रकृति से यह प्रतीत होता है कि आरोपी ने पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया।



पति का ज्यादा लगाव सौतन से होने से थी नाराज

पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति दूसरी पत्नी को अधिक महत्व देता था। घर के फैसलों से लेकर दैनिक कामकाज तक में सौतन की भूमिका ज्यादा थी। इसी बात को लेकर दोनों महिलाओं के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।



परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, घर में खाना बनाने, बच्चों की देखभाल और पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर भी अक्सर झगड़े होते थे।



छह महीने पहले बनाई थी हत्या की योजना

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला कथित तौर पर पिछले छह महीनों से हत्या की योजना बना रही थी। उसने पहले से गन्ना काटने वाली आरी और लकड़ी का पायेदार टुकड़ा अलग रख लिया था।



वारदात के बाद आरोपी घर से निकलकर खेत की ओर चली गई, जहां उसने खून से सनी साड़ी बदल दी। बाद में तड़के करीब 3 बजे वह दोबारा घर लौट आई।



सबूत जुटाकर पुलिस ने किया गिरफ्तार

सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किए गए सामान को जब्त किया गया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।



मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।



जिले में हत्या के मामलों पर चिंता

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बलौदाबाजार जिले में पिछले 15 वर्षों के दौरान 235 हत्या के मामले दर्ज हो चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि घरेलू विवाद, पारिवारिक तनाव, अवैध संबंधों को लेकर विवाद और मानसिक दबाव कई बार गंभीर अपराधों का कारण बन जाते हैं।



पुलिस कर रही विस्तृत जांच

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी महिला से पूछताछ जारी है और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में और तथ्य सामने आ सकते हैं।



ये खबरें भी पढ़ें...

मायके जाने की बात पर शैतान बना पति, पत्नी पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया



सरगुजा में पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या: सोते समय धारदार हथियार से किया वार, खून से लथपथ मिले शव



cg crime news: बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या, नाली के स्लैब को बनाया हथियार



Murder Case: महिला की हत्या कर शव लटकाया था फंदे पर, पति और जेठ ने क्यों रची खौफनाक साजिश?



Tags:
  • छत्तीसगढ़
  • Murder Case
  • महिला की हत्या
  • cg crime news
  • बलौदाबाजार